तमिलनाडु के करूर में 1 ही परिवार के 5 लोगों के शव कुएं में मिले, मचा हड़कंप
Last Updated:
तमिलनाडु के करूर जिले के चिन्नकालीपालयम गांव में एक ही परिवार के पांच लोगों के शव बगीचे के कुएं में मिलने से सनसनी फैल गई. मृतकों में 63 वर्षीय रामासामी, उनकी पत्नी जानकी, बेटी सुकुना और सुकुना के दो बच्चे शामिल हैं. बताया जा रहा है कि सुकुना का पति के साथ पारिवारिक विवाद चल रहा था, जिसके चलते वह बच्चों के साथ मायके में रह रही थी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को बाहर निकलवाया और जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद को संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि मौत के कारणों की अभी पुष्टि नहीं हुई है.
करूर में दर्दनाक घटना, एक ही परिवार के पांच लोगों के शव कुएं में मिले, इलाके में मचा हड़कंप (सांकेतिक तस्वीर)
तमिलनाडु के करूर जिले के पास चिन्नकालीपालयम गांव में एक ही परिवार के पांच सदस्यों के शव बगीचे के कुएं में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतकों में दंपती, उनकी बेटी और दो मासूम बच्चे शामिल हैं. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई. पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जानकारी में पारिवारिक विवाद को घटना की संभावित वजह बताया जा रहा है.
जानकारी के मुताबिक, करूर जिले के वेंगामेडु स्थित कोंगुनगर निवासी रामासामी (63), उनकी पत्नी जानकी (60), बेटी सुकुना (35) और उनके दो बच्चे शिवानी (10) व अधिरन (4) के शव कुएं में मिले हैं. पांचों एक ही परिवार के सदस्य थे.
बताया जा रहा है कि रामासामी की बेटी सुकुना की शादी करीब 13 साल पहले वेलायुधमपालयम निवासी प्रभु से हुई थी. दंपती के दो बच्चे शिवानी और अधिरन थे। पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा था. इसी विवाद के चलते सुकुना अपने दोनों बच्चों के साथ मायके में रह रही थी.
इस बीच चिन्नकालीपालयम गांव में गुरुवार शाम स्थानीय लोगों ने बगीचे के कुएं में पांच लोगों के शव देखे. एक ही परिवार के पांच सदस्यों के शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया. ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी.
सूचना मिलते ही वंगल पुलिस थाने की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस ने शवों को कुएं से बाहर निकलवाने की कार्रवाई की और घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि पांचों की मौत किन परिस्थितियों में हुई. शुरुआती तौर पर पारिवारिक विवाद को संभावित कारण माना जा रहा है, लेकिन अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि घटना के पीछे वास्तविक वजह क्या थी. पुलिस अन्य संभावित पहलुओं को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही घटना की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी. इसके लिए टीम का गठन किया गया है.