BJP विधायक के बेटे ने किया सरेंडर, कोर्ट ने लगाई फटकार, ‘अदालत का सम्मान नहीं करते’

BJP विधायक के बेटे ने किया सरेंडर, कोर्ट ने लगाई फटकार, ‘अदालत का सम्मान नहीं करते’


Last Updated:

Gwalior News: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में पिछोर सीट से BJP विधायक प्रीतम सिंह लोधी के बेटे दिनेश लोधी ने अदालत में सरेंडर कर दिया है. दिनेश ने गिरफ्तारी वारंट जारी होने के 41वें दिन सरेंडर किया है. इस दौरान कोर्ट ने उन्हें जमकर फटकारा.

Zoom

दिनेश लोधी ने गिरफ्तारी वारंट जारी होने के 41वें दिन सरेंडर किया है.

रिपोर्ट- सुशील कौशिक, ग्वालियर. मध्य प्रदेश के ग्वालियर में पिछोर सीट से भारतीय जनता पार्टी के विधायक प्रीतम सिंह लोधी के बेटे दिनेश लोधी ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया है. दिनेश ने गिरफ्तारी वारंट जारी होने के 41वें दिन आत्मसमर्पण किया है. विधायक के बेटे पर एससी-एसटी एक्ट और हत्या के प्रयास के मामले में वारंट जारी हुआ था. अदालत ने दिनेश लोधी को जेल भेज दिया है. इस मामले में सुनवाई के दौरान कोर्ट ने आरोपी को कड़ी फटकार लगाई. जज ने कहा कि वह न्यायालय का सम्मान नहीं करते हैं. कोर्ट में तय तारीखों पर नहीं आते हैं. इसके जवाब में दिनेश लोधी ने कहा कि उनसे पहली बार गलती हुई है. वह भविष्य में ऐसा नहीं करेंगे.

दिनेश लोधी के खिलाफ ग्वालियर के पुरानी छावनी थाने (जलालपुर) में एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज है. न्यायालय के रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के खिलाफ सबसे पहले 28 दिसंबर 2023 को गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था. इसके बावजूद पुलिस उसे गिरफ्तार करने में नाकाम रही और वह लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहा था.

पुलिस ने कोर्ट में पेश की रिपोर्ट
सुनवाई के दौरान पुरानी छावनी थाने के प्रधान आरक्षक संजय द्विवेदी ने कोर्ट में रिपोर्ट पेश की. उन्होंने वारंट की ‘अदम तामील रिपोर्ट’ (वारंट तामील न होने की रिपोर्ट) और तस्दीक पंचनामा न्यायालय के सामने रखा. रिकॉर्ड का पूरी तरह परीक्षण करने के बाद कोर्ट ने माना कि आरोपी जान-बूझकर बच रहा है. जिसके बाद उसे फरार घोषित कर स्थायी वारंट जारी कर दिया गया.

विवादित बयानों से सुर्खियों में रहते हैं विधायक
बीजेपी विधायक प्रीतम सिंह लोधी के बेटे दिनेश लोधी पहले भी कई बार विवादों में रह चुके हैं. वहीं उनके पिता प्रीतम लोधी भी अक्सर अपने विवादित बयानों के चलते सुर्खियों में बने रहते हैं. हाल ही में उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के कार्यक्रम से ठीक पहले अपने कार्यकर्ताओं को हैरान करने वाली सलाह दे डाली थी. उन्होंने कहा, ‘अगर कोई विरोधी मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में खलल डालता है, तो उसकी डेंटिंग-पेंटिंग कर दें. दवा-दारू प्रशासन करेगा.’



Source link