68 हजार करोड़ की संपत्ति… फिर पिता और बेटी में क्यों ठनी? कहानी TVS ग्रुप की

68 हजार करोड़ की संपत्ति… फिर पिता और बेटी में क्यों ठनी? कहानी TVS ग्रुप की


Agency:एजेंसियां

Last Updated:

TVS ग्रुप में संपत्ति बंटवारे को लेकर विवाद बढ़ गया है. वेणु श्रीनिवासन की बेटी लक्ष्मी वेणु ने पिता को कानूनी नोटिस भेजकर संपत्ति में हिस्सा मांगा है. इस विवाद में मां मल्लिका बेटी के साथ हैं. ग्रुप की कुल संपत्ति 68 हजार करोड़ के आसपास है.

Zoom

TVS ग्रुप के संपत्ति बंटवारे के लिए बेटी लक्ष्मी वेणु ने पिता वेणु श्रीनिवास को नोटिस भेजा है. (फोटो-PTI)

देश के बड़े कारोबारी घरानों में एक TVS ग्रुप इन दिनों चर्चा में है. इसकी वजह उनका कोई कारोबार नहीं बल्कि परिवार ही है. संपत्ति के बंटवारे को लेकर परिवार की आंतरिक कलह इतनी बढ़ गई है कि बिजनमैन वेणु श्रीनिवासन की बेटी लक्ष्मी वेणु ने अपने ही पिता को कानूनी नोटिस भेजकर पारिवारिक संपत्ति में बंटवारे की मांग की है. खास बात ये है कि इस लड़ाई में मां मल्लिका बेटी के साथ हैं. फोर्ब्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक परिवार की कुल संपत्ति तकरीबन 7.2 बिलियन डॉलर यानी 68 हजार करोड़ के आसपास है. वहीं मोटर कंपनी का मार्केट कैपिटलाइजेशन तकरीबन 2 लाख करोड़ के आसपास है, जो कंपनी के शेयरों का बाजार मूल्य होता है.

TVS ग्रुप की शुरुआत 1911 में टीवी सुंदरम अयंगर ने की थी. शुरुआत में यह सिर्फ एक बस ट्रांसपोर्ट का कारोबार था. ये वो दोर था जब भारत में मोटर परिवहन का विस्तार हो रहा था. सुंदरम अयंगर ने इसे पहचाना और कारोबार को आगे बढ़ाया. बाद में कंपनी ने मोटर वाहनों की बिक्री, ऑटोमोबाइल डीलरशिप जैसे क्षेत्रों में विस्तार किया और धीरे धीरे औद्योगिक समूह में बदल गया. आज ग्रुप कई कारोबार एक साथ संभाल रहा है जो चार परिवारों में बंटा है.

टीवीएस ग्रुप का कारोबार एक परिवार तक सीमित नहीं रहा.टी.वी. सुंदरम अयंगर के परिवार की अलग अलग शाखाओं ने मिलकर इसे आगे बढ़ाया. राजम परिवार, कृष्णा परिवार, श्रीनिवासन परिवार और संथानम परिवार प्रमुख रहे. दिसंबर 2020 में एक समझौता हुआ. इसमें तय हुआ कि जो परिवार जिस कारोबार की देखरेख कर रहा है.

उसका मालिकाना हक उसी के पास हो. इसी नियम के तहत वेणु श्रीनिवासन और उनके परिवार को टीवीएस मोटर, टीवीएस क्रेडिट और सुंदरम क्लेटन जैसे कारोबार मिले थे. अब वेणु श्रीवानिवास की बेटी उनके हिस्से में आए कारोबार में से अपना हिस्सा मांग रही है. उसका कहना है कि पिता, मां, भाई और उनके बीच संपत्ति का बंटवारा होना चाहिए.

अप्रैल 2025 में टीवीएस मोटर कंपनी के शेयरों और वोटिंग अधिकारों से जुड़े खुलासे के बाद परिवार में मतभेद सामने आए थे. 24 अप्रैल 2025 को वेणु श्रीनिवासन ने शेयर बाजार को जानकारी दी कि उन्होंने टीवीएस होल्डिंग्स के 13,73,347 शेयर ट्रस्ट को ट्रांसफर किए हैं जो कुल इक्विटी का 6.79% थे. टीवीएस होल्डिंग्स की टीवीएस मोटर कंपनी में 50.26% हिस्सेदारी है. इस तरह होल्डिंग कंपनी के शेयरों का ट्रस्ट में जाना टीवीएस मोटर के अप्रत्यक्ष स्वामित्व और वोटिंग अधिकारों के लिहाज से महत्वपूर्ण था.इसी दौरान बेटे सुदर्शन वेणु को बेनेफिशियल ऑनर के तौर पर बताया गया. द हिंदू की एक रिपोर्ट के मुताबिक बेटी लक्ष्मी ने इस पर जवाब मांगने की कोशिश की, संतुष्ट न होने पर उन्होंने कानूनी नोटिस भेज दिया.

लक्ष्मी वेणु ने अपने पिता श्रीनिवासन को जो कानूनी नोटिस भेजा है, उसमें उन्होंने हिंदू उत्तराधिकार अधिनियम, 1956 के तहत बेटियों को भी संयुक्त हिंदू परिवार की पैतृक संपत्ति में बेटों के बराबर अधिकार होने का दावा किया है. उन्होंने मांग की है कि उन्हें भी संपत्ति में बराबर की जिम्मेदारी मिलनी चाहिए. उन्होंने TVS Trust के अंतर्गत रखी गई संपत्तियों में हिस्सेदारी की मांग की है.

विवाद की सबसे अहम बात ये है कि मां मल्लिका भी लक्ष्मी के साथ हैं. हालांकि उन्होंने यह भी उम्मीद जताई कि सभी हितधारकों के हितों को ध्यान में रखते हुए पारदर्शी बातचीत और आपसी सहमति से विवाद का समाधान निकाला जाएगा. दूसरी तरफ वेणु श्रीनिवास ने मद्रास हाईकोर्ट में कैविएट दाखिल की है. यानी अगर इस मामले में कोई याचिका दाखिल होती है तो अदालत उनका पक्ष सुने बिना एकतरफा आदेश नहीं दे सकता.

img

खबरें पढ़ने का बेहतरीन अनुभव

QR स्कैन करें, डाउनलोड करें News18 ऐप या वेबसाइट पर जारी रखने के लिए यहां क्लिक करें

QR Code

login



Source link