Last Updated:
मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के पाठाखेड़ा गांव में 18 नवंबर को शराब छुड़ाने का दावा कर पिलाई गई संदिग्ध जड़ी-बूटी से 2 लोगों की मौत हो गई और 5 लोग गंभीर रूप से बीमार हो गए. पुलिस ने 3 आरोपियों को हिरासत में लिया है और घटना स्थल का जायजा लिया है.
पीड़ितों को अस्पताल में भर्ती कराया गया.
Betul News: बैतूल जिले में एक गंभीर घटना सामने आई है. जिले के चिचोली विकासखंड अंतर्गत पाठाखेड़ा गांव में शराब की लत छुड़ाने का दावा करने वाले कुछ ग्रामीणों द्वारा दी गई जड़ी-बूटी जानलेवा साबित हुई. बुधवार को इस कथित जड़ी-बूटी के सेवन से 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य लोग गंभीर रूप से बीमार हो गए.
लाल रंग का तरल पदार्थ पिलाने से बिगड़ी तबीयत
बैतूल के एएसपी कमलेश कुमार खरपूसे ने बताया कि पाठाखेड़ा गांव में शराब की लत छुड़ाने का दावा करने के सिलसिले में कुछ लोग पहुंचे थे. बुधवार को लोगों को एक गिलास में लाल रंग का तरल पदार्थ भरकर पिलाया गया था. इसके सेवन के तुरंत बाद कई लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी.
2 की मौत, 5 का अस्पताल में इलाज जारी
तरल पदार्थ पीने के बाद 2 लोगों ने दम तोड़ दिया. मृतकों की पहचान आठनेर तहसील के देहगुड़ निवासी रामकिशोर झाड़े (35) और चिचोली के इमलीढाना निवासी संजय उइके (22) के रूप में हुई है. घटना में बीमार हुए 5 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिचोली से बैतूल जिला अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका इलाज जारी है.
3 आरोपी हिरासत में, केस दर्ज
मामले में मृतक रामकिशोर झाड़े के भाई शिवकिशोर झाड़े ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों रमेश उइके, ओझा परते और शरद कावड़े को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर, स्वास्थ्य टीमें अलर्ट
घटना की सूचना मिलते ही डीआईजी बीरेंद्र कुमार सिंह और एसपी अमित सक्सेना ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने घटना में प्रयुक्त संदिग्ध तरल पदार्थ को जब्त कर लिया है और इसकी रासायनिक जांच कराई जा रही है. एहतियात के तौर पर आसपास के गांवों में स्वास्थ्य टीमों को अलर्ट कर दिया गया है और घर-घर जाकर सर्वे शुरू किया गया है.