बिहार में मात्र 289 रुपये में होगा गाय-भैंस का बीमा, मौत पर मिलेगा 50 हजार तक
Last Updated:
Bihar Animal Insurance Scheme: बिहार में पशुपालकों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से पशु बीमा योजना संचालित की जा रही है. इस योजना के तहत गाय और भैंस जैसे दुधारू पशुओं का बीमा कराया जा रहा है. खास बात यह है कि पशुपालकों को एक पशु का बीमा कराने के लिए मात्र 289 रुपये प्रीमियम देना होगा. इसके बदले पशु की मृत्यु होने पर अधिकतम 50 हजार रुपये तक का बीमा कवरेज मिलेगा. इससे पशुपालकों को अचानक होने वाले आर्थिक नुकसान से राहत मिल सकेगी. जानिए प्रोसेस.
जिला गव्य विकास कार्यालय की ओर से इस योजना के लिए पशुपालकों को जागरूक किया जा रहा है. पशु मेला के साथ-साथ कार्यालय में भी बीमा कराने के लिए आवेदन फॉर्म भरे जा रहे हैं. इच्छुक पशुपालक अपने दुधारू पशुओं का बीमा करा सकते हैं. योजना के तहत प्रति पशु 289 रुपये प्रीमियम निर्धारित किया गया है. एक गाय या भैंस का बीमा कराने पर पशुपालक को यह राशि देनी होगी. बीमा की अवधि एक साल रहेगी. बीमा फॉर्म भरने की प्रक्रिया शुरू है.
एक साल के दौरान यदि पशु की किसी बीमारी अथवा दुर्घटना के कारण मृत्यु हो जाती है तो बीमा शर्तों के अनुसार पशुपालक को अधिकतम 50 हजार रुपये तक की सहायता मिल सकती है. गया जिला डेयरी फिल्ड ऑफिसर अनुप कुमार ने बताया पशु बीमा की प्रक्रिया में सबसे पहले बीमा प्रतिनिधि पशुपालक के घर पहुंचेंगे. वहां पशु की पहचान के लिए ईयर टैगिंग की जाएगी. इसके बाद पशु की वीडियोग्राफी भी की जाएगी. टैगिंग के माध्यम से पशु की पहचान सुनिश्चित की जाएगी, ताकि भविष्य में बीमा क्लेम के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं हो.
यदि गाय या भैंस की एक साल की बीमा अवधि के दौरान मृत्यु हो जाती है तो पशुपालक को तत्काल बीमा कंपनी को सूचना देनी होगी. इसके लिए बीमा प्रतिनिधि के मोबाइल नंबर पर संपर्क किया जा सकता है. इसके अलावा पशु के ईयर टैग पर अंकित टोल फ्री नंबर के माध्यम से भी सूचना दी जा सकती है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
पशु बीमा के लिए कार्यालय में आकर निशुल्क फॉर्म भर सकते हैं या डेयरी फिल्ड ऑफिसर अनुप कुमार से 9508895574 संपर्क कर जानकारी प्राप्त किया जा सकता है. बीमा के लिए प्रति पशु 289 रुपया प्रीमियम देना होगा. एक साल तक पशु को बीमा सुरक्षा प्रदान की जा सकती है.
इससे पशु की गंभीर बिमारी, आकस्मिक दुर्घटना या अप्रत्याशित कारणों से मवेशियों की मृत्यु होने पर परिवार को होने वाले आर्थिक नुकसान की भरपाई में मदद मिल सकती है. पशु की मृत्यु होने पर पशुपालक को तत्काल बीमा कंपनी के प्रतिनिधि या विभागीय अधिकारी को इसकी सूचना देनी होगी.