Last Updated:
Good News for Bihar Sugarcane Farmers: बिहार के गन्ना किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी है. राज्य सरकार ने किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने के लिए बड़ा कदम उठाया है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस बात की घोषणा की है कि प्रदेश में गन्ने की खेती को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार कई तरह की सुविधाएं देने जा रही है. किसानों को कृषि यंत्र खरीदने पर अनुदान मिलेगा, प्रमाणित गन्ना बीज पर आर्थिक सहायता दी जाएगी. नए इलाकों में गन्ने की खेती शुरू करने वाले किसानों को निशुल्क बीज भी उपलब्ध कराया जाएगा. पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िए.
सीएम सम्राट और डिप्टी सीएम विजेंद्र यादव एवं विजय चौधरी ने “गन्ना विकास रथ-2026” को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया
पटना. बिहार के गन्ना किसानों के लिए अच्छी खबर ये है कि राज्य में अब गन्ने की खेती को बढ़ावा देने के लिए सम्राट सरकार कई तरह की सुविधाएं देने जा रही है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार (17 नवंबर) को पटना स्थित मुख्यमंत्री सचिवालय से 40 गन्ना विकास रथ-2026 अभियान की शुरुआत करते हुए इन पहलों की जानकारी दी. इस अभियान के तहत किसानों को खेती के उपकरणों और प्रमाणित बीजों पर सब्सिडी के साथ-साथ डिजिटल सेवाओं का लाभ भी मिलेगा. इतना ही नहीं, किसानों की सुविधा के लिए गन्ना ID और AI चैटबॉट की व्यवस्था भी शुरू की गई है. कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, बिजेंद्र प्रसाद यादव, गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार और मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.
कृषि यंत्रों और गन्ना बीज पर मिलेगी भारी सब्सिडी
मिली जानकारी के अनुसार, सरकार का मुख्य उद्देश्य राज्य में गन्ने की खेती का दायरा और उत्पादन बढ़ाना है. गन्ना विकास रथ गांव-गांव जाकर किसानों को ‘गन्ना यंत्रीकरण योजना’ की जानकारी देंगे. इस योजना के तहत आधुनिक कृषि मशीनें खरीदने पर किसानों को सरकारी अनुदान मिलेगा. इसके अलावा, मुख्यमंत्री गन्ना विकास कार्यक्रम के तहत प्रमाणित गन्ना बीज पर भी सब्सिडी दी जाएगी. खास बात यह है कि नए इलाकों में गन्ने की खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों को निशुल्क गन्ना बीज भी उपलब्ध कराए जाएंगे.
गन्ना ID और AI चैटबॉट से घर बैठे होगा समाधान
वहीं, अब किसानों को सरकारी योजनाओं की जानकारी या अपने आवेदन की स्थिति जानने के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. सरकार ने किसानों की सहूलियत के लिए ‘गन्ना ID’ और ‘गन्ना साथी’ AI चैटबॉट की सुविधा शुरू की है. इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए किसान घर बैठे अपने मोबाइल से ही परमिट, आवेदन और सरकारी योजनाओं से जुड़ी हर जरूरी जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकेंगे.
जल्द खुलेंगी 5 नई चीनी मिलें, बढ़ेंगे रोजगार
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बताया कि राज्य में अभी 10 चीनी मिलें चालू हैं और जल्द ही 5 और चीनी मिलें शुरू की जाएंगी. बंद पड़ी पुरानी चीनी मिलों को फिर से चालू करने और नई मिलें लगाने पर तेजी से काम हो रहा है. दरभंगा के सकरी और मधुबनी के रैयाम चीनी मिल को दोबारा शुरू करने की तैयारी अंतिम चरण में है. इस अभियान के दौरान मधुबनी और दरभंगा जिलों में 15 रथ लगातार 30 दिनों तक भ्रमण करेंगे, जबकि बाकी 25 रथ अन्य जिलों के गांवों में जाकर किसान गोष्ठियों और नुक्कड़ नाटकों के जरिए जागरूकता फैलाएंगे.
इन चिंताओं पर भी गौर करना जरूरी
बता दें कि सालों से बिहार में बंद मिलों को चालू करने की बात होती रही है. ऐसे में अब किसानों की असली चिंता यही है कि गन्ना समय पर बिके, सही दाम मिले और भुगतान समय पर हो. अगर 5 नई मिलें समय पर शुरू होती हैं और बंद मिलें फिर से चल पड़ती हैं, तभी गन्ना विकास रथ का संदेश जमीन पर उतरेगा. नहीं तो यह अभियान सिर्फ जागरूकता तक सीमित रह जाएगा.