मंत्री अशोक चौधरी की प्रोफेसर वाली नौकरी पर क्यों मचा है बवाल? मनोज झा ने खोला मोर्चा

मंत्री अशोक चौधरी की प्रोफेसर वाली नौकरी पर क्यों मचा है बवाल? मनोज झा ने खोला मोर्चा


Last Updated:

Ashok Choudhary News : बिहार के मंत्री अशोक चौधरी की असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर नियुक्ति को लेकर विवाद गहरा गया है. आरजेडी सांसद मनोज झा ने बुधवार को प्रेसवार्ता कर उनकी नियुक्ति पर सवाल उठाए और पूरे मामले की जांच की मांग की. मनोज झा ने पूछा कि 57 साल की उम्र में सदन का सदस्य रहते हुए नौकरी कैसे ज्वाइन की गई? उन्होंने अशोक कुमार और अशोक चौधरी की पहचान को लेकर भी जांच कराने की मांग की.

Zoom

मनोज झा ने पूछा कि 57 साल की उम्र में सदन का सदस्य रहते हुए अशोक चौधरी ने प्रोफेसर की नौकरी कैसे ज्वाइन की गई?

पटना. बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी की असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर नियुक्ति को लेकर सियासी घमासान जारी है. बुधवार को आरजेडी सांसद मनोज झा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस मुद्दे पर सरकार और मंत्री को घेरा. उन्होंने नियुक्ति की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की. मनोज झा ने खास तौर पर इस बात पर सवाल उठाया कि 57 साल की उम्र में सदन का सदस्य रहते हुए अशोक चौधरी ने नौकरी कैसे ज्वाइन की.

मनोज झा के मुताबिक, एएन कॉलेज में अशोक कुमार के नाम से असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर योगदान किया गया. इसके अगले ही दिन छुट्टी के लिए आवेदन दे दिया गया. उन्होंने बताया कि 19 अगस्त को यह मामला सिंडिकेट की बैठक में पहुंचा और बाद में इसे राज्यपाल के पास भेज दिया गया. आरजेडी सांसद ने मांग की कि यह स्पष्ट होना चाहिए कि अशोक कुमार और मंत्री अशोक चौधरी एक ही व्यक्ति हैं या नहीं.

57 साल की उम्र में नौकरी ज्वाइन करने पर सवाल

आरजेडी सांसद ने कहा कि उन्होंने अपने राजनीतिक और सार्वजनिक जीवन में इस तरह का मामला पहले नहीं देखा. उनका सवाल था कि जब कोई व्यक्ति पहले से सदन का सदस्य है, तो वह 57 साल की उम्र में कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर कैसे योगदान कर सकता है. उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति पहले शिक्षक या लेक्चरर होता और बाद में सदन का सदस्य बनता तो स्थिति अलग होती. लेकिन मौजूदा मामले में नियुक्ति और राजनीतिक पद को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं. उन्होंने कहा कि इस पूरे प्रकरण के सभी पहलुओं की जांच होनी चाहिए.

जया बच्चन के मामले का दिया उदाहरण

मनोज झा ने अपनी बात रखते हुए जया बच्चन से जुड़े पुराने मामले का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि जया बच्चन को सांसद रहते हुए उत्तर प्रदेश फिल्म विकास परिषद का अध्यक्ष बनाया गया था. उस मामले में भी उनकी संसद सदस्यता को लेकर सवाल उठा था. आरजेडी सांसद ने इसी उदाहरण के आधार पर अशोक चौधरी के मामले की कानूनी समीक्षा की मांग की. उन्होंने कहा कि अशोक चौधरी को इस मामले में नैतिक आधार पर अपने पद से हट जाना चाहिए. मनोज झा ने सवाल उठाया कि एक व्यक्ति एक साथ मंत्री, विधायक और असिस्टेंट प्रोफेसर की जिम्मेदारी कैसे निभा सकता है.

राज्यपाल से तत्काल हस्तक्षेप की मांग

आरजेडी सांसद ने राज्यपाल से पूरे मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की. उन्होंने कहा कि राज्यपाल को विधान परिषद के सभापति को भी इस प्रकरण की जानकारी देनी चाहिए. मनोज झा के अनुसार, उन्हें सूचना मिली है कि मामले में एडवोकेट जनरल से कानूनी राय मांगी गई है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं होती है तो मुख्यमंत्री पर अशोक चौधरी को संरक्षण देने के आरोप लगेंगे. प्रधानमंत्री के दो दिन बाद प्रस्तावित बिहार दौरे का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह देखना होगा कि उन्हें भी इस मामले की जानकारी दी जाती है या नहीं.

फिलहाल इस पूरे मामले में राज्यपाल और संबंधित संस्थानों के अगले कदम पर सबकी नजर है. वहीं, मंत्री अशोक चौधरी की नियुक्ति को लेकर उठे सवालों पर राजनीतिक बहस तेज हो गई है.



Source link