इटावा: दिल्ली हावड़ा रेल मार्ग के इटावा कानपुर रेलखंड के मध्य भरथना फफूंद और झींझक रेलवे स्टेशन के कायाकल्प के लिए रेल मंत्रालय ने हरी झंडी दे दी है. तीनों रेलवे स्टेशन के कायाकल्प के लिए रेल मंत्रालय में 48 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी है. इटावा जिले के भरथना औरैया जिले के फफूंद और कानपुर देहात के झींझक रेलवे स्टेशन का कायाकल्प रेलवे मंत्रालय करने जा रहा है.
उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल ने कानपुर-इटावा रेलमार्ग पर स्थित तीन प्रमुख रेलवे स्टेशनों के विकास के लिए 48 करोड़ 89 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की है. इस योजना के तहत इटावा जिले के भरथना, औरैया जिले के फफूंद और कानपुर देहात के झींझक रेलवे स्टेशन का कायाकल्प किया जाएगा. स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं का विस्तार करने के साथ भवनों का निर्माण, प्लेटफार्म का विस्तार, प्रतीक्षालयों का आधुनिकीकरण, शौचालय, पार्किंग और आवागमन की व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा.
रेलवे की इस विकास योजना में दिव्यांग यात्रियों की सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया गया है. तीनों स्टेशनों पर अलग-अलग विकास कार्यों के लिए बजट निर्धारित किया गया है. इन कार्यों का उद्देश्य यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ स्टेशन परिसर को अधिक व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाना है.
इटावा जिले के भरथना रेलवे स्टेशन के विकास के लिए 19 करोड़ 28 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं. इसके तहत स्टेशन पर नया बुकिंग कार्यालय बनाया जाएगा. यात्रियों की सुविधा के लिए एप्रोच पाथवे, कवर्ड पैसेज और एंट्री प्लाजा का निर्माण कराया जाएगा. प्लेटफार्म संख्या तीन और चार के विस्तारित हिस्से को करीब 325 मीटर तक ऊंचा किया जाएगा. इसके अलावा स्टेशन परिसर में पुराने और अनुपयोगी ढांचों को हटाकर सड़क, नाली और सीमा दीवार का निर्माण कराया जाएगा. प्रतीक्षालय सहित यात्रियों की जरूरत से जुड़ी अन्य सुविधाओं को भी विकसित किया जाएगा. इन कार्यों से स्टेशन पर यात्रियों के आवागमन और ट्रेन का इंतजार करने की व्यवस्था पहले से बेहतर होने की उम्मीद है.
औरैया जिले के फफूंद रेलवे स्टेशन के विकास के लिए 18 करोड़ 61 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है. यहां नया जी प्लस वन भवन बनाया जाएगा. भवन के प्रथम तल पर यात्रियों के ठहरने के लिए रिटायरिंग रूम और लिफ्ट की सुविधा विकसित की जाएगी. इसके साथ ही स्टेशन के दूसरे प्रवेश द्वार पर बुकिंग कार्यालय, प्रतीक्षालय, शौचालय और यात्रियों के बैठने की व्यवस्था की जाएगी. दूसरे प्रवेश द्वार के विकास से यात्रियों को स्टेशन तक पहुंचने और बाहर निकलने में अधिक सुविधा मिलेगी. रेलवे की योजना के तहत फफूंद स्टेशन को आधुनिक यात्री सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा.
कानपुर देहात के झींझक रेलवे स्टेशन के विकास के लिए 11 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं. यहां प्रतीक्षालय का आधुनिकीकरण कराया जाएगा और शौचालयों की व्यवस्था में सुधार किया जाएगा. दिव्यांग यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मॉड्यूलर शौचालय का निर्माण कराया जाएगा. इसके अलावा प्लेटफार्म संख्या तीन और चार का करीब 240 मीटर तक विस्तार किया जाएगा. इन कार्यों से स्टेशन पर यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ प्लेटफार्म की क्षमता और व्यवस्था में भी सुधार होगा.
रेलवे की इस योजना में केवल स्टेशन भवनों के निर्माण तक ही विकास कार्य सीमित नहीं रहेंगे. पार्किंग, बैठने की व्यवस्था, शौचालय, हरित क्षेत्र, प्लेटफार्म और स्टेशन परिसर में प्रवेश एवं निकास की व्यवस्था को भी बेहतर बनाया जाएगा. यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बुनियादी ढांचे को आधुनिक स्वरूप दिया जाएगा.
प्रयागराज रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि भरथना,फफूंद और झीझक स्टेशनों के विकास में भवन निर्माण के साथ पार्किंग, बैठने, शौचालय, दिव्यांगजन सुविधाओं, प्लेटफार्म, हरित क्षेत्र और आवागमन व्यवस्था को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है.
रेलवे की ओर से तीनों स्टेशनों के विकास के लिए 48.89 करोड़ रुपये की स्वीकृति क्षेत्र के रेल यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है. विकास कार्य पूरे होने के बाद भरथना, फफूंद और झींझक रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी. इससे न केवल यात्रियों की सहूलियत बढ़ेगी, बल्कि इन स्टेशनों का बुनियादी ढांचा भी पहले की अपेक्षा अधिक बेहतर और व्यवस्थित हो सकेगा.