Last Updated:
Gorakhpur Latest News: गोरखपुर में अखिलेश यादव की PDA रथयात्रा के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में BJP नेता ओंकार सिंह के 13 वर्षीय बेटे आर्यवर्धन सिंह की मौत हो गई. JCB से हुए हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया. गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क पर जाम लगाकर कार्रवाई की मांग की.
गुस्साए परिजनों ने सड़क पर लगाया जाम.
गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की PDA रथयात्रा के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया. झारखंडी इलाके में JCB से हुए हादसे में BJP नेता ओंकार सिंह के बेटे आर्यवर्धन सिंह की मौत हो गई. बच्चे की उम्र 13 साल बताई जा रही है. हादसे के बाद उसे इलाज के लिए AIIMS गोरखपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया.
जानकारी के मुताबिक, अखिलेश यादव की PDA रथयात्रा और जनसभा के कार्यक्रम के दौरान झारखंडी इलाके में यह हादसा हुआ. इसी दौरान BJP नेता ओंकार सिंह का बेटा आर्यवर्धन सिंह हादसे का शिकार हो गया. उसे गंभीर हालत में AIIMS गोरखपुर ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके. बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार के लोगों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया. परिजनों का आरोप है कि रथयात्रा के दौरान खड़ी JCB की वजह से यह हादसा हुआ. घटना को लेकर परिवार ने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.
गुस्साए परिजनों ने सड़क पर लगाया जाम
बच्चे की मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया. उन्होंने सड़क जाम कर आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज करने और न्याय दिलाने की मांग की. प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत की और उन्हें कार्रवाई का भरोसा दिलाया. इस दौरान इलाके में काफी देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही.
डीएम ने क्या बताया?
गोरखपुर के जिलाधिकारी दीपक मीणा ने बताया कि करीब 3:30 बजे आर्यवर्धन सिंह नाम के बच्चे के साथ JCB से जुड़ा हादसा हुआ था. उन्होंने बताया कि परिवार और स्थानीय लोगों का आरोप है कि रथयात्रा के कार्यक्रम के दौरान खड़ी JCB की वजह से बच्चे की मौत हुई है. डीएम के मुताबिक, परिजनों ने तत्काल FIR दर्ज करने की मांग की है और इस संबंध में लिखित शिकायत भी दी जा रही है. प्रशासन की ओर से संबंधित धाराओं में FIR दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। हादसे में शामिल JCB को जब्त कर लिया गया है.
प्रशासन ने JCB जब्त की, जांच शुरू
प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हादसे में शामिल JCB को जब्त कर लिया है. पुलिस और प्रशासन की टीम मामले की जांच कर रही है. परिजनों की शिकायत के आधार पर FIR दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस दर्दनाक घटना से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.
डीएम क्या बोले
जिलाधिकारी ने बताया कि परिवार की ओर से लिखित शिकायत मिलने के बाद FIR दर्ज की जाएगी. वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लिया है. उन्होंने मुख्यमंत्री राहत कोष से पीड़ित परिवार को तत्काल 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है.