Last Updated:
UP Infrastructure: उत्तर प्रदेश में सड़क नेटवर्क को मजबूत करने के लिए बड़े स्तर पर काम किया जा रहा है. प्रदेश में 7 एक्सप्रेसवे चालू हैं, जबकि 4 नए एक्सप्रेसवे और लिंक मार्गों पर काम आगे बढ़ रहा है. गोरखपुर-शामली जैसे प्रस्तावित कॉरिडोर से भी पूर्वी और पश्चिमी यूपी के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है.
यूपी में एक्सप्रेसवे का बिछ रहा जाल.
लखनऊ: यूपी में सड़क और एक्सप्रेसवे का नेटवर्क लगातार मजबूत हो रहा है. एक समय था प्रदेश के एक हिस्से से दूसरे हिस्से तक पहुंचना सबसे कठिन था. मगर आज का समय है कि प्रदेश के एक हिस्से से दूसरे हिस्से तक पहुंचना बेहद आसान हो गया है. यूपी में सड़क कनेक्टिविटि और बेहतर बनाने के लिए नए एक्सप्रेसवे बनाए जा रहे हैं, वहीं पुराने मार्गों को भी बेहतर कनेक्टिविटी से जोड़ा जा रहा है. इंफ्रा मजबूत होने से आने वाले समय में सफर तो आसान होगा ही, साथ-साथ व्यापार, उद्योग, कृषि और रोजगार के अवसर भी बेहतरीन होंगे.
मौजूदा समय में प्रदेश में सात बड़े एक्सप्रेसवे चालू हैं, वहीं चार अन्य एक्सप्रेसवे परियोजनाओं पर काम चल रहा है. इसके अलावा गोरखपुर से पश्चिमी उत्तर प्रदेश को जोड़ने वाले गोरखपुर-शामली एक्सप्रेसवे की तैयारी भी चल रही है. इस परियोजना के लिए कई जिलों में जमीन लेने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है.
इन 7 एक्सप्रेसवे से जुड़ रहा उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश में कई एक्सप्रेसवे पहले से चालू हैं. ये प्रदेश के अलग-अलग शहरों और जिलों को आपस में जोड़ रहे हैं. इनमें प्रमुख एक्सप्रेसवे हैं…
- यमुना एक्सप्रेसवे: आगरा से नोएडा तक करीब 165.5 किलोमीटर का रास्ता.
- आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे: करीब 302 किलोमीटर लंबा एक्सप्रेसवे, जो पश्चिमी और मध्य यूपी को राजधानी से जोड़ता है.
- पूर्वांचल एक्सप्रेसवे: लखनऊ से गाजीपुर तक करीब 341 किलोमीटर की कनेक्टिविटी.
- बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे: चित्रकूट से इटावा तक करीब 296 किलोमीटर का रास्ता.
- गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे: करीब 91 किलोमीटर लंबा मार्ग, जो गोरखपुर को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जोड़ता है.
- गंगा एक्सप्रेसवे: मेरठ से प्रयागराज तक करीब 594 किलोमीटर लंबा एक्सप्रेसवे.
- दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे: दिल्ली और मेरठ के बीच करीब 82 किलोमीटर का तेज रफ्तार मार्ग.
- इन मार्गों के जरिए प्रदेश के पश्चिमी, मध्य, बुंदेलखंड और पूर्वांचल क्षेत्रों के बीच सड़क संपर्क बेहतर हुआ है.
चार नए एक्सप्रेसवे पर आगे बढ़ रहा काम
सरकार की योजना मौजूदा एक्सप्रेसवे नेटवर्क को और व्यापक बनाने की है. इसके लिए चार नए लिंक और एक्सप्रेसवे कॉरिडोर पर काम किया जा रहा है. इनमें चित्रकूट लिंक एक्सप्रेसवे, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाला लिंक मार्ग, फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे और गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे शामिल हैं.
गोरखपुर-शामली एक्सप्रेसवे से पूर्वी और पश्चिमी यूपी को जोड़ने की तैयारी
उत्तर प्रदेश की बड़ी प्रस्तावित सड़क परियोजनाओं में गोरखपुर-शामली एक्सप्रेसवे भी शामिल है. यह मार्ग प्रदेश के पूर्वी हिस्से को पश्चिमी उत्तर प्रदेश से जोड़ने में अहम भूमिका निभा सकता है. इस परियोजना के लिए गोरखपुर के अलावा बरेली, पीलीभीत, रामपुर और शामली जैसे क्षेत्रों में भी कनेक्टिविटी से जुड़ी गतिविधियां आगे बढ़ रही हैं. जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी होने और निर्माण कार्य आगे बढ़ने के बाद इस कॉरिडोर से लंबी दूरी की यात्रा आसान होने की उम्मीद है.
नेशनल हाईवे और गांवों की सड़कों पर भी जोर
एक्सप्रेसवे के साथ उत्तर प्रदेश में नेशनल हाईवे का नेटवर्क भी बढ़ा है. उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, दिसंबर 2016 में प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्गों की कुल लंबाई 8,487 किलोमीटर थी, जो दिसंबर 2025 तक बढ़कर 12,134 किलोमीटर हो गई. यानी नौ वर्षों में करीब 3,647 किलोमीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई. वहीं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत प्रदेश में अब तक 35,542 किलोमीटर ग्रामीण सड़कों का निर्माण पूरा किया जा चुका है. इससे गांवों को मुख्य सड़कों और बड़े मार्गों से जोड़ने में मदद मिली है.