मेरठ: जो युवा मेडिकल के क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहते हैं और नीट की तैयारी कर रहे हैं, उनके लिए अच्छी खबर है. उत्तर प्रदेश शासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने लाला लाजपत राय मेडिकल कॉलेज को 16 नई सीटों की स्वीकृति प्रदान की है. इससे मेडिकल की पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों को बेहतर अवसर मिलेंगे. यह जानकारी लोकल-18 से खास बातचीत में लाला लाजपत राय मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. आरसी गुप्ता ने दी.
इन कोर्स में बढ़ाई गईं 16 नई सीटें
लोकल-18 से बातचीत करते हुए प्रिंसिपल डॉ. आरसी गुप्ता ने बताया कि सीटों की बात करें तो पैथोलॉजी में 5, ऑर्थोपेडिक में 3, एनेस्थीसिया में 3, रेडियोलॉजी में 1, इमरजेंसी मेडिसिन में 1 और ट्रांसप्लांट विभाग में 1 सीट की वृद्धि हुई है. इससे आने वाले समय में विद्यार्थियों को इन विषयों में अध्ययन करने का अवसर मिलेगा और मेडिकल शिक्षा की गुणवत्ता में भी सुधार देखने को मिलेगा.
उन्होंने बताया कि इसके साथ ही सुपर स्पेशियलिटी विभाग के लिए भी प्रस्ताव भेजा गया है, जिसका जल्द ही सकारात्मक परिणाम देखने को मिल सकता है.
मेडिकल कॉलेज में बढ़ेंगे विशेषज्ञ डॉक्टर
उन्होंने बताया कि इन सभी विभागों में युवाओं को अध्ययन करने का अवसर मिलेगा, जिससे आने वाले समय में विशेषज्ञ डॉक्टरों की संख्या में भी वृद्धि होगी. उन्होंने कहा कि इमरजेंसी मेडिसिन और ट्रांसप्लांट विभाग में सीटों की स्वीकृति मिलना मेडिकल कॉलेज के लिए बड़ी उपलब्धि है. क्योंकि अब तक लखनऊ के संस्थान में ही युवाओं को इन विषयों में अध्ययन करने का अवसर मिल पाता था.
मरीजों को भी मिलेगा बेहतर इलाज का लाभ
प्रिंसिपल ने बताया कि जब सुपर स्पेशियलिटी विभाग में भी सीटें मिल जाएंगी, तो मेडिकल कॉलेज में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीमें तैयार करने में मदद मिलेगी. इससे आने वाले समय में मरीजों को बेहतर और विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा.
मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में मेरठ को मिलेगी नई पहचान
बताते चलें कि लाला लाजपत राय मेडिकल कॉलेज में पहले से ही मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम काम कर रही है. ऐसे में जब यहां मेडिकल की पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों को नए विभागों में अध्ययन का अवसर मिलेगा, तो विशेषज्ञ डॉक्टरों की नई टीम तैयार होगी. इससे न केवल मेडिकल शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि मरीजों को भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी.