Last Updated:
Ravi Pradosh Vrat: रवि प्रदोष व्रत पर भगवान शिव के साथ सूर्यदेव की उपासना का विशेष महत्व है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन विधि-विधान से दोनों देवताओं की पूजा करने से करियर में तरक्की के योग बनते हैं. साथ ही सफलता और उन्नति के नए रास्ते खुलते हैं.
उज्जैन. हिंदू धर्म में प्रदोष व्रत को भगवान शिव की कृपा प्राप्त करने का विशेष अवसर माना जाता है. यह व्रत हर महीने कृष्ण और शुक्ल पक्ष की त्रयोदशी तिथि को रखा जाता है. इस दिन भक्त भगवान शिव और माता पार्वती की विधि-विधान से पूजा-अर्चना करते हैं. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, प्रदोष काल में महादेव की आराधना करने से जीवन के कष्ट दूर होते हैं और सुख, शांति व समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होता है. उज्जैन के ज्योतिषाचार्य पंडित आनंद भारद्वाज के अनुसार, नवंबर का अंतिम और कार्तिक मास का प्रदोष व्रत विशेष फलदायी माना जा रहा है. इस दिन शिवलिंग पर जल, दूध और बेलपत्र अर्पित कर श्रद्धापूर्वक पूजा करने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है.
वैदिक पंचांग के अनुसार, कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की त्रयोदशी तिथि की शुरुआत 22 नवंबर को सुबह 4 बजकर 56 मिनट पर होगी. वहीं इस तिथि का समापन 23 नवंबर को रात 2 बजकर 36 मिनट पर होगा. ऐसे में प्रदोष काल को देखते हुए व्रत 22 नवंबर को रखा जाएगा. यह व्रत रविवार को पड़ रहा है इसलिए यह रवि प्रदोष व्रत कहलाएगा. इस दिन पूजा का शुभ मुहूर्त शाम 4 बजकर 59 मिनट से 7 बजकर 37 मिनट तक रहेगा.
रवि प्रदोष व्रत का महत्व
रवि प्रदोष व्रत के दिन भगवान शिव के साथ सूर्यदेव की पूजा करना भी बहुत शुभ माना जाता है. मान्यता है कि इस दिन दोनों देवताओं की आराधना करने से व्यक्ति को करियर में आगे बढ़ने के अवसर मिलते हैं और सफलता के नए रास्ते खुलते हैं. जो लोग नौकरी या व्यवसाय में प्रगति चाहते हैं, उनके लिए यह दिन खास माना जाता है. शिव पुराण और स्कंद पुराण में भी रवि प्रदोष व्रत का महत्व बताया गया है. इनमें उल्लेख है कि इस दिन श्रद्धा और नियम से उपवास रखने पर व्यक्ति को रोगों से राहत मिलती है और जीवन के कई दोष दूर होते हैं, साथ ही घर में सुख-समृद्धि और धन की वृद्धि का आशीर्वाद भी प्राप्त होता है. इस व्रत को आस्था और विश्वास के साथ करना लाभकारी माना जाता है.
इन नियमों का जरूर करें पालन
1. प्रदोष व्रत के दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान आदि के बाद सूर्यदेव को अर्घ्य देकर व्रत का संकल्प लें.
2. इसके बाद पूजा स्थल की अच्छे से सफाई करके भगवान शिव का पंचामृत से अभिषेक करें.
3. शिव परिवार का पूजन करें और शिवलिंग पर बेलपत्र, फूल, धूप, दीप आदि अर्पित करें. इसके बाद प्रदोष व्रत की कथा का पाठ करें.
4. संध्याकाल में भगवान शिव की आरती करें. इससे पहले शिव चालीसा का पाठ जरूर करें. इसके बाद ही अपना उपवास खोलें.