Last Updated:
एक्सपोर्ट के मोर्च पर खुशखबरी आई है. भारत का इलेक्ट्रॉनिक्स 44% उछलकर 31.97 अरब डॉलर पर पहुंच गया है. अकेले स्मार्टफोन एक्स्पोर्ट 18.17 अरब डॉलर रहा, लेकिन सबसे बड़ा बदलाव गैर-स्मार्टफोन सेक्टर में दिखा. प्रिंटेड सर्किट बोर्ड के एक्स्पोर्ट में 3219% की रिकॉर्ड तेजी आई, जिसके लिए सिंगापुर और चीन सबसे बड़े बाजार रहे.
भारत से कुछ ऐसे लद लद के दुनिया में जा रहा सामान.
कभी जिस भारत को इलेक्ट्रॉनिक सामानों के लिए सिर्फ चीन का मोहताज माना जाता था, आज वही भारत दुनिया भर में अपने इलेक्ट्रॉनिक प्रोडक्ट्स की धाक जमा रहा है. मंगलवार को वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़े बता रहे हैं कि चीन देखता रह गया और भारत चुपके चुपके खेल कर गया. सरकारी आंकड़ों के मुताबिक- फाइनेंशियल ईयर 2026-27 की पहली छमाही के दौरान भारत के इलेक्ट्रॉनिक एक्सपोर्ट में 44% का जबरदस्त उछाल आया है. अब भारत 2.6 लाख करोड़ रुपये के इलेक्ट्रॉनिक्स प्रोडक्ट दुनिया में बेच रहा है.
पहले हमें लगता था कि हम सिर्फ स्मार्टफोन दुनिया में बेच रहे हैं. बात कुछ हद तक सच भी है. स्मार्टफोन अभी भी भारत की सबसे बड़ी ताकत है. इस साल भी अप्रैल से सितंबर के बीच भारत से करीब 1.5 लाख करोड़ रुपये के स्मार्टफोन्स विदेशों में भेजे गए जो पिछले साल के मुकाबले लगभग 36% ज्यादा है. लेकिन भारत अब सिर्फ मोबाइल असेंबल करने या बेचने वाला देश नहीं रह गया है. भारत अब खुद प्रोडक्ट बना रहा है और उसे दुनिया को बेच रहा है. एक और बात चीन का इलेक्ट्रॉनिक एक्सपोर्ट
बड़े गेम में उतरा भारत
- मोबाइल फोन के अलावा बाकी इलेक्ट्रॉनिक सामानों के निर्यात में रॉकेट जैसी तेजी आई है. गैर-स्मार्टफोन इलेक्ट्रॉनिक्स का निर्यात 56.5% उछलकर 13.79 अरब डॉलर पहुंच गया है. यानी भारत अब उन महंगे और जटिल पुर्जों को भी बनाकर बेच रहा है जो किसी भी टीवी, लैपटॉप, कंप्यूटर या बड़े उपकरणों की जान होते हैं. इनमें सबसे बड़ी छलांग प्रिंटेड सर्किट बोर्ड ने लगाई है.
- माउंटेड पीसीबी (PCB) हरे रंग की वो प्लेट होती है जिस पर सारी चिप्स लगी होती हैं. इसके निर्यात में 3,219 प्रतिशत की रिकॉर्ड तेजी दर्ज की गई है. पिछले साल यह सिर्फ 63.3 मिलियन डॉलर था, जो अब 2.10 अरब डॉलर हो गया है. सबसे ज्यादा 1.87 अरब डॉलर के पीसीबी सिंगापुर भेजे गए हैं.
- पॉप्युलेटेड-लोडेड पीसीबी के निर्यात में 304% का उछाल आया है, और आपको जानकर हैरानी होगी कि इसे खरीदने में चीन सबसे आगे रहा है. जी हां, जिस चीन से हम चिप्स खरीदते थे, अब वो हमसे सर्किट बोर्ड खरीद रहा है.
नेटवर्क उपकरण और चिप्स में भी जलवा
भारत का इंटरनेट नेटवर्क और राउटिंग उपकरण का निर्यात भी दोगुना होकर 1.45 अरब डॉलर तक पहुंच गया है. इन उपकरणों की सबसे ज्यादा डिमांड हांगकांग, अमेरिका और नीदरलैंड जैसे देशों में देखी जा रही है. इसके अलावा मेमोरी चिप्स के निर्यात में 2,333% और स्टोरेज डिवाइस के निर्यात में 1,680% का भारी उछाल आया है.
इस मैजिक के पीछे कारण क्या
प्रोडक्शन-लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) स्कीम के तहत सरकार ने कंपनियों को भारत में फैक्ट्री लगाकर माल बनाने पर बड़ी छूट और फायदे दिए हैं, जिसका असर अब सामने आ रहा है. कोरोना के बाद से दुनिया की बड़ी कंपनियां चीन पर अपनी निर्भरता कम कर रही हैं और अपना काम भारत में शिफ्ट कर रही हैं. भारत सिर्फ असेंबलिंग नहीं कर रहा है, बल्कि अब पार्ट्स, कंपोनेंट्स बनाने वाले छोटे-बड़े उद्योगों का एक पूरा जाल देश में तैयार हो चुका है.