Last Updated:
Anand Kishore News : रिशु श्री टेंडर घोटाला मामले में ED ने IAS अधिकारी आनंद किशोर से पटना कार्यालय में पूछताछ शुरू कर दी है. आनंद किशोर तीसरे समन पर ED के सामने पेश हुए हैं.
ED दफ्तर में आनंद किशोर से हुई पूछताछ.
पटना. रिशु श्री से जुड़े टेंडर घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने IAS अधिकारी आनंद किशोर से पूछताछ शुरू कर दी है. तीसरे समन पर आनंद किशोर बुधवार को पटना स्थित ED कार्यालय पहुंचे. इससे पहले ED की ओर से उन्हें पूछताछ के लिए दो बार समन जारी किया गया था, लेकिन वह एजेंसी के सामने उपस्थित नहीं हुए थे.
तीसरे समन के बाद ED कार्यालय पहुंचे आनंद किशोर से अधिकारियों की टीम ने पूछताछ शुरू कर दी है. बताया जा रहा है कि इस मामले में उनसे लंबी पूछताछ हो सकती है. ED की टीम टेंडर से जुड़े विभिन्न पहलुओं और मामले में उनकी भूमिका को लेकर सवाल कर सकती है.
पहले पांच IAS अधिकारियों से हो चुकी है पूछताछ
रिशु श्री से जुड़े टेंडर घोटाला मामले में ED की जांच का दायरा लगातार बढ़ रहा है. आनंद किशोर से पहले केंद्रीय जांच एजेंसी इस मामले में पांच IAS अधिकारियों से पूछताछ कर चुकी है. अब आनंद किशोर से पूछताछ के जरिए ED मामले से जुड़े तथ्यों और अन्य कड़ियों को खंगालने में जुटी है. फिलहाल ED कार्यालय में आनंद किशोर से पूछताछ जारी है. पूछताछ के बाद इस मामले में और भी अहम जानकारियां सामने आने की संभावना है.
क्या है रिशु श्री टेंडर घोटाला?
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच में सामने आया है कि रिशु श्री कथित तौर पर अपनी पसंद के अधिकारियों की तैनाती कराने में प्रभाव रखता था. रिपोर्ट के मुताबिक, वह सरकारी टेंडरों से जुड़ी गोपनीय जानकारियां पहले ही हासिल कर लेता था और फिर अधिकारियों के साथ सांठगांठ कर टेंडर प्रक्रिया को प्रभावित करता था. आरोप है कि मनचाहे ठेकेदारों को काम दिलाने के बदले कमीशन लिया जाता था, जिसका हिस्सा संबंधित अधिकारियों तक भी पहुंचता था.