चने में फूल आते ही खतरनाक इल्ली का खतरा, इन आसान उपायों से जरूर बचेगी फसल!
Last Updated:
Chickpea Farming Tips: ठंड में बोई गई चने की फसल में अभी से थोड़ी सावधानी आगे बड़ा नुकसान बचा सकती है. पौधों में फूल आने के साथ कीटों की गतिविधियां बढ़ने लगती हैं. किसान फेरोमोन ट्रैप से निगरानी रखें और शुरुआती संकेत मिलते ही नियंत्रण के उपाय करें.
सतना. नवंबर में चने की बुवाई करने वाले किसानों के लिए फसल की शुरुआती निगरानी बेहद जरूरी है. चने की फसल सामान्य तौर पर शुरुआत में ठीक बढ़ती दिखाई देती है लेकिन जैसे-जैसे मौसम ठंडा होता है और पौधों में फूल आने लगते हैं, कीटों का खतरा बढ़ने लगता है. यही वह समय है जब किसान खेत में लगातार निगरानी रखकर समय रहते बचाव कर सकते हैं. लोकल 18 से बातचीत में सतना के कृषि विशेषज्ञ अमित सिंह ने बताया कि ठंड के मौसम में चने की फसल में कीटों का प्रभाव मुख्य रूप से फूल आने के समय बढ़ता है. इस दौरान इल्लियों का खतरा ज्यादा रहता है और समय पर नियंत्रण करना जरूरी होता है. फली छेदक की इल्ली फूल और बाद में बनने वाली फलियों को नुकसान पहुंचाती है. इल्ली फलियों में छेद करके अंदर मौजूद दानों को खा जाती है, जिससे दाने खराब होने के साथ पैदावार पर भी असर पड़ सकता है.
किसानों को फूल आने से पहले ही खेत का नियमित निरीक्षण शुरू कर देना चाहिए. फूल आने के समय फेरोमोन ट्रैप लगाकर कीटों की मौजूदगी और गतिविधि पर नजर रखी जा सकती है. अगर शुरुआती अवस्था में प्रकोप कम है, तो जैविक और एकीकृत कीट प्रबंधन के उपायों को प्राथमिकता देना बेहतर रहता है. वहीं जब खेत में इल्लियां दिखाई देने लगें या प्रकोप बढ़ता नजर आए, तब बाजार में मिलने वाले कीटनाशक का छिड़काव करना ही बेहतर होता है.
एक्सप्लॉड दवा से फली छेदक और थ्रिप्स का नियंत्रण
एक्सपर्ट के मुताबिक, चने में फली छेदक इल्ली और थ्रिप्स के नियंत्रण के लिए एक्सप्लॉड नाम की दवा का इस्तेमाल किया जाता है, जिसमें इमामेक्टिन बेंजोएट मुख्य रसायन के रूप में मौजूद रहता है. यह दवा इल्लियों पर असर करके उन्हें निष्क्रिय करने में मदद करती है. इसका छिड़काव फसल की अवस्था और कीट के प्रकोप के अनुसार निर्धारित मात्रा में साफ पानी के साथ करना चाहिए. दवा का घोल पत्तियों, फूलों और फलियों पर समान रूप से पहुंचे, इसका ध्यान रखना जरूरी है.
फसल की बढ़वार के लिए टॉनिक का भी इस्तेमाल
एक्सपर्ट ने बताया कि फसल की अच्छी बढ़वार के लिए हाइड्रोप्रो गोल्ड नाम का जैविक टॉनिक भी इस्तेमाल करना फायदेमंद होता है. इसमें प्रोटीन, अमीनो एसिड और जैविक तत्व होते हैं, जो पौधों की बढ़वार और मजबूती में मदद करते हैं. इससे पौधों की जड़ों को मजबूती, पत्तियों में हरियाली और फूल आने में मदद मिलने की बात बताई गई है. इसके इस्तेमाल के लिए 2 से 3 मिलीलीटर प्रति लीटर पानी की मात्रा बताई गई है. एक एकड़ के लिए करीब 250 से 400 मिलीलीटर टॉनिक की जरूरत पड़ सकती है.
एक एकड़ में करीब 700 रुपये तक का खर्च
अमित सिंह के अनुसार, कीटनाशक पर करीब 400 रुपये और टॉनिक पर करीब 300 रुपये तक खर्च आ सकता है, यानी कुल खर्च लगभग 700 रुपये तक हो सकता है. दोनों उत्पादों को पहले अलग-अलग बाल्टियों में थोड़े पानी के साथ अच्छी तरह घोलना चाहिए. इसके बाद स्प्रे पंप या ड्रम में करीब 150 से 200 लीटर साफ पानी लेकर पहले कीटनाशक का घोल और फिर टॉनिक का घोल डालकर अच्छी तरह मिलाएं.
40-50 प्रतिशत फूल आने पर करें छिड़काव
जब चने की फसल में करीब 40 से 50 प्रतिशत फूल आ जाएं या खेत में इल्ली दिखाई देने लगे, तब छिड़काव किया जा सकता है. सुबह ओस सूखने के बाद या शाम के समय पूरी फसल पर समान रूप से स्प्रे करना बेहतर रहेगा. साथ ही किसान जरूरत से ज्यादा नाइट्रोजन देने से बचें और समय पर सिंचाई व खरपतवार नियंत्रण करें. इससे फसल स्वस्थ रहेगी और फली छेदक समेत दूसरे कीटों से होने वाले नुकसान को समय रहते कम किया जा सकेगा.