मजदूरों की हत्या, SPO का कत्ल और CRPF पर हमला… लतीफ भट के आतंक का पूरा हिसाब
Last Updated:
Lashkar Terrorist Lateef Bhat: कुलगाम में सुरक्षा बलों ने आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के आखिरी सक्रिय स्थानीय कमांडर लतीफ भट को ढेर कर दिया है. महज 22 साल की उम्र में आतंक का पर्याय बन चुके लतीफ पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित था. नवंबर 2025 में अपना घर छोड़कर आतंकी राह पकड़ने वाले लतीफ भट ने बेहद कम समय में घाटी के अंदर खौफ का बड़ा नेटवर्क खड़ा कर लिया था.
कुलगाम एनकाउंटर में सेना ने लतीफ भट को ढेर कर दिया है.
Lateef Bhat Killed in Kulgam Encounter: दक्षिण कश्मीर के कुलगाम में 18 नवंबर को सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में मारे गए लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर लतीफ भट की आतंकी गतिविधियों की लंबी फेहरिस्त रही है. महज 22 साल की उम्र में वह कश्मीर घाटी में लश्कर का आखिरी सक्रिय स्थानीय कमांडर बन गया था. उस पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित था. प्रवासी मजदूरों की हत्या से लेकर पुलिसकर्मियों को निशाना बनाने और CRPF चौकी पर हमले तक, उसका नाम घाटी में हुई कई आतंकी वारदातों से जुड़ा रहा.
कुलगाम के खेवन चादर गांव का रहने वाला लतीफ भट नवंबर 2025 में अपना घर छोड़कर आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा में शामिल हो गया था. इसके बाद उसने घाटी में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए अपना नेटवर्क तैयार किया. सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, वह इस साल जुलाई में कुलगाम में प्रवासी मजदूरों की हत्या की वारदात में भी शामिल था. इस हमले ने एक बार फिर कश्मीर में काम करने वाले गैर-स्थानीय मजदूरों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी थी.
लतीफ भट पर किश्तवाड़ जिले में दो विशेष पुलिस अधिकारियों (SPO) बाबी चंद और यशपाल कुमार की हत्या में शामिल होने का भी आरोप था. दोनों SPO सेना में शामिल होने के लिए वापस लौट रहे थे, तभी उन्हें निशाना बनाया गया. इस घटना के बाद जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी और पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट घोषित किया गया था.
उसकी आतंकी गतिविधियों का सिलसिला यहीं नहीं रुका. 11 नवंबर को CRPF की एक चौकी पर हुए हमले में भी लतीफ भट की भूमिका सामने आई थी. सुरक्षा एजेंसियां लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थीं. वह लगातार ठिकाने बदलकर सुरक्षा बलों की पकड़ से बचने की कोशिश कर रहा था.
TRF के जरिए आतंक फैलाने की साजिश
लतीफ भट लश्कर-ए-तैयबा के उस नेटवर्क का हिस्सा था, जो अपने प्रॉक्सी संगठन ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ (TRF) के नाम से भी हमलों को अंजाम देता है. सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, उसे पाकिस्तान में बैठे लश्कर के आकाओं से निर्देश मिलते थे. खुफिया एजेंसियों को आशंका थी कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI लतीफ भट के जरिए कश्मीर में स्थानीय आतंकियों का नेटवर्क मजबूत करना चाहती थी.
22 वर्षीय लतीफ भट को घाटी में लश्कर की स्थानीय आतंकी गतिविधियों के लिए एक अहम चेहरा माना जा रहा था. उसके खिलाफ 15 लाख रुपये का इनाम घोषित होना उसकी सुरक्षा एजेंसियों के लिए अहमियत को दर्शाता था. अब कुलगाम में मुठभेड़ के साथ घाटी में सक्रिय लश्कर के स्थानीय नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है.