दरभंगा: पूर्वी प्रखंड भाजपा के पूर्व उपाध्यक्ष ने तिलकेश्वर थाना में आवेदन दिया है. भाषण का वीडियो क्लिप भी सौंपा , मीडिया में वीडियो क्लिप वायरल ,भाजपा पूर्वी जिला अध्यक्ष विनय पासवान ने किया पलटवार भड़के कहा ,मामला निषाद समाज के कुलदेवता भगवान बाबा अमर सिंह महाराज के मंदिर निर्माण को लेकर , वहीं मुकेश सहनी का आरोप की संतोष यादव मंदिर निर्माण में बाधा डाल रहे है.
दरभंगा से इस वक्त की बड़ी खबर आ रही है, जहां VIP प्रमुख एवं बिहार सरकार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी अपने ही एक बयान को लेकर विवादों में घिर गए हैं। उन पर भाजपा नेता को छह इंच छोटा करने की धमकी देने का आरोप लगा है। मामले को लेकर पूर्वी प्रखंड भाजपा के पूर्व उपाध्यक्ष संतोष यादव ने तिलकेश्वर थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने मुकेश सहनी के भाषण का ऑडियो क्लिप भी पुलिस को सौंपा है। वहीं, उनका यह भाषण सोशल मीडिया और मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है.
दरअसल, पूरा मामला कुशेश्वरस्थान पूर्वी प्रखंड के महिषौत गांव में निषाद समाज के कुलदेवता भगवान बाबा अमर सिंह महाराज के मंदिर निर्माण से जुड़ा है। बताया जा रहा है कि मंदिर निर्माण सहनी समाज के लोगों की ओर से कराया जा रहा है। वहीं, भाजपा नेता संतोष यादव की मांग है कि मंदिर सरकारी जमीन पर बनने के कारण इसे किसी एक समाज के बजाय सार्वजनिक मंदिर के रूप में विकसित किया जाए।
संतोष यादव ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि 14 नवंबर को मुकेश सहनी ने उन्हें फोन कर मंदिर निर्माण का विरोध करने को लेकर सवाल किया था। वहीं, 15 नवंबर को मुकेश सहनी महिषौत गांव पहुंचे और समाज के लोगों के साथ बैठक की। इस दौरान भाषण देते हुए उन्होंने संतोष यादव को छह इंच छोटा करने की धमकी दी। संतोष यादव का आरोप है कि मुकेश सहनी ने इसे भाजपा नेता के साथ लड़ाई भी बताया।
इधर, मुकेश सहनी का आरोप है कि भाजपा नेता संतोष यादव निषाद समाज के कुलदेवता भगवान बाबा अमर सिंह महाराज के मंदिर निर्माण में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। इसी मुद्दे को लेकर उन्होंने गांव पहुंचकर समाज के लोगों के साथ बैठक की और अपनी नाराजगी जाहिर की।
वहीं, इस पूरे मामले पर भाजपा के पूर्वी जिला अध्यक्ष विनय पासवान ने भी पलटवार किया है। उन्होंने मुकेश सहनी के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए नाराजगी जाहिर की है।कहा ये सम्राट चौधरी की सरकार है जंगलराज की बात नहीं चलेगा।जब दोनों समाज के लोग आपस में बैठ कर समझौता कर लेंगे ऐसा बयान देना नहीं चाहिए था।जिससे समाज भड़के।
इधर, तिलकेश्वर थानाध्यक्ष केशरी नंदन कुमार राम ने आवेदन मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।