Last Updated:
Munger News: मुंगेर के हवेली खड़गपुर में देर रात अपराधियों ने जदयू नेता के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग की. घटना रतैठा गांव की है. गोलीबारी के बाद इलाके में दहशत फैल गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से गोली का खोखा बरामद किया है.
मुंगेर में जेडीयू नेता के घर फायरिंग.
मुंगेरः बिहार के मुंगेर में अपराधियों ने एक बार फिर गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया. देर रात अपराधियों ने जदयू नेता के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग की. इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. हालांकि, गोलीबारी में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है. जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. घटना हवेली खड़गपुर थाना क्षेत्र के रतैठा गांव की है.
जदयू नेता के घर को बनाया निशाना
अपराधियों ने जदयू के प्रखंड उपाध्यक्ष राजीव रंजन उर्फ बबलू झा के घर को निशाना बनाया. देर रात अपराधी वहां पहुंचे और घर पर कई राउंड फायरिंग की. गोली चलाने के बाद सभी मौके से फरार हो गए. गोलीबारी की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी सहम गए. घटना के बाद राजीव रंजन ने मोबाइल फोन के जरिए हवेली खड़गपुर पुलिस को इसकी सूचना दी. जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष पंकज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया. इस दौरान वहां से गोली का खोखा बरामद किया गया.
पुलिस कर रही मामले की जांच
हवेली खड़गपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अभय कुमार ने भी गोलीबारी की घटना की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. अपराधियों की पहचान करने और गोलीबारी के पीछे की वजह का पता लगाने की कोशिश की जा रही है. फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि अपराधियों ने जदयू नेता के घर पर फायरिंग क्यों की. पुलिस आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटा रही है.