Last Updated:
Jaipur Narayan Vihar Firing Attack Over Old Enmity: जयपुर के नारायण विहार इलाके में आपसी रंजिश के चलते थार सवार बदमाशों ने निरंकार बजरी सप्लायर की दुकान के बाहर खड़ी दो पिकअप और बाइक में तोड़फोड़ की और कर्मचारी महेंद्र को बाहर बुलाकर उस पर फायरिंग कर दी. महेंद्र ने दुकान का गेट बंद कर अपनी जान बचाई, जिसके बाद बदमाशों ने बंद गेट पर भी दो राउंड फायर किए. वर्ष 2021 में नौकरी से निकाले जाने के बाद आरोपी सचिन की महेंद्र से रंजिश चल रही थी. हमले का वीडियो भी सामने आया है और पुलिस नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश में जुटी है.
Jaipur Crime News: 2021 की रंजिश में आधी रात मचा बवाल, थार सवार बदमाशों ने दुकान पर की ताबड़तोड़ फायरिंग
जयपुर. राजधानी जयपुर के नारायण विहार थाना इलाके में आपसी रंजिश के चलते बदमाशों द्वारा एक युवक पर जानलेवा हमला करने और ताबड़तोड़ फायरिंग करने का मामला सामने आया है. थार जीप में सवार होकर आए हथियारबंद बदमाशों ने पहले एक दुकान के बाहर खड़ी दो पिकअप और एक बाइक में जमकर तोड़फोड़ की और इसके बाद दुकान के कर्मचारी को बाहर बुलाकर उस पर गोलियां चला दीं. गनीमत रही कि युवक ने समय रहते दुकान का गेट बंद कर अपनी जान बचाई, हालांकि बदमाशों ने बंद गेट पर भी दो राउंड फायर किए. इस पूरे हमले का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है.
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह पूरी वारदात नारायण विहार थाना क्षेत्र स्थित निरंकार बजरी सप्लायर की दुकान पर हुई है. मुख्य आरोपी सचिन पहले इसी दुकान पर काम करता था, लेकिन वर्ष 2021 में उसे नौकरी से निकाल दिया गया था. इसी बात को लेकर आरोपी सचिन की दुकान पर काम करने वाले कर्मचारी महेंद्र से लंबे समय से रंजिश चल रही थी. इसी पुरानी दुश्मनी का बदला लेने के लिए सचिन ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया.
रात 12 बजे तोड़फोड़ के बाद तड़के साढ़े तीन बजे लौटे बदमाश
घटनाक्रम के अनुसार, सोमवार रात करीब 12 बजे थार जीप सवार बदमाश निरंकार बजरी सप्लायर की दुकान के बाहर पहुंचे और वहां खड़ी दो पिकअप गाड़ियों व एक मोटरसाइकिल में जमकर तोड़फोड़ कर फरार हो गए. इसके करीब साढ़े तीन घंटे बाद तड़के 3.30 बजे आरोपी सचिन अपने साथियों के साथ दोबारा मौके पर लौटा. बदमाशों ने दुकान के बाहर खड़े होकर गाली-गलौच शुरू कर दी और कर्मचारी महेंद्र को ललकारते हुए दुकान से बाहर बुलाया.
गेट बंद कर बचाई जान, बंद गेट पर भी किए दो फायर
जैसे ही महेंद्र बाहर निकलने के लिए दरवाजे के पास आया, बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से उस पर फायरिंग शुरू कर दी. अचानक हुई गोलीबारी को देख महेंद्र ने फुर्ती दिखाते हुए तुरंत दुकान का गेट अंदर से बंद कर लिया, जिससे उसकी जान बच गई. गेट बंद होने के बाद भी बदमाशों का आतंक जारी रहा और उन्होंने दहशत फैलाने के लिए बंद गेट पर भी दो और राउंड फायर किए. फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया, जिसके बाद सभी बदमाश थार जीप में बैठकर मौके से फरार हो गए.
हमले का वीडियो आया सामने, पुलिस ने कराई नाकाबंदी
इस पूरी वारदात का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बदमाशों की करतूत कैद हुई है. घटना की सूचना मिलते ही नारायण विहार थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया. पुलिस ने पूरे इलाके में नाकाबंदी करवाई है और सामने आए वीडियो के आधार पर थार सवार आरोपी सचिन व उसके साथियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है.