मंडी. हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के जोगिंदरनगर उपमंडल के लडभड़ोल में 18 नवंबर को कार हादसे में चार नाबालिगों सहित छह युवाओं की मौत हो गई. करीब 15 घंटे बाद लोगों को हादसे का पता चला और फिर खड्ड किनारे कार से शवों को निकाला गया. मौत को काफी समय होने और ठंड की वजह से सभी के शव अकड़ गए थे. घटना के बाद मौके पर कोहराम मच गया.
जानकारी के अनुसार, कार में सवार सभी लड़के दोस्त थे और एक दोस्त की बहन के बच्चे के नामकरण समारोह से लौट रहे थे. इस दौरान मंगलवार रात को कार लडभड़ोल पेट्रोल पंप के पास सड़क से नीचे 200 मीटर गहरी खाई में गिर गई. बताया जा रहा है कि राहगिरों ने सड़क के पास हादसे के निशान देखे तो हादसे की सूचना दी. घायल लोग पूरी रात घटनास्थल पर पड़े रहे और कड़ाके की ठंड के कारण उनकी जान नहीं बच सकी.
मृतकों की पहचान आयुष (21), अनुज (18), यश (14), पंकज कुमार (17), अर्णव ठाकुर (15) और आदित्य (17) के रूप में हुई है. सभी आसपास के सिमस, बलोटू और गवाल गांव के रहने वाले थे. डीएसपी पधर लोकेंद्र नेगी ने बताया कि पुलिस ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामला दर्ज कर लिया गया है. मामले की जांच की जा रही है.
तीन महीने पहले खरीदी थी कार
बताया जा रहा है कि सभी दोस्त मंगलवार शाम को आदित्य की बहन के घर दलेड़ा में बेटे के नामकरण समारोह में भाग लेने गए थे. घर लौटते वक्त सभी लडभड़ोल बाजार आए थे और फिर सिमस की तरफ चले गए. कार की रफ्तार तेज होने का अंदेशा है क्योंकि घटनास्थल के आसपास के पेड़ भी कार को खाई में गिरने से नहीं रोक पाए. इस बीच जब सभी बच्चे घर नहीं पहुंचे तो बाजार के सीसीटीवी कैमरे में कार नजर आई. इस दौरान एक बाइक सवार ने चफलू खड्ड में कार खाई में गिरी देखी और फिर पुलिस को सूचना दी गई. 14 साल के यश के पिता ने 3 महीने पहले ही नई मारुति की कार खरीदी थी. डीएसपी लोकेंद्र नेगी और तहसीलदार डा. मुकुल शर्मा मौके पर पहुंचे. मृतकों के स्वजन को प्रशासन ने 25-25 हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की है.
तीन बहनों का इकलौता भाई था यश
हादसे में यश, अनुज, आयुष, पंकज, आदित्य और अर्णव की जान गई है. यश तीन बहनों का इकलौता भाई था और अनुज की दो बहनें हैं. यश नौवीं में पढ़ता था और काफी होशियार था. अर्नव और पंकज 11वीं क्लास में थे. आयुष पिता की सब्जी की दुकान चलाते हैं और सिमसा मंदिर कमेटी के प्रधान रहे हैं. आदित्य ने प्लस टू पास की है और सेना में भर्ती की तैयारी कर रहा था. ये सभी दोस्त आदित्य की बहन के घर गए थे.
यश के स्कूल ने जारी किया शोक संदेश
14 साल का यश लडभड़ोल के हिम फ्लावर पब्लिक स्कूल में 9वीं का छात्र था. स्कूल की तरफ से शोक संदेश में बताया गया कि यश स्कूल के सबसे काबिल बच्चों में से एक था. वह स्कूल में होने वाली हर एक्टिविटी में शामिल रहता था. यश काफी हेल्पफुल नेचर का बच्चा था और हमेशा मुस्कुराहट के साथ बात करता था. स्कूल प्रबंधन ने छात्र की मौत पर दुख जताया और कहा कि यश की कमी हमेशा खलती रहेगी.
मुख्यमंत्री ने मृत्यु पर शोक व्यक्त किया
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने छह लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया है. मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में प्रदेश सरकार शोक संतप्त परिजनों के साथ खड़ी है। उन्होंने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए. उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोक संतप्त परिवारों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की. विधानसभा सत्र के दौरान जोगिंद्र नगर के विधायक प्रकाश राणा ने घटना की जानकारी साझा की और फिर वह सेशन छोड़कर सीधे लडभड़ोल के लिए निकल गए.