Last Updated:
Cervical Cancer Prevention: महिलाओं में तेजी से सर्वाइकल कैंसर की बीमारी फैलने लगी है. भारत में हर साल 1.2 लाख महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर होता है और इससे 80 हजार महिलाएं मर जाती है. चूंकि सर्वाइकल कैंसर से पूरी तरह बचा जा सकता है, इसलिए यह जानना जरूरी है कि एचपीवी वैक्सीन 14 साल की उम्र तक ही क्यों लगती है और इससे बचने के और क्या-क्या उपाय है. इन सारे सवालों का जवाब जानने के लिए हमने नारायणा हेल्थ के गाइनेकोलॉजी ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. शालू कुमारी से बात की.
सर्वाइकल कैंसर से कैसे बचें. Photo: AI
Cervical Cancer Prevention: सर्वाइकल कैंसर बच्चेदानी में होने वाली बीमारी है. यह लंबे समय तक पेपिलोमावायरस (HPV)के इंफेक्शन के कारण होता है. कुछ साल से लेकर कई सालों तक यह वायरस बच्चेदानी में मौजूद रहते हैं लेकिन किसी तरह का कोई संकेत नहीं देता. मतलब आपको बिल्कुल पता नहीं चलेगा कि वायरस आपके शरीर में मौजूद है. लेकिन धीरे-धीरे एचपीवी वायरस एक सूक्ष्म कोशिका को एब्नॉर्मल कर देता है और फिर बाद में नासूर बन जाता है. भारत में हर साल करीब सवा लाख महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर हो जाता है. इनमें से 80 हजार की मौत हो जाती है. इससे बचने का सबसे प्रभावी तरीका एचपीवी वैक्सीन है. सरकार 9 से 14 साल की बच्चियों को मुफ्त में यह वैक्सीन लगाती है. ऐसे में सवाल है कि क्या 14 साल की उम्र के बाद इस वैक्सीन को लगाने का कोई फायदा नहीं. आखिर इससे कैसे बचा जाए. नारायणा हेल्थ केयर नई दिल्ली में गाइनेकोलॉजी ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. शालू कुमारी ने इस बारे में विस्तार से बहुमूल्य जानकारी दी है.
क्या 15 साल के बाद नहीं लगती एचपीवी वैक्सीन
डॉ. शालू कुमारी ने बताया कि ऐसा बिल्कुल नहीं है. 14 साल की उम्र के बाद भी महिलाओं में वैक्सीन दी जा सकती है. 26 साल की उम्र तक महिलाओं में इस वैक्सीन को आसानी से दी जा सकती है. जहां तक सवाल है कि सिर्फ 14 साल की उम्र तक की बच्चियों को ही यह वैक्सीन क्यों दी जा रही है. इसका कारण यह है कि 14 साल की उम्र तक वैक्सीन का असर सबसे ज्यादा होता है. इसमें एक ही डोज की जरूरत होती है. अगर इस उम्र में बच्चियों को दो खुराक वैक्सीन लग गई है तो इस बात की लगभग 99 फीसदी संभावना है कि उसे जीवन में कभी भी सर्वाइकल कैंसर नहीं होगा. इसके बाद ज्यादा खुराक की जरूरत होती है. इसलिए यह लोगों को खुद लगवाने की सलाह दी गई है. जो महिलाएं 26 साल तक की उम्र की है वे इसी वैक्सीन को डॉक्टरों की सलाह से कभी भी लगा सकती है. डॉक्टर यह तय करेंगे कि आपको कितनी खुराक की जरूरत है. 26 साल की उम्र के बाद भी वैक्सीन लगवाई जा सकती है. जो महिला 45 साल की उम्र तक है, वे अन्य वैक्सीन को डॉक्टरों की सलाह से लगवा सकती हैं.
सर्वाइकल कैंसर से बचने के तरीके
- वैक्सीन-डॉ. शालू कुमारी बताती हैं कि सर्वाइकल कैंसर से बचने का सबसे असरदार तरीका वैक्सीन है. वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर के लिए जिम्मेदार जड़ को ही खत्म कर देती है. अगर वैक्सीन की सही खुराक लग गई है तो सर्वाइकल कैंसर होने का रिस्क लगभग न के बराबर होता है. इसलिए हर हाल में वैक्सीन लगवानी चाहिए. 26 साल तक की उम्र तक की महिलाओं को यही वैक्सीन लगती है. इसके बाद डॉक्टरों की सलाह से 45 साल की उम्र तक वैक्सीन ले सकती हैं.
- कंडोम-सर्वाइकल कैंसर की बीमारी आमतौर पर शारीरिक संबंध बनाने के बाद होती है. हालांकि यह गारंटी नहीं है. पर सर्वाइकल कैंसर से बचने के लिए यौन संबंध बनाने के दौरान कंडोम का अवश्य इस्तेमाल करें. इससे 100 प्रतिशत सर्वाइकल कैंसर न होने की गारंटी नहीं है लेकिन इससे सर्वाइकल कैंसर के होने का रिस्क बहुत कम हो जाता है.
- अर्ली प्रेग्नेंसी-डॉ. शालू कुमारी कहती हैं कि कुछ रिसर्च में पाया गया है कि कम उम्र में प्रेग्नेंट होने से सर्वाइकल कैंसर का रिस्क बढ़ जाता है. हालांकि यह जरूरी नहीं है लेकिन कम उम्र में प्रेग्नेंट होने से बचना चाहिए. जब तक शरीर परिपक्व न हो जाए बच्चे की प्लानिंग नहीं करनी चाहिए.
- साफ-सफाई का ख्याल रखें-डॉ. शालू कुमारी कहती हैं कि इंफेक्शन से बचने के लिए हमेशा साफ-सफाई का ख्याल रखें. एचपीवी वायरस बच्चेदानी के म्यूकोसा में पनपने के लिए अनुकूल वातावरण खोजता है. जब प्राइवेट पार्ट में गंदगी या साफ-सफाई नहीं रहेगी तो वहां नमी ज्यादा होगी. यह एचपीवी के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करेगा. इसलिए अतरंग स्वच्छता और सैनिटेशन बहुत जरूरी है. हमेशा नियमित रूप से प्राइवेट एरिया को स्वच्छ और ड्राई रखें.
- 3 साल में एक बार टेस्ट जरूरी-डॉ. शालू कुमारी कहती हैं कि सर्वाइकल कैंसर से बचने के लिए वैक्सीन के बाद सबसे बड़ी चीज है स्क्रीनिंग. स्क्रीनिंग का मतलब है कि कैंसर होने से पहले पता चल जाता है कि आगे कैंसर होगा या नहीं. इसके लिए सबसे आसान टेस्ट है पैप स्मीयर टेस्ट. पेप स्मीयर टेस्ट में अगर कैंसर होने वाला होता है तो वायरस वहां की कोशिकाओं को असमान्य कर देता है. इस बात का पता पैप स्मीयर में चल जाता है. अगर टेस्ट में प्री-कैंसर सेल्स दिखता है तो गाइनी ऑन्कोलॉजिस्ट तुरंत इसे हटा देता है. इसके साथ ही मास लेवल पर वीआईए मास स्क्रीनिंग की जाती है. वहीं इसके लिए सेल्फ एचपीवी टेस्ट भी किया जाता है. इसमें खुद से सैंपल लेकर लैब में भेज दिया जाता है. हाालंकि भारत में अभी यह कम पॉपुलर है, इसलिए इसके लैब बहुत कम है. आजकल कोल्पोस्कोपी जैसी उन्नत जांचों की सलाह भी दी जाती है. इसके अलावा, वीआईए यानी विजुअल इंस्पेक्शन विड एसिटिक एसिड एक त्वरित और प्रभावी स्क्रीनिंग तरीका है जिसमें एसिटिक एसिड लगाकर गर्भाशय ग्रीवा की सतह पर होने वाले बदलावों को नग्न आंखों से देखा जा सकता है.
बचने की पूरी संभावना
डॉ. शालू कुमारी ने बताया कि अगर थोड़ी सी भी सतर्कता बरती जाए तो सर्वाइकल कैंसर से पूरी तरह बचा जा सकता है. अगर आप 3 से 5 साल के अंदर स्क्रीनिंग कराते रहेंगी तो प्री कैंसर स्टेज में उसी समय गाइनी ऑन्कोलॉजिस्ट इससे मुक्त कर देगी. क्योंकि इसे कैंसर में बदलने में सालों लगते हैं, इसलिए बहुत समय रहता है स्क्रीनिंग में. इसलिए हर तीन साल में 25 से 65 साल की महिलाओं को एक बार कम से कम गाइनेकोलॉजिस्ट से जरूर दिखाना चाहिए. अगर कुछ हुआ तो आधे घंटे के अंदर खराब कोशिकाओं को डॉक्टर निकाल देते हैं. कुछ ही केस में आधे दिन की जरूरत होती है. इसलिए सभी महिलाओं को अपने शरीर पर जरूर ध्यान देना चाहिए.
सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp. आपका नाम गोपनीय रखकर हम देंगे जानकारी.