‘कुल्लू के लोग बाजा बजाने के लिए थोड़ी’, हिमाचल में मंत्री ना बनाने पर नाराज MLA सुंदर सिंह ठाकुर के कड़े तेवर, क्या पार्टी छोड़ेंगे?

‘कुल्लू के लोग बाजा बजाने के लिए थोड़ी’, हिमाचल में मंत्री ना बनाने पर नाराज MLA सुंदर सिंह ठाकुर के कड़े तेवर, क्या पार्टी छोड़ेंगे?


Last Updated:

Himachal Cabinet Expansion: हिमाचल प्रदेश कांग्रेस में मंत्री पद न मिलने से नाराज विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि उनके लिए कुल्लू का सम्मान सर्वोपरि है. उन्होंने पार्टी छोड़ने का फैसला कार्यकर्ताओं पर छोड़ा है. सीएम के ऐलान के बाद भी सुंदर सिंह को अब तक कैबिनेट में जगह नहीं दी गई है और अब कहीं ना कहीं सुंदर सिंह आर पार के मूड में नजर आ रहे हैं.

Zoom

हिमाचल प्रदेश में कैबिनेट विस्तार अटका हुआ है और सुंदर सिंह का नाम सीएम की ओर से घोषित भी किया जा चुका है, लेकिन वह मंत्री नहीं बनाए गए हैं.

धर्मशाला. हिमाचल प्रदेश कांग्रेस में अंदरूनी खींचतान एक बार फिर सामने आती दिख रही है. कुल्लू से कांग्रेस विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने मंत्री नहीं बनाए जाने और कुल्लू को सरकार में पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं मिलने के मुद्दे पर अपनी नाराजगी के संकेत दिए हैं. पार्टी छोड़ने के सवाल पर उन्होंने सीधे तौर पर कोई फैसला सुनाने के बजाय गेंद कार्यकर्ताओं के पाले में डाल दी. उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता जो फैसला करेंगे, वह उसे स्वीकार करेंगे और उनकी बात मानेंगे.

विधानसभा सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि उनके लिए मंत्री बनना कोई मुद्दा नहीं है. असली मुद्दा कुल्लू जिले का सम्मान और वहां के कार्यकर्ताओं की भावनाएं हैं. उन्होंने कहा, “मुझे छोड़िए, मैं मंत्री बनूं या नहीं बनूं, यह कोई मुद्दा नहीं है. कार्यकर्ता हमारी जान हैं. मेरे पास कोई राजनीतिक विरासत नहीं है. मैं किसी राजनीतिक परिवार या राजपरिवार से नहीं हूं. मेरी ताकत मेरे कार्यकर्ता हैं. कार्यकर्ता जो कहेंगे, मैं उनकी बात मानूंगा.”

कुल्लू के कार्यकर्ताओं ने बंद कमरे में रखी अपनी बात

सुंदर सिंह ठाकुर ने कुल्लू दशहरा उत्सव के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, मंत्रियों और पार्टी नेतृत्व की मौजूदगी में हुई बैठक का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौरान कुल्लू के कार्यकर्ता अपनी बात रखना चाहते थे. उन्होंने कहा कि दशहरा उत्सव के अध्यक्ष होने के नाते उनकी प्राथमिकता अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा को भव्य तरीके से आयोजित करवाना था. उन्होंने कहा कि कुल्लू दशहरा देवभूमि का बड़ा उत्सव है. इस बार इसे नए स्तर पर ले जाने का प्रयास किया गया. देवी-देवताओं की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई और 15 देशों के लोगों ने इसमें भाग लिया. ऐसे में उन्होंने बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं की आपसी बातचीत में हस्तक्षेप नहीं किया. सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि बंद कमरे में कार्यकर्ता अपने जिले के सम्मान और राजनीतिक प्रतिनिधित्व को लेकर चर्चा करते हैं तो इसमें कुछ गलत नहीं है. कार्यकर्ताओं की बात सुनना उनकी भी जिम्मेदारी है.

‘कुल्लू के लोग बाजा बजाने के लिए नहीं हैं’

कांग्रेस विधायक ने कुल्लू जिले को पर्याप्त राजनीतिक प्रतिनिधित्व नहीं मिलने पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि कुल्लू कोई नो-मैन्स लैंड नहीं है, बल्कि हिमाचल प्रदेश का महत्वपूर्ण जिला है. कुल्लू ने पर्यटन के क्षेत्र में प्रदेश को देश-दुनिया में पहचान दिलाई है. उन्होंने कहा कि कुल्लू के लोगों को हल्के में नहीं लिया जा सकता. उन्होंने दो टूक कहा, “कुल्लू के लोग बजा बजाने के लिए नहीं हैं. कुल्लू वाले अपने सम्मान के लिए लड़ना जानते हैं. कुल्लू के सम्मान के साथ किसी तरह का समझौता नहीं किया जा सकता.” उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्रियों के कार्यकाल का उदाहरण देते हुए कहा कि प्रदेश के अलग-अलग दौर में कुल्लू को मंत्रिमंडल में प्रतिनिधित्व मिलता रहा है. उन्होंने लालचंद प्रार्थी, ठाकुर कुंज लाल और अन्य नेताओं का जिक्र करते हुए कहा कि कुल्लू की राजनीतिक हिस्सेदारी कोई नई मांग नहीं है.



Source link