Last Updated:
Bhopal Master Plan: भोपाल के ड्राफ्ट मास्टर प्लान-2047 को माहौल गरमा गया है. हुजूर तहसील कार्यालय में किसानों का जोरदार हंगामा देखने को मिला है, जब उन्होंने ड्राफ्ट की कॉपियां जला डाली. इसके अलावा जमकर नारेबाजी भी की. किसानों का विरोध लैंड यूज बदलने को लेकर है.
भोपाल मास्टर प्लान का किसान कर रहे विरोध (AI तस्वीर)
Bhopal Master Plan 2047: भोपाल मास्टर प्लान 2047 का ड्राफ्ट पहले ही सामने आ चुका है, लेकिन अब इसका विरोध भी शुरू हो गया है. भोपाल के आसपास के 66 गांवों के सैकड़ों किसानों का गुस्सा उस वक्त फूट पड़ा, जब वे अपने खेतों के ‘लैंड यूज’ में प्रस्तावित बदलाव के खिलाफ आपत्ति दर्ज कराने हुजूर तहसील कार्यालय पहुंचे. इस दौरान किसानों ने जमकर हंगामा किया और ड्राफ्ट की कॉपियों को भी जलाया. इससे कुछ समय के लिए स्थिति तनावपूर्ण हो गई.
मास्टर प्लान का क्यों विरोध कर रहे किसान
तहसील परिसर में ही किसानों ने मास्टर प्लान के ड्राफ्ट को आग के हवाले कर दिया. इसके बाद किसानों की दो-टूक चेतावनी है कि वे अपनी उपजाऊ और खेती योग्य जमीन को किसी भी कीमत पर कंक्रीट के जंगल या कमर्शियल प्रोजेक्ट्स की भेंट नहीं चढ़ने देंगे. किसानों की तरफ से आरोप लगाया है कि 66 गांवों की कृषि भूमि को रिवरफ्रंट, फॉरेस्ट, ग्रीन बेल्ट और दूसरी आरक्षित कैटगरी में शामिल किया जा रहा है. किसानों की तरफ से कहा गया है कि उनकी भूमि को प्रभावित करने पर प्रस्तावों पर दोबार विचार किया जाना चाहिए.
किसानों को अपनी कमाई खोने का डर
किसानों का गुस्सा सबसे बड़ा विरोध लैंड यूज बदलने और ‘BIZ जोन 1 और 2’ (बिजनेस जोन) को लेकर है. किसानों का कहना है कि जिन जमीनों पर वे पीढ़ियों से सोना उगा रहे हैं, सरकार उसे कमर्शियल और अन्य गतिविधियों के लिए आरक्षित करना चाहती है. किसानों की तरफ से बताया गया है कि इससे उनकी कमाई का जरिया छिन जाएगा. किसान इन आपत्तियों को बदलने के लिए अड़े रहे.
किसानों ने ग्राम सभाएं करवाने की कर डाली मांग
किसानों का कहना है कि पहले 66 गांवों में ग्राम सभाएं आयोजित की जाएं. इसके अलावा आपत्तियों पर चर्चा की जाए. उसके बाद ही कोई फैसला लिया जाए. किसानों ने अपनी लिखित आपत्तियां प्रशासन को सौंप दी हैं, लेकिन उनके तेवरों से साफ है कि अगर उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में राजधानी में यह आंदोलन और बड़ा रूप ले सकता है.
(रिपोर्ट-रमाकांत दुबे)