Last Updated:
Narsinghpur News: मध्य प्रदेश में पुलिस के काम करने के तरीकों पर सवाल उठाता एक और वीडियो सामने आया है. नरसिंहपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में मंत्री उदय प्रताप सिंह मौजूद थे. तभी पुलिस ने वहां मौजूद एक शख्स के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी और उसे धक्के देकर मंच से बाहर ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं.
मंत्री जी मंच पर थे मौजूद, फिर भी पुलिस ने युवक पर बरसी पुलिस
Narsinghpur News: मध्य प्रदेश में पुलिस वालों का सिवनी कांड इस समय चर्चा का विषय बना हुआ है, जहां होटल में पुलिस वालों ने एक कपल को झूठे केस में फंसाने की धमकी दी और कहा कि इसके बैग में गांजा रख दो. अब एमपी के ही नरसिंहपुर से पुलिस के काम करने के तौर तरीकों पर सवाल खड़े करने वाला एक और वीडियो सामने आया है.
मंत्री मंच पर मौजूद फिर भी शख्स से मारपीट
रुद्र मैदान में आयोजित सोशल मीडिया स्टार सचेत परम्परा के कार्यक्रम के दौरान एक युवक के साथ पुलिसकर्मियों की मारपीट का वीडियो सामने आने से हड़कंप मच गया है. वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी युवक के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं. हैरानी की बात यह है कि जिस वक्त यह पूरा घटनाक्रम हुआ, उस दौरान प्रदेश के मंत्री राव उदय प्रताप सिंह कार्यक्रम में मौजूद थे. वहीं एसपी डॉ. ऋषिकेश मीणा सहित जिले के तमाम वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर थे.
वीडियो सामने आने के बाद खड़े हो रहे बड़े सवाल
वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि पुलिस वाले शख्स को मार रहे हैं और उसे मंच से दूर ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं. अब इसके बाद सवाल उठना लाजिमी है कि जब मंच के पास मंत्री और पुलिस के बड़े अधिकारी मौजूद थे, तब युवक के साथ कथित मारपीट कैसे होती रही? वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि पुलिस वाले शख्स से बातचीत नहीं कर रहे हैं और सीधे उससे मारपीट पर उतारू हैं.
सिवनी कांड में सीएम ने लिया एक्शन
सिवनी पुलिस कांड में तो मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बड़ा एक्शन लेते हुए 6 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है, जिसमें एसपी दीपक मिश्रा भी शामिल रहे हैं. अब देखने वाली बात ये होगी कि नरसिंहपुर कांड पर क्या कदम उठाए जाते हैं या सिर्फ लीपापोती कर दी जाती है.
(रिपोर्ट-राहुल मेहरा)