20 करोड़ लोगों को नौकरी दे सकता है ट्रांसपोर्ट सेक्‍टर, गडकरी बोले-बस सभी राज्‍य मान लें हमारी बात

20 करोड़ लोगों को नौकरी दे सकता है ट्रांसपोर्ट सेक्‍टर, गडकरी बोले-बस सभी राज्‍य मान लें हमारी बात


केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार को कहा क‍ि देश के ट्रांसपोर्ट, डिलीवरी और राइड-हेलिंग यानी कैब-ऑटो बुकिंग सेक्टर में नौकरियों की अपार संभावनाएं छिपी हैं. आने वाले समय में यह अकेला सेक्टर करीब 15 से 20 करोड़ लोगों को रोजगार दे सकता है. दिल्ली में आयोजित RIDE: Moving India Forward कार्यक्रम में गडकरी ने देश के सभी राज्यों से इस क्षेत्र को बढ़ावा देने वाली पॉलिसी अपनाने की विशेष अपील की है.

गडकरी ने बताया कि साल 2025 में सरकार नई गाइडलाइन और नीतियां लेकर आई. इसके बाद से इस सेक्टर में जबरदस्त सकारात्मक बदलाव आया है. इन नई नीतियों के लागू होने के बाद से ही ट्रांसपोर्ट और डिलीवरी के क्षेत्र में करीब 4 करोड़ नए रोजगार के अवसर पैदा हुए हैं. उन्होंने जोर देकर कहा कि केंद्र सरकार का पूरा फोकस इस सेक्टर को और ज्यादा मजबूत करने और इसमें नई नौकरियों के अधिक से अधिक अवसर पैदा करने पर है.

ओला-उबर-रैपिडो के ड्राइवरों को मिलेगा 80% किराया और 10 लाख का बीमा

गडकरी ने ऐप-आधारित टैक्सी ओला, उबर, रैपिडो ड्राइवरों के लिए बड़ी घोषणा की है. उन्होंने सभी राज्यों से मोटर वाहन एग्रीगेटर गाइडलाइंस, 2025 लागू करने की अपील की है. नई गाइडलाइंस के तहत, अपनी गाड़ी इस्तेमाल करने वाले ड्राइवर को अब वसूले गए कुल किराए का कम से कम 80% हिस्सा मिलेगा. कंपनियां अधिकतम 20% ही कमीशन लेंगी. साथ ही, ड्राइवरों की सुरक्षा के लिए 5 लाख का हेल्थ इंश्योरेंस और कम से कम 10 लाख का जीवन बीमा अनिवार्य किया गया है. इसके अलावा, ड्राइवर अब एक साथ कई ऐप्स पर काम कर सकेंगे, नए ड्राइवरों के लिए 40 घंटे की ट्रेनिंग अनिवार्य होगी और शिकायतों के निपटारे के लिए 24 घंटे एक अधिकारी उपलब्ध रहेगा.

क‍िसी को कंट्रोल करना मकसद नहीं

केंद्रीय मंत्री ने साफ किया कि सरकार का मकसद किसी भी व्यवसाय या प्लेटफॉर्म को कंट्रोल करना नहीं है, बल्कि पूरे सिस्टम को व्यवस्थित और ऑर्गेनाइज्ड बनाना है. आज राइड-हेलिंग कंपनियों के जरिए आम जनता को कैब, ऑटो और दोपहिया टैक्सी जैसी सुविधाएं आसानी से मिल रही हैं. इन प्लेटफॉर्म और डिलीवरी सेवाओं की वजह से लाखों ड्राइवरों और युवाओं को अपनी सुविधा और समय के हिसाब से काम करने का एक बेहतरीन मौका मिल रहा है.

हर साल 5 लाख सड़क हादसे आज भी

रोजगार के साथ-साथ गडकरी ने देश में सड़क हादसों के आंकड़ों पर भी गहरी चिंता जताई. उन्होंने बताया कि भारत में हर साल करीब 5 लाख सड़क दुर्घटनाएं होती हैं, जो एक बहुत गंभीर समस्या है. इन दर्दनाक हादसों में हर साल लगभग 50 हजार लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ती है. मंत्रालय इन हादसों को रोकने और मृत्यु दर को कम करने के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर से लेकर नियमों तक कई अहम स्तरों पर लगातार काम कर रहा है.

राहवीर योजना बचा रही लोगों की जान

सड़क हादसों के दौरान घायलों की मदद करने वाले लोगों को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार ‘राहवीर योजना’ चला रही है. इस योजना के तहत सड़क दुर्घटना के समय घायल व्यक्ति की मदद करने वालों को सम्मानित किया जाता है. दिल्ली में आयोजित इस कार्यक्रम के मंच पर भी सड़क हादसों में लोगों की जान बचाने वाले दो आम नागरिकों, गौतम और महेश को उनके नेक काम के लिए ‘राहवीर सम्मान’ से नवाजा गया.

घायलों को 7 द‍िन मुफ्त इलाज

सड़क दुर्घटना के पीड़ितों की मदद के लिए गडकरी ने एक और अहम जानकारी साझा की. उन्होंने बताया कि हादसे में घायल होने वाले किसी भी व्यक्ति को अब शुरुआती 7 दिनों तक इलाज की खास सुविधा दी जाएगी. घायलों की जान बचाने के लिए सरकार शुरुआती इलाज पर अधिकतम 1.5 लाख रुपये तक की आर्थिक मदद मुहैया कराएगी, ताकि पैसों की कमी के चलते किसी भी घायल के इलाज में देरी न हो.



Source link