Dhaulpur Panchayat Chunav: शाम 4 बजे तक नहीं पड़ा एक भी वोट, बुजुर्ग ने मतदान किया तो लग गई कतार

Dhaulpur Panchayat Chunav: शाम 4 बजे तक नहीं पड़ा एक भी वोट, बुजुर्ग ने मतदान किया तो लग गई कतार


Last Updated:

Dhaulpur Barauli Village Panchayat Chunav Case: धौलपुर के बरौली गांव में युवक पीतम मीणा की हत्या के विरोध में ग्रामीणों ने चुनाव का बहिष्कार किया. शाम 4 बजे तक एक भी वोट नहीं पड़ा. मुख्य आरोपी सहित 10 लोगों के डिटेन होने के बाद एक महिला और बुजुर्ग मतदान केंद्र पर पहुंचे और वोट डाला. फिर क्या था. और लोग भी वहां पहुंचने लगे. समय खत्म होते-होते कुल 2737 मतदाताओं में से 684 लोगों ने अपने वोट का प्रयोग किया. ये कुछ फिल्मी जान पड़ता है. और सच में अनिल कपूर की फिल्म लोफर में कुछ ऐसा ही हुआ था. आतंक से डर की वजह से जब लोग वोट डालने की हिम्मत नहीं कर पा रहे थे तब एक बूढ़ा इसकी शुरुआत करता है. यही देखकर अन्य लोगों में भी हिम्मत आती है.

Zoom

मतदान केंद्र पर शाम 4 बजे तक नहीं पड़ा था एक भी वोट, फिर एक बुजुर्ग ने पहुंचकर ऐसे तोड़ा सन्नाटा

धौलपुर. राजस्थान के धौलपुर में जो कुछ हुआ वह किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं था. अनिल कपूर की फिल्म लोफर तो आपको याद होगी. फिल्म में एक बुजुर्ग के मतदान के लिए घर से निकलने के बाद पूरा इलाका वोट डालने के लिए प्रेरित हो जाता है. धौलपुर के सरमथुरा क्षेत्र के बरौली गांव में भी कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला. यहां मतदान से एक दिन पहले युवक पीतम मीणा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इसके विरोध में ग्रामीणों ने चुनाव का बहिष्कार कर दिया. सोमवार को शाम 4 बजे तक गांव के किसी भी मतदान केंद्र पर एक वोट भी नहीं पड़ा. ग्रामीण आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे.

फिर शाम करीब 4:15 बजे एक महिला और एक बुजुर्ग मतदान केंद्र पहुंचे और वोट डाला. इसके बाद गांव में मतदान शुरू हुआ. एक बार जब मतदान शुरू हो गया तो फिर लोग मतदान स्थल पर आना शुरू कर दिए. लोगों की कतार लग गई. ग्राम पंचायत बरौली में कुल 2737 मतदाता हैं. ऐसे में जब 4 बजे के बाद लोग आना शुरू किए तो कुल 684 लोग मतदान स्थल तक पहुंचे और वोट दिए. जहां कोई आने वाला नहीं था ऐसे मतदान केंद्र पर कुल 684 वोट पड़े. जो कुल वोट का 24.99 % है.

पीतम मीणा की हत्या के विरोध में ग्रामीणों का बहिष्कार
बरौली गांव में मतदान से एक दिन पहले युवक पीतम मीणा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस घटना के बाद गांव में नाराजगी फैल गई. ग्रामीणों ने साफ कर दिया कि जब तक हत्या के आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, वे वोट डालने नहीं जाएंगे. सोमवार को मतदान शुरू हुआ, लेकिन ग्रामीण अपने फैसले पर कायम रहे. शाम 4 बजे तक मतदान केंद्रों पर सन्नाटा रहा. प्रशासन और पुलिस के अधिकारी लगातार ग्रामीणों को समझाने में लगे थे. ग्रामीणों की मांग थी कि हत्याकांड में शामिल आरोपियों को पकड़ा जाए. इस बीच पुलिस ने भी आरोपियों की तलाश में कार्रवाई तेज कर दी.

मुख्य आरोपी समेत 10 लोग डिटेन, फिर शुरू हुआ मतदान
पीतम मीणा हत्याकांड में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित 10 आरोपियों को डिटेन किया. एसपी विकास सांगवान के निर्देश पर विशेष टीमें बनाई गई थीं. इन टीमों ने रातभर सरमथुरा और करौली क्षेत्र में दबिश दी और आरोपियों को हिरासत में लिया. उधर, बरौली में पुलिस और प्रशासन के अधिकारी ग्रामीणों को मतदान के लिए मनाने में जुटे रहे. काफी देर तक गांव में कोई वोट डालने नहीं पहुंचा. आखिरकार शाम करीब 4:15 बजे एक महिला और एक बुजुर्ग मतदान केंद्र पहुंचे. दोनों ने मतदान किया. इसके बाद गांव में मतदान की प्रक्रिया शुरू हो सकी. सुबह से जिस गांव में एक भी वोट नहीं पड़ा था, वहां शाम को जाकर मतदान की शुरुआत हुई.

हत्या के विरोध और पथराव के बीच पूरी हुई चुनाव प्रक्रिया
धौलपुर जिले में चौथे चरण का मतदान दो अलग-अलग तरह की घटनाओं के कारण चर्चा में रहा. सरमथुरा के बरौली में पीतम मीणा की हत्या के विरोध में ग्रामीणों ने घंटों मतदान नहीं किया. वहीं बसेड़ी की महू-गुलावली ग्राम पंचायत में समर्थकों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. इसके बावजूद जिले में मतदान का कुल आंकड़ा 86.25 प्रतिशत तक पहुंचा. प्रशासन ने मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए मतदान केंद्रों पर पुलिस बल तैनात रखा. बरौली में शाम को एक महिला और बुजुर्ग के वोट डालने से शुरू हुई मतदान प्रक्रिया और महू-गुलावली में पथराव की घटना, दोनों ने इस चुनाव को यादगार बना दिया.



Source link