Last Updated:
Bihar Success Story: गोरखपुर की श्रेयांसी श्रीवास्तव भागलपुर IIIT से कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई कर रही हैं. पढ़ाई पूरी होने से पहले ही उन्हें नामी कंपनी कॉग्निजेंट में 12 लाख रुपये का शानदार पैकेज मिला है. उनकी इस सफलता से परिवार और कॉलेज में खुशी का माहौल है.
भागलपुरः इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद हर छात्र का सपना एक अच्छी कंपनी में बेहतरीन पैकेज पाने का होता है. इसके लिए छात्र बेहतरीन इंजीनियरिंग कॉलेजों की तलाश करते हैं. ट्रिपल आईटी (IIIT) भागलपुर इस मामले में छात्रों की पहली पसंद बनता जा रहा है. इस संस्थान का औसत प्लेसमेंट रेट नब्बे प्रतिशत से भी अधिक है. हाल ही में यहां के कई छात्रों का शानदार कंपनियों में चयन हुआ है, जिससे संस्थान का नाम रोशन हुआ है.
कोगेनिजेन्ट कंपनी में हुआ चयन
ट्रिपल आईटी भागलपुर में दाखिला लेते ही छात्रों के मन में अच्छे पैकेज और प्लेसमेंट की उम्मीद जग जाती है. इसके लिए वे शुरुआत से ही कड़ी मेहनत में जुट जाते हैं. इसी कड़ी में गोरखपुर की रहने वाली श्रेयांसी श्रीवास्तव को भागलपुर ट्रिपल आईटी से बड़ी सफलता मिली है. उनका चयन नामी कंपनी कोगेनिजेन्ट में हुआ है. जहां उन्हें बारह लाख रुपये का शानदार पैकेज मिला है.
लोकल 18 से बातचीत के दौरान श्रेयांसी ने अपनी सफलता की पूरी कहानी साझा की. उन्होंने बताया कि उनके पिता मार्केटिंग के क्षेत्र से जुड़े हैं, लेकिन उनकी खुद की रुचि हमेशा से इस तकनीकी क्षेत्र में रही. वह कंप्यूटर साइंस से अपनी इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही हैं. जब उन्होंने संस्थान में दाखिला लिया था, तब उन्हें यह भरोसा तो था कि नौकरी मिल जाएगी, लेकिन पैकेज और कंपनी को लेकर थोड़ी आशंका जरूर थी. कोगेनिजेन्ट जैसी बड़ी कंपनी में चयन होने पर उन्हें बेहद खुशी मिली है.
माता-पिता और फैकल्टी को दिया श्रेय
अपनी इस कामयाबी का श्रेय श्रेयांसी ने अपने माता-पिता, दोस्तों और ट्रिपल आईटी के सभी फैकल्टी सदस्यों को दिया है. उन्होंने बताया कि वे रोजाना करीब छह घंटे की सेल्फ स्टडी करती थीं. इसके अलावा ग्रुप डिस्कशन और कॉलेज का खास शैक्षणिक माहौल उनकी सफलता में बहुत मददगार साबित हुआ.
उन्होंने आगे बताया कि इस संस्थान में पढ़ाई का माहौल, अतिरिक्त गतिविधियां और शिक्षकों का पूरा सहयोग मिलता है. यही वजह है कि यहाँ के ज्यादातर छात्र आसानी से प्लेस्ड हो जाते हैं. संस्थान में शुरुआत से ही कोडिंग पर विशेष ध्यान दिया जाता है. साथ ही सीनियर छात्रों का भी काफी अच्छा सहयोग मिलता है. जिससे प्लेसमेंट के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं आती है.