तुलसी को सूखने से बचाना है तो बदलें पानी देने का तरीका, सर्दियों में रखें इन बातों का ध्यान

तुलसी को सूखने से बचाना है तो बदलें पानी देने का तरीका, सर्दियों में रखें इन बातों का ध्यान


Tulsi Plant Care: तुलसी का पौधा घर में लगाना आसान है, लेकिन इसे हरा-भरा बनाए रखना कई बार मुश्किल हो जाता है. खासकर सर्दियों में ठंडी हवाओं, ओस और जरूरत से ज्यादा पानी देने के कारण इसकी पत्तियां पीली पड़ने लगती हैं. धीरे-धीरे पौधा सूखने लगता है. ऐसे में सिर्फ खाद डालना ही इसका हल नहीं है. पौधे की छोटी-छोटी जरूरतों का ध्यान रखना भी जरूरी है.

गार्डनिंग एक्सपर्ट अन्नू और वरुण की जोड़ी ने तुलसी को सूखने से बचाने और उसकी अच्छी ग्रोथ के लिए कुछ आसान टिप्स साझा किए हैं. इनमें तीन ऐसी बातें हैं, जिनका ध्यान रखकर आप अपने पौधे को स्वस्थ और घना बनाए रखने में मदद कर सकते हैं.

तुलसी को सूखने से बचाने के 3 तरीके

1. मंजरी आते ही कर दें साफ

तुलसी के पौधे पर छोटी-छोटी मंजरी यानी फूल दिखाई देने लगें, तो उन्हें समय पर हटा देना चाहिए. फूल और बीज बनने के दौरान पौधे की ऊर्जा का एक हिस्सा इसी काम में लगता है. इससे नई पत्तियों और शाखाओं की बढ़त धीमी हो सकती है. इसलिए मंजरी को उंगलियों से हल्के हाथ से तोड़ दें या साफ कैंची से काट दें. इससे नई शाखाएं निकलने में मदद मिल सकती है और पौधा ज्यादा घना दिखाई दे सकता है.

2. रोज पानी डालने से बचें

तुलसी के सूखने की एक बड़ी वजह जरूरत से ज्यादा पानी देना भी है. कई लोग पूजा के समय रोज पौधे में पानी डालते हैं, जबकि गमले की मिट्टी पहले से गीली होती है. लगातार नमी रहने से जड़ें सड़ सकती हैं और उनमें फंगस लगने का खतरा बढ़ जाता है.

इसलिए पानी देने से पहले उंगली से मिट्टी की ऊपरी परत जांचें. अगर मिट्टी गीली है, तो पानी न डालें. जब ऊपरी मिट्टी सूखी लगे, तभी जरूरत के हिसाब से पानी दें. गमले में पानी निकलने के लिए नीचे छेद भी जरूर होना चाहिए.

3. ठंडी हवा और ओस से बचाएं

सर्दियों में रात की ओस और ठंडी हवाएं तुलसी की पत्तियों को नुकसान पहुंचा सकती हैं. ऐसे में गमले को किसी सुरक्षित जगह पर रखें, जहां सीधी ठंडी हवा न लगे. रात में पौधे को हल्के सूती कपड़े से ढक सकते हैं. सुबह धूप निकलने पर कपड़ा हटा दें, ताकि पौधे को पर्याप्त रोशनी मिल सके.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

तुलसी को घना बनाने के लिए इन बातों का भी रखें ध्यान

तुलसी को रोज कुछ घंटे धूप वाली जगह पर रखें. सर्दियों में सुबह की हल्की धूप पौधे के लिए अच्छी रहती है. गमले की मिट्टी में पानी जमा न होने दें. जड़ों को ठंड से बचाने के लिए सूखी पत्तियों की हल्की परत से मल्चिंग भी कर सकते हैं.

समय-समय पर पीली और सूखी पत्तियों को हटाते रहें. महीने में एक बार मिट्टी की ऊपरी परत को हल्के हाथ से ढीला कर सकते हैं. इस दौरान ध्यान रखें कि पौधे की जड़ों को नुकसान न पहुंचे.



Source link