9 पारियों में सिर्फ 21 की औसत, गेंदबाजों ने फिर पकड़ ली अय्यर की ‘दुखती नस’, शॉर्ट बॉल का डर या बैटिंग टेक्निक में खामी?

9 पारियों में सिर्फ 21 की औसत, गेंदबाजों ने फिर पकड़ ली अय्यर की ‘दुखती नस’, शॉर्ट बॉल का डर या बैटिंग टेक्निक में खामी?


होमखेलक्रिकेट

गेंदबाजों ने फिर पकड़ ली अय्यर की ‘दुखती नस’, शॉर्ट बॉल का डर या टेक्निक गलत?

Last Updated:

shreyas iyer short ball issue: न्यूजीलैंड दौरे पर श्रेयर अय्यर 9 पारियों में एक बार बिना खाता खोले आउट हुए, जबकि दो बार डबल डिजिट के स्कोर तक भी नहीं पहुंच पाए. पहले और आखिरी टी20 में उनकी क्रमशः 42 और 50 रन की पारी छोड़ दें तो बाकी मुकाबलों में वह गेंदबाजों के आगे संघर्ष करते नजर आए.

Zoom

आउट होकर पवेलियन लौटते श्रेयस अय्यर.

नई दिल्ली. भारतीय टी20 टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर जब भारतीय पिचों पर बल्लेबाजी करते हैं तो उनके आक्रामक अंदाज देखने लायक होता है. इसके आगे अच्छे से अच्छा गेंदबाज भी प्रेशर में आ जाता है. स्पिनरों के खिलाफ उनके लंबे-लंबे छक्के और तेज गेंदबाजों पर पलटवार करने की क्षमता उन्हें खास बनाती है. हालांकि, विदेशी जमीन पर कहानी बदल जाती है. हाल ही में खत्म हुई न्यूजीलैंड के साथ सफेद गेंद की सीरीज में अय्यर का बल्ला उम्मीद के मुताबिक नहीं चला. टी20 और वनडे की 9 पारियों में उनके बल्ले से सिर्फ 21.44 की औसत से कुल 193 रन निकले. वनडे सीरीज में तो उनका बल्ला चला ही नहीं. वनडे सीरीज में दिखा कि एक बार फिर गेंदबाजों ने उनकी पुरानी कमजोरी को निशाना बनाना शुरू कर दिया है. ये कमजोरी है शॉर्ट बॉल. न्यूजीलैंड दौरे अय्यर शॉर्ट गेंद खेलते वक्त सहज नहीं नजर आए. सवाल यह है कि क्या अय्यर अब भी शॉर्ट बॉल के जाल से बाहर नहीं निकल पाए हैं या फिर उनकी बल्लेबाजी तकनीक में कोई ऐसी कमी है, जिसका फायदा विदेशी गेंदबाज लगातार उठा रहे हैं?

शॉर्ट बॉल खेलने की कमजोरी नहीं हो रही दूर
श्रेयस अय्यर की बल्लेबाजी में शॉर्ट बॉल की कमजोरी कोई नई बात नहीं है. पहले भी कई बार तेज गेंदबाजों ने उनके खिलाफ इस रणनीति का इस्तेमाल किया है. हालांकि, अब अय्यर ने इस गेंद से बचने के बजाय उसका सामना करने का तरीका अपनाया है. वह गेंद के नीचे से निकलने या पीछे हटने के बजाय पुल और हुक शॉट खेलने की कोशिश करते हैं, लेकिन गेंदबाजों ने उनकी इसी आक्रामक सोच का फायदा उठाना शुरू कर दिया है. वे लगातार शॉर्ट बॉल डालकर अय्यर को बैकफुट पर खेलने के लिए मजबूर करते हैं. जैसे ही वह पुल या हुक शॉट खेलने की तैयारी में आते हैं, गेंदबाज अचानक फुल लेंथ की गेंद डाल देते हैं. इस बदलाव से अय्यर का संतुलन बिगड़ जाता है और वह गेंद को सही तरीके से नहीं खेल पाते. नतीजा होता है कि अय्यर विकेट गंवा बैठते हैं.

न्यूजीलैंड गेंदबाजों ने कैसे बिछाया जाल?
न्यूजीलैंड के खिलाफ भी ऐसा ही देखने को मिला. माउंट माउंगानुई में मैट हेनरी ने पहली ही गेंद पर उन्हें फुल लेंथ की गेंद डाली, जिस पर अय्यर एलबीडब्ल्यू हो गए. वहीं, ऑकलैंड में एडम मिल्ने की फुल गेंद पर वह पहले ही बड़ा शॉट खेलने के लिए तैयार हुए और गेंद सीधे उनके स्टंप पर जा लगी. यानी विकेट भले ही शॉर्ट बॉल पर नहीं आउट हो रहे, लेकिन उसकी वजह से बनने वाला दबाव अय्यर को मुश्किल में डाल रहा है.

बदली है बल्लेबाजी, लेकिन पूरी कामयाबी नहीं
अय्यर ने अपनी इस कमजोरी पर काम किया है. पहले वह शॉर्ट गेंद आते ही लेग साइड की तरफ हटकर कट या पुल शॉट खेलने की कोशिश करते थे. अब वह गेंद की लाइन में आने और उसे पुल या हुक करने का प्रयास करते हैं. इसके लिए वह क्रीज में काफी पीछे खड़े होते हैं और गेंद के हिसाब से अपनी पोजिशन बदलते हैं. हालांकि, यह बदलाव अभी तक पूरी तरह सफल नहीं रहा है. कई बार उनका फुटवर्क उतना सहज नहीं दिखता, जितना इस तरह की गेंदों को खेलने के लिए जरूरी होता है. ऐसे में जब गेंदबाज शॉर्ट बॉल के बाद अचानक आगे की लेंथ पर गेंद डालते हैं तो अय्यर को संभलने का मौका नहीं मिलता. विदेशी पिचों पर गेंद में अतिरिक्त उछाल और सीम मूवमेंट होने से उनकी मुश्किल और बढ़ जाती है.

न्यूजीलैंड दौरे पर ऐसे रहे आंकड़े
न्यूजीलैंड दौरे पर अय्यर का प्रदर्शन उनके लिए चिंता का विषय रहा. उन्होंने पांच टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में 126 रन बनाए. इस दौरान उनका औसत 25.20 और स्ट्राइक रेट 151.8 रहा. टी20 सीरीज में कुछ अच्छी पारियां जरूर आईं, लेकिन वह निरंतरता नहीं दिखा सके. वनडे सीरीज में उनका प्रदर्शन इससे भी खराब रहा. चार पारियों में वह सिर्फ 67 रन बना पाए और उनका औसत 16.75 रहा. गौर करने वाली बात यह है कि 2020 में न्यूजीलैंड के पिछले दौरे पर अय्यर ने शानदार बल्लेबाजी की थी. उन्होंने हैमिल्टन में अपना पहला वनडे शतक लगाया था और उस सीरीज में 72.33 की औसत से रन बनाए थे. उस दौरे पर वह भारतीय बल्लेबाजी की बड़ी ताकत बनकर उभरे थे, लेकिन इस बार उनका प्रदर्शन बिल्कुल इसके उलट रहा.

अय्यर को निकालना होगा इसका हल
श्रेयस अय्यर को अपनी आक्रामक बल्लेबाजी छोड़ने की जरूरत नहीं है, लेकिन उन्हें शॉर्ट बॉल और उसके बाद आने वाली फुल लेंथ की गेंद खेलने का हल निकालें होगा. हर शॉर्ट गेंद पर बड़ा हिट लगाने की कोशिश के बजाय इंतजार करके खेलना उनके लिए फायदेमंद हो सकता है. अय्यर की सबसे बड़ी ताकत उनका आक्रामक अंदाज में खेलना ही है. वह दबाव में भी विरोधी टीम पर पलटवार करने से कतराते नहीं हैं. यही वजह है कि भारतीय परिस्थितियों में वह बेहद खतरनाक बल्लेबाज साबित होते हैं. हालांकि, अय्यर को विदेशी पिचों पर इसी तरह का प्रदर्शन करना होगा. अगर वह इस समस्या का हल निकाल लेते हैं तो विदेशी जमीन पर भी उनका बल्ला फिर से उसी अंदाज में बोल सकता है, जिसके लिए वह जाने जाते हैं.



Source link