Last Updated:
GST Fraud : कर्नाटक में एक शख्स हर महीने सिर्फ 15000 कमाता था. लेकिन एक दिन उसे पता चला कि उसके नाम पर 350 करोड़ रुपये का ट्रांजेक्शन हो चुका है. वह भी कोई एक दिन में नहीं, बल्कि महीनों से यह हो रहा है. इस शख्स को कुछ भी पता नहीं. अधिकारी जब इसके घर पहुंचे तो घरवाले भी सुनकर परेशान हो गए.
कर्नाटक के एक शख्स के साथ गजब का फ्रॉड हुआ.
कर्नाटक के बेल्लारी से एक ऐसा मामला आया है, जिसे सुनकर आपके होश उड़ जाएंगे. एक आदमी जो महीने के सिर्फ 15 हजार रुपये कमाता है, उसे एक दिन पता चला कि उसके नाम से 350 करोड़ रुपये का धंधा चल रहा है. उनके नाम पर जीएसटी का बिल कटता जा रहा है और उसे कुछ पता ही नहीं. जब यह बिल देखा तो उसकी हालत खराब हो गई. फिर जो हुआ वह और भी हैरान करने वाला है.
कहानी बेल्लारी के रहने वाले रोशन जमील की है. रोशन एक कार शोरूम में सर्विस एडवाइजर है और उसके पिता दिहाड़ी मजदूरी करते हैं. लेकिन बीते गुरुवार को उसके दरवाजे पर अचानक सेंट्रल जीएसटी के अधिकारी आ धमके. रोशन काम पर गया हुआ था. घर पर उसकी मां थी. जब अधिकारियों ने रोशन के बारे में पूछा तो मां ने बताया कि वो घर पर नहीं है. इसके बाद जो बात अधिकारियों ने बताई, उसने पूरे परिवार के पैरों तले जमीन खिसका दी. अधिकारियों ने कहा कि रोशन के नाम पर जीएसटी रजिस्ट्रेशन है और अब उसे बंद किया जा रहा है. परिवार हैरान था कि जिस लड़के ने जिंदगी में कभी कोई बिजनेस नहीं किया, उसके नाम पर जीएसटी रजिस्ट्रेशन कैसे हो गया?
ऑडिटर ने खोला 350 करोड़ का राज
जीएसटी टीम के जाने के बाद परिवार ने तुरंत एक ऑडिटर से संपर्क किया. ऑडिटर ने जब रोशन की डिटेल चेक की तो वह भी हैरान रह गया. ऑडिटर ने बताया कि रोशन के नाम पर खुले फर्जी जीएसटी अकाउंट से पूरे 350 करोड़ रुपये का लेन-देन किया जा चुका है. रोशन का कहना है कि उसे या उसके परिवार को इस रजिस्ट्रेशन या करोड़ों के लेन-देन के बारे में कभी कोई मोबाइल मैसेज, ईमेल या नोटिफिकेशन नहीं मिला. उनके नाम और पहचान का इस्तेमाल करके कोई और ही करोड़ों का खेल कर रहा था.
पुलिस ने दर्ज की शिकायत
इस खुलासे के बाद परिवार तुरंत पुलिस के पास पहुंचा और एफआईआर दर्ज कराई. पुलिस कानूनी सलाहकारों से राय ले रही है कि इसमें किन धाराओं के तहत केस दर्ज किया जाए. पुलिस ने जीएसटी विभाग को भी खत लिखकर पूरी जानकारी मांगी है कि आखिर यह रजिस्ट्रेशन किसने करवाया और ये 350 करोड़ रुपये किसके खाते में गए.
बिना वेरिफिकेशन कैसे बन गया GST?
इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल सिस्टम पर उठ रहा है. एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने बताया कि किसी भी बिजनेस के लिए जीएसटी नंबर जारी करने से पहले उस पते और ऑफिस का फिजिकल वेरिफिकेशन होना जरूरी होता है. तो फिर रोशन के मामले में बिना जांच के इतना बड़ा रजिस्ट्रेशन कैसे हो गया? पुलिस अब उस शातिर दिमाग की तलाश में जुट गई है, जिसने रोशन की ID चुराकर यह पूरा जाल बुना.