up ias transfer list, UPSC Success Story : UPSC में 20वीं रैंक, कई जिलों में रहीं DM, 476 दिन बाद गोंडा से हो गया ट्रांसफर

up ias transfer list, UPSC Success Story : UPSC में 20वीं रैंक, कई जिलों में रहीं DM, 476 दिन बाद गोंडा से हो गया ट्रांसफर


UP IAS Transfer List, Gonda DM IAS Priyanka Niranjan: उत्तर प्रदेश में 16 आईएएस अधिकारियों के तबादले के बाद गोंडा की जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन एक बार फिर चर्चा में हैं. उन्हें गोंडा डीएम के पद से हटाकर शासन में विशेष सचिव, नगर विकास विभाग की जिम्मेदारी दी गई है. वहीं लखनऊ में राजस्व परिषद के अपर भूमि व्यवस्था आयुक्त के पद पर तैनात रहे रमेश रंजन को गोंडा का नया जिलाधिकारी बनाया गया है. प्रदेश में हुए इस प्रशासनिक फेरबदल में भदोही, चंदौली, गोंडा, जौनपुर, श्रावस्ती और शामली समेत छह जिलों के डीएम बदले गए हैं.

प्रियंका निरंजन का नाम केवल उनके हालिया तबादले की वजह से चर्चा में नहीं है. उनकी पहचान एक ऐसी अधिकारी के रूप में भी रही है जिन्होंने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी के दौरान कई असफलताओं का सामना किया लेकिन हार नहीं मानी. साल 2008 में यूपीएससी की तैयारी शुरू करने के बाद उन्हें सफलता मिलने में कई साल लगे. आखिरकार सिविल सेवा परीक्षा पास कर वह 2013 बैच की आईएएस अधिकारी बनीं. उनकी प्रशासनिक पारी में मुजफ्फरनगर से लेकर मिर्जापुर, जालौन, बस्ती और गोंडा तक की तैनाती शामिल रही है.

झांसी की रहने वाली हैं प्रियंका निरंजन, जालौन में हुई पढ़ाई

प्रियंका निरंजन उत्तर प्रदेश के झांसी जिले की रहने वाली हैं. उनका परिवार साधारण पृष्ठभूमि से आता है. उनके पिता पीडब्ल्यूडी में कॉन्ट्रैक्टर हैं जबकि उनकी मां गृहिणी हैं. परिवार में उनकी दो बहनें और एक भाई हैं.प्रियंका ने अपनी स्कूली पढ़ाई जालौन से पूरी की. इसके बाद उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन किया. यहां से उन्होंने समाजशास्त्र विषय में स्नातक की पढ़ाई की. आगे की पढ़ाई भी उन्होंने इसी विश्वविद्यालय से जारी रखी और अर्थशास्त्र में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की.

2008 में शुरू की UPSC की तैयारी

प्रियंका निरंजन के आईएएस बनने का सफर आसान नहीं रहा. उन्होंने साल 2008 में सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू की थी. शुरुआत में उन्हें लगातार असफलताओं का सामना करना पड़ा. शुरुआती पांच प्रयासों में सफलता नहीं मिली, लेकिन उन्होंने तैयारी छोड़ने के बजाय अपनी कमियों पर काम करना जारी रखा.आखिरकार उनकी मेहनत रंग लाई. उन्होंने 2012 में आयोजित सिविल सेवा परीक्षा पास की और 20वीं रैंक हासिल की. इसी परीक्षा के आधार पर उन्हें 2013 बैच के आईएएस अधिकारी के रूप में उत्तर प्रदेश कैडर मिला. इस तरह कई साल की तैयारी और लगातार प्रयासों के बाद उनका प्रशासनिक सेवा में आने का सपना पूरा हुआ.वह 2013 बैच की आईएएस अधिकारी बनीं.

सरकारी अस्पताल में बच्चे को जन्म देकर आईं थी चर्चा में

आईएएस बनने के बाद प्रियंका निरंजन की शुरुआती तैनाती मुजफ्फरनगर में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के पद पर हुई. उनके करियर की शुरुआत अगस्त 2015 में शहरी विकास विभाग में असिस्टेंट सेक्रेटरी के पद से हुई थी. इसके बाद नवंबर 2015 में उन्हें मुजफ्फरनगर में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी मिली.मुजफ्फरनगर में तैनाती के दौरान वह एक अलग वजह से भी चर्चा में आई थीं. उन्होंने वहां के राजकीय जिला अस्पताल में अपने बच्चे को जन्म दिया था. उस समय उनकी इस पहल को सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर भरोसे के उदाहरण के तौर पर देखा गया. आमतौर पर संपन्न परिवारों के लोग इलाज और प्रसव के लिए निजी अस्पतालों को प्राथमिकता देते हैं ऐसे में एक आईएएस अधिकारी का सरकारी अस्पताल में प्रसव कराना चर्चा का विषय बना था.

मुजफ्फरनगर से मिर्जापुर तक संभाली कई अहम जिम्मेदारियां

प्रियंका निरंजन ने अपने शुरुआती प्रशासनिक करियर में अलग-अलग पदों पर काम किया. मुजफ्फरनगर में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रहने के बाद जनवरी 2017 में उन्हें एसडीएम की जिम्मेदारी मिली. मई 2017 में उनका तबादला मिर्जापुर कर दिया गया जहां उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी यानी सीडीओ के पद पर काम किया. मिर्जापुर में उनका कार्यकाल जून 2020 तक रहा. इसके बाद उन्हें उत्तर प्रदेश सरकार के सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग में विशेष सचिव बनाया गया. इस पद पर उन्होंने फरवरी 2021 तक काम किया. फरवरी 2021 में प्रियंका निरंजन को जालौन का जिलाधिकारी बनाया गया. यहां उन्होंने जून 2022 तक जिम्मेदारी संभाली. इसके बाद जून 2022 में उन्हें बस्ती का डीएम नियुक्त किया गया. बस्ती में सितंबर 2023 तक रहने के बाद वह मिर्जापुर की जिलाधिकारी बनीं. सितंबर 2023 से जुलाई 2025 तक उन्होंने मिर्जापुर में डीएम के रूप में काम किया.

नून नदी को फिर से जीवित करने के काम से भी जुड़ा रहा नाम

प्रियंका निरंजन की प्रशासनिक पारी में जल संरक्षण और नदी पुनर्जीवन से जुड़ा काम भी काफी चर्चा में रहा.जालौन में जिलाधिकारी रहते हुए उन्होंने नून नदी को फिर से जीवित करने के प्रयासों को आगे बढ़ाया था. यह नदी लंबे समय से सूखने और अस्तित्व खोने की स्थिति में पहुंच गई थी. इसके पुनर्जीवन के लिए जनभागीदारी के साथ काम किया गया.इस पहल की चर्चा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में भी की थी. नदी के पुनर्जीवन से आसपास के किसानों और स्थानीय लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद जताई गई थी. मिर्जापुर में तैनाती के दौरान कर्णावती नदी से जुड़े काम और बस्ती में मनोरमा नदी के पुनर्जीवन की पहल भी उनके कार्यकाल में हुआ.

जुलाई 2025 में बनीं गोंडा की डीएम

मिर्जापुर के बाद प्रियंका निरंजन को जुलाई 2025 में गोंडा का जिलाधिकारी बनाया गया था. यहां उन्होंने जिले के प्रशासनिक कामकाज की जिम्मेदारी संभाली. अब उत्तर प्रदेश सरकार के ताजा प्रशासनिक फेरबदल में उनका तबादला कर दिया गया है.नई जिम्मेदारी के तहत उन्हें विशेष सचिव नगर विकास विभाग बनाया गया है यानी अब वह जिला स्तर पर जिलाधिकारी के रूप में काम करने के बजाय प्रदेश सरकार के नगर विकास विभाग में जिम्मेदारी संभालेंगी.

16 IAS अधिकारियों के तबादले में बदले छह जिलों के डीएम

उत्तर प्रदेश सरकार ने इस बार कुल 16 आईएएस अधिकारियों के तबादले किए हैं. इस प्रशासनिक फेरबदल में भदोही, चंदौली, गोंडा, जौनपुर, श्रावस्ती और शामली के जिलाधिकारी बदले गए हैं. इसके अलावा शासन और अन्य विभागों में भी अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है.प्रियंका निरंजन को नगर विकास विभाग में विशेष सचिव की जिम्मेदारी मिलना इसी फेरबदल का हिस्सा है. उनके करियर पर नजर डालें तो उन्होंने अपने करीब 13 साल के प्रशासनिक सफर में जिला प्रशासन, विकास कार्यों, सिंचाई और जल संसाधन जैसे अलग-अलग क्षेत्रों में काम किया है. अब उनकी नई तैनाती शासन स्तर पर नगर विकास विभाग में होगी.



Source link