Last Updated:
Gadwall Ducks in Bageshwar Uttarakhand उत्तराखंड के बागेश्वर जिले की सरयू नदी में इन दिनों साइबेरिया और उत्तरी यूरेशिया से आए गैडवाल बत्तखों का झुंड आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. कपकोट के असों गांव के पास पहली बार इस प्रजाति के पूरे झुंड को देखा गया है. हजारों किलोमीटर का सफर तय कर पहुंचे इन विदेशी मेहमानों को देखने के लिए ग्रामीणों और पक्षी प्रेमियों में उत्सुकता है. पिछले साल बैजनाथ में सिर्फ एक गैडवाल बत्तख दिखाई दी थी, लेकिन इस बार पूरे झुंड का पहुंचना खास माना जा रहा है. विशेषज्ञों का मानना है कि नियमित बर्ड सर्वे और पक्षियों के संरक्षण से कपकोट को बर्ड वॉचिंग और प्रकृति पर्यटन के नए केंद्र के रूप में विकसित किया जा सकता है.
सरयू नदी में दिखा गैडवाल बत्तखों खूबसूरत झुंड
बागेश्वर: उत्तराखंड की खूबसूरत वादियां और नदियां सर्दियों में प्रवासी पक्षियों को भी अपनी ओर खींचती हैं. बागेश्वर के कपकोट में सरयू नदी का नजारा इन दिनों कुछ ऐसा ही है. यहां असों गांव के पास नदी में साइबेरिया और उत्तरी यूरेशिया से आए गैडवाल बत्तखों का झुंड दिखाई दे रहा है. हजारों किलोमीटर का सफर तय कर पहुंचे इन पक्षियों को देखने के लिए ग्रामीणों और पक्षी प्रेमियों में उत्सुकता है. खास बात यह है कि कपकोट क्षेत्र में पहली बार इस प्रजाति का पूरा झुंड देखा गया है.
सरयू नदी के शांत पानी में तैरती इन बत्तखों ने इलाके की खूबसूरती में एक नया रंग जोड़ दिया है. स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, उन्होंने पहले कभी यहां इस तरह के पक्षियों को नहीं देखा था. सर्दियों में साइबेरिया, रूस और उत्तरी यूरेशिया के कई इलाकों में बर्फबारी और तापमान गिरने के कारण ये पक्षी भोजन और अनुकूल मौसम की तलाश में भारत का रुख करते हैं.
पिछले साल बैजनाथ में दिखी थी एक गैडवाल बत्तख
पक्षी प्रेमी और कपकोट राजकीय महाविद्यालय के असिस्टेंट प्रोफेसर दीपक कुमार के मुताबिक, पिछले साल गरुड़ के बैजनाथ क्षेत्र में एक गैडवाल बत्तख दिखाई दी थी. वह करीब दस दिन तक वहां रही थी. लेकिन इस बार कपकोट में इस प्रजाति के पूरे झुंड का पहुंचना खास है. दीपक कुमार ने इन पक्षियों की तस्वीरें भी अपने कैमरे में कैद की हैं. उनका कहना है कि यह क्षेत्र में पक्षियों की विविधता को दर्ज करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है.
बढ़ सकती है बर्ड वॉचिंग की संभावना
बागेश्वर के डीएफओ प्रकाश चंद्र आर्या ने बताया कि प्रवासी पक्षियों की मौजूदगी क्षेत्र की जैव विविधता को दर्शाती है. साथ ही, यह नदियों और प्राकृतिक जलस्रोतों को सुरक्षित रखने की जरूरत भी बताती है. विशेषज्ञों का मानना है कि कपकोट क्षेत्र में नियमित बर्ड सर्वे कराया जाए और यहां आने वाली पक्षियों की प्रजातियों की पहचान की जाए, तो इसे बर्ड वॉचिंग और प्रकृति आधारित पर्यटन के नए केंद्र के रूप में विकसित करने की संभावनाएं तलाशी जा सकती हैं.
बागेश्वर के जंगल और नदियां पहले से ही अपनी प्राकृतिक खूबसूरती के लिए पहचाने जाते हैं. अब यहां प्रवासी पक्षियों की मौजूदगी भी लोगों को आकर्षित कर रही है. जरूरत है कि सरयू नदी और आसपास के प्राकृतिक ठिकानों को सुरक्षित रखा जाए, ताकि सर्दियों में इन विदेशी मेहमानों का आना जारी रहे.