Air Hostess Murder: लूट नहीं, 20 लाख के लिए वर्षा तूरकर की हत्या! कॉलेज फ्रेंड नितेश पर मां ने लगाए संगीन आरोप

Air Hostess Murder: लूट नहीं, 20 लाख के लिए वर्षा तूरकर की हत्या! कॉलेज फ्रेंड नितेश पर मां ने लगाए संगीन आरोप


Last Updated:

Air Hostess Murder Case: एयर इंडिया की एयर होस्टेस वर्षा तूरकर की 14 नवंबर को महाराष्ट्र के बोंडरानी में बेरहमी से हत्या कर दी गई. हत्या का आरोप उनके कॉलेज मित्र नितेश अग्रवाल पर लगा है. परिजनों के अनुसार, 60 लाख रुपये के प्लॉट बिक्री के 20 लाख रुपये के लेन-देन को लेकर यह वारदात हुई. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Zoom

पति और बच्ची के साथ एयर होस्टेस वर्षा तूरकर (फाइल फोटो). मां प्रमिला तूरकर.

रिपोर्ट: चितरंजन नेरकर

Balaghat News: मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के किन्ही गांव की रहने वाली एयर होस्टेस वर्षा तूरकर की बेरहमी से हत्या कर दी गई है. यह वारदात 14 नवंबर को महाराष्ट्र के दौनीवाड़ा थाना क्षेत्र के बोंडरानी गांव में अंजाम दी गई. वर्षा दिवाली की छुट्टियों में अपनी ढाई साल की बेटी के साथ मायके आई हुई थीं. इस हत्याकांड का आरोप वर्षा के कॉलेज के दोस्त नितेश अग्रवाल पर लगा है. पुलिस ने आरोपी नितेश को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.

लूटपाट की आशंका खारिज, 20 लाख रुपये का लेन-देन बना विवाद
शुरुआत में इस घटना को लूटपाट से जोड़कर देखा जा रहा था. हालांकि, पुलिस ने लूट की संभावना को पूरी तरह खारिज कर दिया है. वर्षा के गले की सोने की चेन, अंगूठी और कान के बाले घटनास्थल से पूरी तरह सुरक्षित बरामद हुए हैं. मृतका के पति समर सैयद और मां प्रमिला तूरकर ने बताया कि वर्षा ने हाल ही में नागपुर में अपना एक प्लॉट करीब 60 लाख रुपये में बेचा था. इस रकम में से लगभग 20 लाख रुपये नितेश अग्रवाल के पास थे, जिन्हें वह वापस नहीं लौटा रहा था. इसी पैसों के लेन-देन को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था.

आरोपी के झूठे दावे और पुलिस की जांच
परिजनों का आरोप है कि आरोपी नितेश अग्रवाल ने घटना को छुपाने के लिए झूठी कहानियां गढ़ीं. उसने पहले एक्सीडेंट का ड्रामा रचा और बाद में लूटपाट की बात कही. हालांकि, नितेश के शरीर पर चोट का कोई भी निशान नहीं मिला है. घटनास्थल महाराष्ट्र के दौनीवाड़ा क्षेत्र में होने के कारण खैरलांजी पुलिस ने मर्ग डायरी आगे की कार्रवाई के लिए महाराष्ट्र पुलिस को सौंप दी है. खैरलांजी थाने के एएसआई फूलचंद गजभिए ने बताया कि जांच में वर्षा के शरीर पर चाकू के तीन गहरे घाव मिले हैं. इनमें से एक घाव पेट पर और दो घाव पीठ पर हैं. तीनों घाव लगभग एक समान हैं.

16 सालों का एयरलाइंस करियर
वर्षा तूरकर 16 साल से एयरलाइंस सेक्टर में कार्यरत थीं और पुणे में रहती थीं. उन्होंने साल 2010 में गो एयर (पुणे) से अपने करियर की शुरुआत की थी. इसके बाद उन्होंने विस्तारा एयरलाइंस में काम किया और वर्तमान में वह एयर इंडिया में एयर होस्टेस के पद पर तैनात थीं. वर्ष 2022 में वर्षा ने समर सैयद से प्रेम विवाह किया था. दोनों की एक ढाई साल की बेटी है. उनके पति समर सैयद भी इंदौर में एयरलाइंस में नौकरी करते हैं.

मां का बयान और पुलिस पर परिजनों के गंभीर आरोप
वर्षा की मां प्रमिला तूरकर ने बताया कि नितेश अग्रवाल का उनके घर आना-जाना था और परिवार से अच्छे संबंध थे. घटना वाले दिन नितेश ही वर्षा को अपने साथ लेकर गया था. बाद में नितेश ने ही फोन करके वर्षा को चाकू मारे जाने की सूचना दी और उसे अस्पताल पहुंचाया.

आरोपी नितेश अग्रवाल (फाइल).

नितेश को बचाने का प्रयास!
दूसरी ओर, परिजनों ने पुलिस की जांच प्रणाली पर सवाल उठाए हैं. परिजनों का आरोप है कि नितेश अग्रवाल करोड़पति और प्रभावशाली व्यक्ति है, इसलिए उसे बचाने का प्रयास किया जा रहा है. नितेश के सोशल मीडिया अकाउंट पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, स्थानीय विधायकों और कई राजनीतिक हस्तियों के साथ तस्वीरें भी मौजूद हैं.



Source link