कोटा. आज के दौर में जहां युवा पढ़ाई पूरी करने के बाद बड़े शहरों में कॉर्पोरेट नौकरियों की तलाश करते हैं, वहीं कोटा के दो 22 वर्षीय जेन-जी दोस्तों ने एक बिल्कुल अलग और प्रेरणादायक राह चुनी है. खेती का कोई पूर्व अनुभव न होने के बावजूद महावीर नगर निवासी हर्षित जैन और स्काई लाइन निवासी सन्मय जैन ने पढ़ाई करते-करते पारलिया गांव में 25 बीघा जमीन पर जैविक खेती शुरू कर दी है. दोनों दोस्तों की यह पहल आज न केवल लोगों की थाली में शुद्ध और पौष्टिक भोजन पहुंचा रही है, बल्कि कई युवाओं के लिए प्रेरणा भी बन रही है.
सन्मय जैन बचपन से ही अखबारों में खेती में इस्तेमाल होने वाले रसायनों के दुष्प्रभाव की खबरें पढ़ते थे. वे देखते थे कि घर का सादा खाना खाने के बावजूद लोग ब्लड प्रेशर और शुगर जैसी बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं. परिवार के पास जमीन उपलब्ध होने के कारण उन्होंने वहां शुद्ध और जैविक खेती करने की ठानी. वहीं, हर्षित जैन का मानना है कि देश में जो कुछ भी इस्तेमाल होता है, उसकी जड़ में खेती ही है, लेकिन इसके बावजूद मिट्टी की सेहत दिन-ब-दिन बिगड़ रही है और किसानों की स्थिति कमजोर हो रही है. इसी सोच के साथ दोनों ने जमीन से जुड़ने का फैसला किया.
चुनौतियों से नहीं घबराए, देशभर में घूमकर सीखे खेती के गुर
दोनों दोस्तों के लिए इस सफर की शुरुआत आसान नहीं थी. शुरुआत में उन्हें कृषि सामग्री की समझ, फसल को पोषण देने और कीट-रोग पहचानने में काफी दिक्कतें आईं. गांव में न ट्रैक्टर की समझ थी और न ही मिट्टी की प्रकृति का ज्ञान था. कभी पानी की कमी, कभी मोटर खराब होने तो कभी बिजली की समस्या से जूझना पड़ा. जैविक खेती के पहले साल में फसलों में अलग तरह की बीमारियां भी आईं, लेकिन दोनों हार मानने के बजाय डटे रहे. उन्होंने कृषि में बीटेक और एमटेक कर रहे छात्रों को अपने साथ जोड़ा, कोटा और जयपुर के उद्यानिकी व कृषि विभागों से सहयोग लिया और आईसीएआर (ICAR) दिल्ली व जोधपुर तक जाकर प्रशिक्षण लिया. देशभर में घूमकर जैविक विधियों पर शोध भी किया.
बायोटेक्नोलॉजी और सीए के ज्ञान से खड़ा किया ‘सखी फार्म्स’
दोनों दोस्तों ने अपनी पढ़ाई के कौशल को खेती के व्यवसाय में बखूबी उतारा है. हर्षित बायोटेक्नोलॉजी के छात्र हैं और वे मिट्टी व फसल प्रबंधन की जिम्मेदारी संभालते हैं, जबकि सन्मय सीए इंटरमीडिएट पास हैं और वित्तीय प्रबंधन व बिजनेस का काम देखते हैं. दोनों ने नवंबर 2024 में अपनी कंपनी बनाई और जून 2025 से विधिवत खेती शुरू कर इसे ‘सखी फार्म्स’ नाम दिया. शुरुआत लौकी, टमाटर और भिंडी से की गई थी, लेकिन अब वे खीरा, स्वीट कॉर्न, स्ट्रॉबेरी, गेहूं, मक्का, तिल, गन्ना, ब्रोकली, पालक, गाजर और चुकंदर जैसी दर्जनों फसलें उगा रहे हैं. अब उन्होंने एक दुकान भी खोल ली है, जहां से इन जैविक उत्पादों का वितरण और होम डिलीवरी की जाती है.
दोगुना हुआ मिट्टी का ऑर्गेनिक कार्बन, खेत में लगाए 1000 से अधिक पेड़
इन दोनों युवाओं की मेहनत का असर खेत की मिट्टी की सेहत पर साफ दिखाई दे रहा है. खेती शुरू करने से पहले खेत की मिट्टी में ऑर्गेनिक कार्बन महज 0.17 प्रतिशत था, जो अब बढ़कर 0.35 प्रतिशत हो गया है और अगले तीन साल में इसे 1 प्रतिशत से अधिक करने का लक्ष्य रखा गया है. 25 बीघा के इस फार्म में ताइवान पिंक अमरूद के 300, नींबू के 360, जामुन के 100 और आम्रपाली सहित अन्य किस्मों के आम मिलाकर कुल 1,000 से अधिक पेड़ लगाए गए हैं. जैव विविधता बढ़ाने के लिए क्यारियों में गेंदा सहित हरी खाद वाली फसलें लगाई गई हैं. वे पांच गायों के गोबर और गौमूत्र से जीवामृत तैयार करते हैं तथा वर्मीवॉश, वेस्ट डी-कंपोजर, ट्राइकोडर्मा व जैविक कीटनाशकों के साथ सिंचाई के लिए ड्रिप इरिगेशन और मल्चिंग तकनीक का उपयोग कर रहे हैं.