Last Updated:
Haridwar ki local news : कभी सर्दियों के मौसम में राजहंस समेत कई प्रजातियों के विदेशी पक्षी हजारों किलोमीटर की लंबी उड़ान भरकर हरिद्वार के भीमगोडा बैराज पर पहुंचते थे. अब इन प्रवासी पक्षियों की संख्या में लगातार आ रही कमी चिंताजनक है. सात समंदर पार से आने वाले इन मेहमानों ने भीमगोडा बैराज से दूरी क्यों बना ली है. लोकल 18 ने इस बारे में गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के जंतु विज्ञान विभाग के पूर्व प्रोफेसर डॉ. दिनेश भट्ट से बात की. डॉ. दिनेश भट्ट कहते हैं कि साइबेरियन क्रेन जैसे कई पक्षी अब भारत आना लगभग बंद कर चुके हैं. शहरों में ऊंची कांच की इमारतें प्रवासी पक्षियों के लिए जानलेवा साबित हो रही हैं.
हरिद्वार. धर्मनगरी हरिद्वार का भीमगोडा बैराज कभी मध्य एशिया और यूरोप जैसे दूर-दराज के देशों से आने वाले प्रवासी पक्षियों का सबसे सुरक्षित और पसंदीदा ठिकाना हुआ करता था. सर्दियों के मौसम में राजहंस समेत कई प्रजातियों के विदेशी पक्षी हजारों किलोमीटर की लंबी उड़ान भरकर हरिद्वार के भीमगोडा बैराज पर पहुंचते थे. इस प्रवासी पक्षियों को देखने के लिए दूर-दूर से पर्यटक भी आते थे, लेकिन वर्तमान में इन प्रवासी पक्षियों की संख्या में लगातार आ रही कमी चिंताजनक है. आखिर सात समंदर पार से आने वाले इन मेहमानों ने भीमगोडा बैराज से दूरी क्यों बना ली है. इसके पीछे की असली वजह जानने के लिए लोकल 18 ने गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के जंतु विज्ञान विभाग के पूर्व प्रोफेसर डॉ. दिनेश भट्ट से बात की.
साइबेरियन क्रेन ने मोड़ा मुंह
हरिद्वार के भीमगोडा बैराज पर प्रवासी पक्षियों की घटती संख्या के बारे में डॉ. दिनेश भट्ट कहते हैं कि साइबेरियन क्रेन जैसे कई पक्षी अब भारत आना लगभग बंद कर चुके हैं. इसका मुख्य कारण यात्रा के दौरान उनके रुकने वाले स्थानों पर उनका शिकार होना है. इसके अलावा, ग्लोबल वार्मिंग के कारण उनके देश में मौसम गर्म रहने से उन्हें यहां आने की जरूरत नहीं होती हैं. डॉ. दिनेश भट्ट बताते हैं कि ताल तलैया में बस्तीकरण होना, नदियों में खनन, ट्रैक्टर-बग्गियों की आवाजाही और स्थानीय स्तर पर होने वाले शिकार जैसी मानवीय दखलअंदाजी ने भी विदेशी मेहमानों को यहां से दूर कर दिया है.
2013 की आपदा बनी आफत
डॉ. दिनेश भट्ट कहते हैं कि भारत और यूरोप के शहरों में ऊंची कांच की इमारतें प्रवासी पक्षियों के लिए जानलेवा साबित हो रही हैं. कांच में परछाई नहीं दिखने के कारण पक्षी उनसे टकराकर मर रहे हैं. कांच की इमारतों से टकराकर नीचे गिरे कई पक्षी उन्होंने अपनी मॉस्को और कनाडा की यात्रा में देखे हैं. डॉ. दिनेश भट्ट के मुताबिक, जलाशयों के पास बने हाईवे पर दिन-रात ट्रैफिक चलने के शोर से भी पक्षी जगह छोड़ देते हैं. हरिद्वार के भीमगोडा बैराज का विशेष जिक्र करते हुए वे कहते हैं कि साल 2013 की आपदा में बैराज के बीच स्थित एक बड़ा टापू बह गया था. उस टापू की ऊंची झाड़ियों में पक्षी खतरे के समय छिप जाते थे, लेकिन आशियाना उजड़ने से अब पक्षियों ने यहां आना कम कर दिया है.