Last Updated:
हरिद्वार में चौधरी चरण सिंह घाट से मेला नियंत्रण भवन तक फैला ब्रिटिश कालीन आर्च पुल करीब 184 साल बाद भी मजबूती से खड़ा है. ऊपरी गंगा नहर के निर्माण कार्यों की निगरानी के लिए बनाए गए इस पुल की खासियत इसकी पारंपरिक निर्माण तकनीक है.
देश में ब्रिटिश हुकूमत के दौरान जब हरिद्वार से उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात तक ऊपरी नहर की खुदाई की जा रही थी तब नहर के आर-पार जाने के लिए कई पुल बनाए गए थे. हरिद्वार में बनाए गए पुलों में एक ऐसा ऐतिहासिक आर्च वाला पुल भी शामिल है जो वर्तमान में चौधरी चरण सिंह घाट से मेला नियंत्रण भवन तक फैला है. करीब तीन से चार फीट चौड़ा यह पुल उस दौर की अनूठी निर्माण कला का जीवंत प्रमाण है.
इस ऐतिहासिक पुल की सबसे खास बात है कि इसके ऊपर से ट्रैफिक नहीं चलता है. साल 1840 में नहर की योजना बनने और 1842 में खुदाई शुरू होने के बाद सबसे पहले आर्च वाले पुल का निर्माण किया गया था. अंग्रेज इंजीनियर और अधिकारी नहर में चल रहे सभी कार्यों का बारीकी से निरीक्षण इस पुल के ऊपर से ही किया करते थे. करीब 184 साल बीत जाने के बाद साल 2026 में भी यह पुल पूरी मजबूती से सीना तानकर खड़ा है.
नहर के ऊपर बने इस लंबे आर्च पुल के नीचे वही पुरानी रेल पटरी भी है जो नहर बंद होने पर दिखाई देती है. उस दौर में इस रेल ट्रैक के माध्यम से ही ट्रॉली में निर्माण सामग्री लाई जाती थी और अंग्रेज अधिकारी इसमें बैठकर कार्यों का निरीक्षण भी किया करते थे. आज के आधुनिक दौर के बने पुल कुछ ही सालों में जर्जर हो जाते हैं तो वहीं अंग्रेजों के शासनकाल में बना यह ऐतिहासिक पुल आज भी बिना किसी नुकसान के ज्यों का त्यों खड़ा है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
इस पुल के मध्य में खड़े होने और बैठने के लिए एक विशेष स्थान भी बनाया गया है जिसके ठीक सामने हर की पौड़ी का ब्रह्मकुंड घाट और घाट पर होने वाली गंगा आरती स्पष्ट नजर आती है. उस समय अंग्रेजी शासन के अधिकारी और विशिष्ट अतिथि इसी स्थान पर खड़े होकर हरिद्वार के भव्य नजारे और गंगा आरती देखा करते थे. ऐतिहासिक पुल पर बना यह स्थान अपनी बनावट और खूबसूरती के कारण आज भी लोगों को आकर्षित करता है.
गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में पुरातत्व विभाग के प्रोफेसर डॉ. दिलीप कुमार कुशवाहा ने इस पुल के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह पुल 1840 के दशक की बेहतरीन अभियांत्रिकी का नमूना है. उन्होंने कहा कि उस समय सीमेंट या सरिये का उपयोग नहीं होता था. अंग्रेज इंजीनियरों ने इस आर्च वाले पुल का निर्माण पारंपरिक देसी सामग्री जैसे सुर्खी, चूना, गुड़, उड़द की दाल आदि के विशेष मिश्रण से किया था जो इसे मजबूती देता है.
प्रोफेसर डॉ. दिलीप कुमार कुशवाहा के अनुसार गुड़, चूना, सुर्खी और उड़द की दाल का मिश्रण समय के साथ पत्थर से भी ज्यादा कठोर हो जाता है. यही कारण है कि सन 1842 के आसपास बना यह आर्च पुल लगभग दो सदियां बीत जाने के बाद साल 2026 में भी मजबूती से खड़ा हुआ है. उन्होंने बताया कि मेहराबदार यानी आर्च डिजाइन होने की वजह से पुल का पूरा भार किनारों पर बराबर बंट जाता है जिससे इस पुल की आयु ओर बढ़ गई है.
डॉ. कुशवाहा आगे बताते है कि नहर की खुदाई के शुरुआती चरण में कार्यों की निगरानी के लिए अंग्रेजों को एक ऐसे सुरक्षित मार्ग की जरूरत थी जहां से पूरे कार्य पर नजर रखी जा सके. मुख्य यातायात वाले बड़े पुलों से भी पहले इस संकरे निरीक्षण पुल को तैयार किया गया था. उन्होंने कहा कि आज के दौर में बन रहे पुलों की तुलना में यह ब्रिटिश कालीन धरोहर अपनी देसी निर्माण तकनीक की वजह से आज भी सीना तानकर खड़ा है.
उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के सहायक अधिशासी अभियंता भारत भूषण ने स्पष्ट किया है कि यह ब्रिटिश कालीन आर्च पुल ऐतिहासिक धरोहर है. उन्होंने बताया कि पुल के बीच बना विशेष स्थान वीवीआईपी मेहमानों के खड़े होकर या बैठकर गंगा आरती देखने के लिए बनाया गया था. साल 1950 के आसपास इस पुल का एक बार जीर्णोद्धार भी कराया गया था. अधिकारी के अनुसार पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने भी इसी पुल के मध्य में बने स्थान पर बैठकर हर की पैड़ी की गंगा आरती देखी थी.