Last Updated:
Azam Khan News: गाजियाबाद CJM कोर्ट से आजम खान को बेल मिल गई है. जमानत की सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं. कोर्ट ने 50-50 हजार रुपये के दो जमानती और 50 हजार रुपये का जमानती बॉन्ड मांगा था. शहनवाज और जुनैद जमानती बने. दोनों जमानतियों की ओर से 50-50 हजार रुपये की FD भी जमा कराई गई.
आजम खान.
गाजियाबाद: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान की जेल से रिहाई का रास्ता साफ हो गया है. गाजियाबाद की CJM कोर्ट से उन्हें जमानत मिल गई है. जमानत से जुड़ी सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं. इसके बाद उनकी रिहाई का परवाना डासना जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू हो गई है. कोर्ट से मिले इस आदेश के बाद आजम खान के जेल से बाहर आने का इंतजार किया जा रहा है.
दरअसल, आजम खान की जमानत के लिए कोर्ट में जरूरी दस्तावेज और जमानत से जुड़ी शर्तें पूरी की गईं. अदालत ने 50-50 हजार रुपये के दो जमानती और 50 हजार रुपये का व्यक्तिगत मुचलका जमा करने को कहा था. इसके बाद शहनवाज और जुनैद ने आजम खान के जमानती बनने की जिम्मेदारी ली.
दोनों जमानतियों की ओर से 50-50 हजार रुपये की दो एफडी भी कोर्ट में जमा कराई गईं. इसके अलावा अदालत की ओर से मांगा गया शपथपत्र (एफिडेविट) भी दाखिल किया गया. आजम खान के वकीलों ने सभी जरूरी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कर दीं। इसके बाद कोर्ट से उनकी रिहाई का परवाना डासना जेल के लिए रवाना कर दिया गया.
आज ही जेल से बाहर आने की उम्मीद
कोर्ट से रिहाई का आदेश जेल पहुंचने के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. रिपोर्ट के मुताबिक, आजम खान बुधवार शाम तक डासना जेल से बाहर आ सकते हैं. उनके छोटे बेटे अब्दुल्ला आजम भी उनसे मुलाकात के लिए डासना जेल पहुंच रहे हैं. जेल से रिहाई के बाद आजम खान के रामपुर जाने की जानकारी भी सामने आई है. ऐसे में उनके परिवार और समर्थकों की नजरें उनकी रिहाई पर टिकी हुई हैं.
सुप्रीम कोर्ट में भी जमानत को लेकर सुनवाई
आजम खान की जमानत का मामला सुप्रीम कोर्ट में भी चर्चा में है. इलाहाबाद हाईकोर्ट की ओर से दी गई जमानत को चुनौती देते हुए प्रवर्तन निदेशालय (ED) सुप्रीम कोर्ट पहुंचा है. इसी बीच गाजियाबाद CJM कोर्ट में जमानत की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनकी रिहाई का रास्ता आगे बढ़ा है.
आजम खान की रिहाई पर क्या बोलीं पत्नी
आजम खान को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में मिली अंतरिम जमानत पर सुप्रीम कोर्ट से राहत मिलने के बाद उनकी पत्नी तजीन फातमा ने खुशी जताई है. उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के उस फैसले का स्वागत किया, जिसमें अदालत ने आजम खान की अंतरिम जमानत पर रोक लगाने से इनकार कर दिया. तजीन फातमा ने कहा कि उन्हें हमेशा भरोसा था कि आखिरकार न्याय जरूर मिलेगा. उन्होंने इसे सच्चाई और न्याय की जीत बताया.
बुधवार को मीडिया से बातचीत में तजीन फातमा ने कहा कि उन्हें अल्लाह पर पूरा भरोसा था. उन्हें यकीन था कि एक दिन इंसाफ जरूर मिलेगा. उन्होंने कहा कि जब जुल्म की हद पार हो जाती है, तब न्याय का रास्ता खुलता है. आजम खान को जेल से रिहाई के आदेश के तुरंत बाद ईडी की ओर से दोबारा गिरफ्तार किए जाने को उन्होंने जुल्म की इंतहा बताया.