गुरनूर बरार का डेब्यू, बुमराह की वापसी, पहले टेस्ट के लिए भारत की संभावित 11
Last Updated:
India Likely Playing XI vs New Zealand Test: भारत और न्यूजीलैंड के बीच गुरुवार से वेलिंगटन में शुरू होने वाले पहले टेस्ट मैच के लिए कप्तान शुभमन गिल ने टीम संयोजन का खुलासा कर दिया है. भारतीय टीम इस मुकाबले में सात बल्लेबाजों और चार विशेषज्ञ तेज गेंदबाजों के साथ मैदान पर उतरेगी. जसप्रीत बुमराह गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई करेंगे, जबकि युवा गुरनूर बराड़ और आकाश दीप को प्लेइंग इलेवन में जगह मिलने की पूरी संभावना है. कीवी टीम भी चार तेज गेंदबाजों के साथ उतरेगी.
न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट के लिए भारत की संभावित एकादश.
नई दिल्ली. भारत और न्यूजीलैंड के बीच दो मैचों की बहुप्रतीक्षित टेस्ट सीरीज का आगाज गुरुवार 19 नवंबर से वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व मैदान पर होने जा रहा है. मार्च 2020 के बाद न्यूजीलैंड की धरती पर अपना पहला टेस्ट मैच खेलने जा रही भारतीय टीम इस महामुकाबले के लिए खास रणनीति के साथ उतरने को तैयार है. भारतीय टेस्ट कप्तान शुभमन गिल पहले टेस्ट के लिए टीम के संयोजन पर बड़ा खुलासा कर चुके हैं . गिल ने स्पष्ट कर दिया है कि भारतीय टीम सीरीज के शुरुआती मुकाबले में सात बल्लेबाजों और चार विशेषज्ञ तेज गेंदबाजों के संतुलित आक्रमण के मैदान पर उतरेगी. हालांकि कप्तान ने फिलहाल उन चारों तेज गेंदबाजों के नामों से पर्दा नहीं उठाया है जो अंतिम एकादश का हिस्सा बनेंगे.
न्यूजीलैंड दौरे पर इन दो करो या मरो वाले मुकाबलों के लिए भारतीय चयनकर्ताओं ने 16 सदस्यीय टीम में कुल छह विशेषज्ञ तेज गेंदबाजों को शामिल किया है. इन छह गेंदबाजों में से स्टार पेसर जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) का खेलना पूरी तरह से तय माना जा रहा है जबकि बाकी तीन स्थानों के लिए कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है. टीम में मोहम्मद सिराज दूसरे सबसे अनुभवी तेज गेंदबाज हैं. उनके अलावा प्रसिद्ध कृष्णा और आकाश दीप के साथ युवा तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज और गुरनूर बराड़ भी अंतिम ग्यारह में जगह बनाने की दौड़ में शामिल हैं.
युवा तेज गेंदबाजों का शानदार प्रदर्शन और प्लेइंग इलेवन में जगह की दावेदारी
युवा तेज गेंदबाजों की बात करें तो अंशुल कंबोज ने भारत के लिए अब तक केवल एक टेस्ट मैच खेला है जबकि गुरनूर बराड़ को अभी अपने टेस्ट डेब्यू का इंतजार है. हालांकि इन दोनों ही खिलाड़ियों ने रविवार को समाप्त हुई पांच मैचों की वनडे सीरीज में हिस्सा लिया था और अपनी शानदार गेंदबाजी से सभी को प्रभावित किया था. मौजूदा फॉर्म को देखते हुए इस बात की प्रबल संभावना है कि इन दोनों युवा गेंदबाजों में से कम से कम एक खिलाड़ी पहले टेस्ट की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा जरूर बनेगा. यहां तक कि अगर दोनों गेंदबाजों को एक साथ अंतिम ग्यारह में मौका मिल जाए तो इसमें भी किसी को कोई हैरानी नहीं होनी चाहिए.
जसप्रीत बुमराह करेंगे गेंदबाजी की अगुआई, गुरनूर बराड़ और आकाश दीप पर नजरें
नवंबर 2025 में गुवाहाटी में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपना पिछला टेस्ट मैच खेलने वाले जसप्रीत बुमराह एक बार फिर भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई करेंगे. पूरी संभावना है कि तेज गेंदबाजी इकाई में उनका साथ देने के लिए मोहम्मद सिराज और आकाश दीप के साथ युवा गुरनूर बरार को शामिल किया जाएगा. भारत के पास तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर के रूप में नीतीश कुमार रेड्डी का विकल्प भी मौजूद है. लेकिन आकाश दीप निचले क्रम में बल्लेबाजी करने की क्षमता रखते हैं और वह आंध्र के इस खिलाड़ी की तुलना में कहीं बेहतर तेज गेंदबाज हैं. इसी वजह से आकाश दीप को तरजीह मिलना लगभग तय माना जा रहा है. प्रसिद्ध कृष्णा और अंशुल कंबोज भी बेहतरीन विकल्प हैं लेकिन हालिया प्रदर्शन के आधार पर गुरनूर बरार डेब्यू करने के सबसे बड़े दावेदार हैं. पंजाब के इस युवा तेज गेंदबाज ने दोनों टीमों के बीच खेली गई पांच मैचों की वनडे सीरीज में भारत के लिए सर्वाधिक विकेट चटकाए थे और रविवार को प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब भी अपने नाम किया था.
बल्लेबाजी क्रम में देवदत्त पडिक्कल और साई सुदर्शन
बल्लेबाजी विभाग में भी चयन को लेकर दिलचस्प समीकरण बन रहे हैं. तीसरे नंबर के बल्लेबाज के रूप में देवदत्त पडिक्कल का बी साई सुदर्शन को पछाड़कर प्लेइंग इलेवन में जगह बनाना लगभग निश्चित है. हालांकि साई सुदर्शन ने श्रीलंका के खिलाफ पिछली टेस्ट सीरीज में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए दो शतक जड़े थे. इसके बाद उन्होंने लिंकन में न्यूजीलैंड ए के खिलाफ पहले अनौपचारिक टेस्ट की दूसरी पारी में भी 199 रनों की शानदार पारी खेली थी. इसके बावजूद टीम प्रबंधन पडिक्कल पर भरोसा जता सकता है.
विकेटकीपर और ऑलराउंडर की भूमिकाओं को लेकर प्लेइंग इलेवन में घमासान
विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में ऋषभ पंत न्यूजीलैंड में भारतीय टेस्ट टीम के साथ जुड़ चुके हैं और वह पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए नजर आएंगे. पूर्व विश्व नंबर एक टेस्ट ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा का खेलना भी पूरी तरह से पक्का है. हालांकि सातवें नंबर की भूमिका के लिए ध्रुव जुरेल और वाशिंगटन सुंदर के बीच सीधी टक्कर देखने को मिल रही है. जुरेल ने तीन अनौपचारिक टेस्ट मैचों में भारत ए की कप्तानी करते हुए आखिरी दो मुकाबलों में एक शतक और एक अर्धशतक जड़कर प्लेइंग इलेवन के लिए अपनी मजबूत दावेदारी पेश की है. दूसरी तरफ वाशिंगटन सुंदर की गेंदबाजी करने की क्षमता उन्हें थोड़ा आगे रखती है. यह देखना दिलचस्प होगा कि भारतीय टीम प्रबंधन इन दोनों में से किसे चुनता है या फिर दोनों को बाहर रखकर सातवें नंबर पर नीतीश कुमार रेड्डी को मौका देता है.