BJP विधायक ने प्रशासन को बताया निकम्मा, कहा… ’77 टावर लगे फिर भी नेटवर्क गायब’, डिंडोरी में क्या हुआ?

BJP विधायक ने प्रशासन को बताया निकम्मा, कहा… ’77 टावर लगे फिर भी नेटवर्क गायब’, डिंडोरी में क्या हुआ?


Last Updated:

Dindori News: डिंडोर की शहपुरा विधानसभा से भाजपा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने मेहंदवानी स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया का औचक निरीक्षण किया. बैंक में नेटवर्क न होने से सर्वर बंद था और ग्रामीणों की भारी भीड़ परेशान थी. इस अव्यवस्था पर विधायक ने प्रशासन को ‘निकम्मा’ बताते हुए केंद्रीय मंत्री से शिकायत की चेतावनी दी.

रिपोर्ट: भीम शंकर साहू

डिंडोरी: शहपुरा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने अपने प्रवास के दौरान मेहंदवानी स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान बैंक परिसर में ग्रामीणों की भारी भीड़ जुटी हुई थी और अव्यवस्था का माहौल दिखाई दिया. बैंक में नेटवर्क की गंभीर समस्या के कारण कामकाज पूरी तरह से ठप था, जिससे दूर-दराज से आए ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था.

काम छोड़कर कई दिनों से चक्कर लगा रहे ग्रामीण
विधायक ओमप्रकाश धुर्वे द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो और पोस्ट के अनुसार, बैंक पहुंचे ग्रामीणों ने उनके सामने अपना दर्द बयां किया. ग्रामीणों ने बताया कि वे अपनी खेती और मजदूरी का जरूरी काम छोड़कर कई दिनों से बैंक के चक्कर काट रहे हैं. घंटों इंतजार करने के बाद भी नेटवर्क न होने से उन्हें खाली हाथ निराश होकर वापस लौटना पड़ता है.

बीएसएनएल नेटवर्क पूरी तरह ठप, सर्वर डाउन
मामले की गंभीरता को देखते हुए जब विधायक ने बैंक कर्मचारियों से बात की, तो कर्मचारियों ने नेटवर्क व्यवस्था की पोल खोल दी. उन्होंने बताया कि बैंक में बीएसएनएल (BSNL) का नेटवर्क बिल्कुल नहीं आ रहा है. इसके अलावा जो निजी कंपनियों का नेटवर्क उपलब्ध है, वह भी इतना कमजोर है कि उससे बैंक का सर्वर नहीं चल पाता.

विधायक ने प्रशासन को बताया ‘निकम्मा’
बैंक की यह बदहाली देखकर विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने स्थानीय प्रशासन और दूरसंचार विभाग पर जमकर अपनी नाराजगी जताई. उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि जिले में 77 मोबाइल टावर स्थापित किए गए हैं, जिन्हें लगे हुए दो साल बीत चुके हैं. इसके बावजूद क्षेत्र में नेटवर्क की इतनी बड़ी समस्या बनी हुई है. उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए स्थानीय प्रशासन को ‘बिल्कुल निकम्मा’ और ‘मौन’ करार दिया.

केंद्रीय मंत्री से शिकायत की चेतावनी
विधायक धुर्वे ने मौके पर ही मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए और परेशान ग्रामीणों को जल्द समाधान का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि वे इस समस्या को लेकर बैंक के उच्चाधिकारियों (RM) से बात कर रहे हैं. साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि वे इस मामले की शिकायत सीधे केंद्रीय मंत्री से करेंगे, ताकि क्षेत्र में नेटवर्क समस्या का समाधान हो सके.



Source link