Home Decor Tips: 1BHK और 2BHK फ्लैट के लिए बेस्ट मंदिर डिजाइन

Home Decor Tips: 1BHK और 2BHK फ्लैट के लिए बेस्ट मंदिर डिजाइन


Last Updated:

Mandir Designs For Small Space: आमतौर पर हर घर में पूजा के लिए एक स्थान निश्चित होता है. लेकिन जब घर में स्पेस कम हो तो ये तय कर पाना बहुत मुश्किल हो जाता है कि मंदिर कहां बनाएं. स्पेस के साथ मॉर्डन इंटीरियर को भी ध्यान में रखना जरूरी हो गया है. यहां आप मंदिर के कुछ ऐसे डिजाइन देख सकते हैं, जो कम स्पेस वाले छोटे घरों के लिए बेस्ट हैं. साथ ही ये आपके होम इंटीरियर के लुक को भी बढ़ाते हैं.

घर बड़ा हो या छोटा, एक ऐसा कोना होना ही चाहिए है, जहां आप कुछ देर बैठकर भगवान की पूजा कर सकें, ध्यान लगा सकें और मन को शांति दे सकें. हालांकि, 1BHK और 2BHK जैसे छोटे फ्लैट में मंदिर के लिए अलग जगह निकालना थोड़ा मुश्किल होता है.लेकिन आजकल बाजार में ऐसे कई खूबसूरत और स्मार्ट मंदिर डिजाइन मौजूद हैं, जिन्हें कम जगह में आसानी से बनवाया जा सकता है. ये डिजाइन आपके घर की खूबसूरती बढ़ाने के साथ-साथ जगह की बचत भी करेंगे.

फोल्ड होने वाला वॉल मंदिर- स्टूडियो अपार्टमेंट या बहुत छोटे फ्लैट में फोल्ड होने वाला मंदिर एक अच्छा विकल्प है. इसे दीवार पर लगाया जाता है और इसमें छोटे दरवाजे होते हैं. पूजा के समय इसका प्लेटफॉर्म बाहर की तरफ खोला जा सकता है, जिस पर दीपक, फूल और भगवान की मूर्तियां रख सकते हैं. पूजा पूरी होने के बाद इसे वापस बंद कर दें. बंद होने पर ये लकड़ी के खूबसूरत पैनल जैसा दिखाई देता है. इस तरह बिना ज्यादा जगह घेरे घर में पूजा के लिए एक सुंदर और व्यवस्थित जगह तैयार हो जाती है.

कोने में बनवाएं छोटा मंदिर- घर के किसी कोने का सही इस्तेमाल करके भी सुंदर मंदिर बनाया जा सकता है. इसके लिए आप त्रिकोण या घुमावदार डिजाइन वाला मंदिर बनवा सकते हैं. इसमें लकड़ी की छोटी-छोटी अलमारियां बनवाएं, जिन पर भगवान की मूर्तियां रखी जा सकें. पीछे सफेद मार्बल या मार्बल जैसी फिनिश वाला पैनल लगवाने से मंदिर का लुक निखर जाएगा. इसके अलावा, ऊपर छोटी लाइट और पीतल की घंटियां लगाकर इसे पारंपरिक अंदाज दे सकते हैं. नीचे छोटा कैबिनेट बनवाने से पूजा का सामान भी आसानी से रखा जा सकेगा.

Add News18 as
Preferred Source on Google

फ्लोटिंग वॉल माउंटेड बैकलिट मंदिर- अगर आपके फ्लैट में फर्श पर मंदिर रखने की जगह नहीं है, तो दीवार पर लगने वाला फ्लोटिंग मंदिर अच्छा विकल्प हो सकता है. इसे आप लिविंग रूम की किसी खाली दीवार पर बनवा सकते हैं. इसके लिए टीक या अखरोट की लकड़ी के रंग वाली फिनिश चुनें. मंदिर के पीछे जालीदार डिजाइन और हल्की पीली एलईडी लाइट लगवाने से यह काफी खूबसूरत दिखाई देगा. भगवान की मूर्तियां रखने के लिए एक मजबूत शेल्फ बनवाएं. नीचे छोटा-सा छिपा हुआ ड्रॉअर भी बनवा सकते हैं, जिसमें अगरबत्ती, माचिस और पूजा की किताबें रखी जा सकती हैं.

दीवार के अंदर बनवाएं मंदिर- अगर आपके घर की किसी दीवार में खाली जगह या पहले से बना हुआ गड्ढा है, तो वहां छोटा मंदिर बनवाया जा सकता है. इसे वॉल-निश मंदिर कहते हैं. इसमें दीवार के अंदर ही पूजा की जगह तैयार की जाती है, जिससे फर्श पर अलग से जगह नहीं घेरनी पड़ती. मंदिर के अंदर सफेद मार्बल या टेक्सचर्ड पैनल लगवाएं. ऊपर की तरफ हल्की पीली एलईडी लाइट लगवाने से भगवान की मूर्तियां खूबसूरती से नजर आएंगी. ये डिजाइन छोटे फ्लैट के लिए काफी अच्छा है.

टीवी यूनिट के साथ बनवाएं मंदिर- छोटे फ्लैट में अलग-अलग फर्नीचर रखने के बजाय एक ही यूनिट में दो काम किए जा सकते हैं. इसके लिए आप टीवी यूनिट के साथ मंदिर का डिजाइन बनवा सकते हैं. इसमें टीवी और मंदिर के बीच लकड़ी की पतली पट्टियों या फ्रॉस्टेड ग्लास का पार्टिशन लगवाएं. इससे पूजा की जगह अलग और व्यवस्थित नजर आएगी. दोनों जगह एक जैसी लकड़ी की फिनिश रखने से लिविंग रूम का इंटीरियर भी अच्छा लगेगा. मंदिर के लिए अलग ड्रॉअर बनवाएं, ताकि पूजा का सामान टीवी के सामान से अलग रखा जा सके.

जालीदार दरवाजे वाला मंदिर कैबिनेट- अगर आप चाहते हैं कि पूजा के बाद मंदिर के दरवाजे बंद कर सकें, तो जालीदार दरवाजे वाला मंदिर बनवा सकते हैं. इसमें लकड़ी के दरवाजों पर बारीक जाली की नक्काशी होती है. दरवाजे बंद होने पर भी अंदर की रोशनी बाहर दिखाई देती है. इससे मंदिर का लुक काफी आकर्षक लगता है. नीचे छोटे ड्रॉअर बनवाकर पूजा से जुड़ा जरूरी सामान रखा जा सकता है. इससे मंदिर के आसपास सामान बिखरा हुआ नहीं दिखेगा.

लेटेस्ट कॉमर्स डील्स, खास डिस्काउंट और बेहतरीन शॉपिंग ऑफर देखने के लिए कंपेयर इंड‍ियादेखें.



Source link