QUAD Meeting, quad summit: हिंद-प्रशांत क्षेत्र के समुद्री रास्तों की सुरक्षा, वैश्विक व्यापार और बदलते राजनीतिक समीकरणों के बीच दुनिया की नजरें इन दिनों फिलीपींस की राजधानी मनीला पर टिकी हैं. यहां एक तरफ 49वें ASEAN समिट से जुड़ी अहम बैठकें हो रही हैं तो दूसरी तरफ भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के नेता क्वाड के मंच पर एक साथ बैठने जा रहे हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस बैठक में हिस्सा लेने के लिए मनीला पहुंचे हैं. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज भी इस बैठक में शामिल होंगे. मोदी और ट्रंप की मुलाकात की संभावना को लेकर भी चर्चा है लेकिन आखिर क्वाड है क्या, इसकी शुरुआत कब हुई और चार देशों ने मिलकर यह मंच क्यों बनाया? इसके साथ ही मनीला में हो रहा ASEAN Summit क्या है और भारत के लिए इसका क्या महत्व है?
सबसे पहले समझिए QUAD क्या है और इसमें कौन-कौन से देश हैं?
QUAD का पूरा नाम Quadrilateral Security Dialogue है. हिंदी में इसे चतुर्भुजीय सुरक्षा संवाद कहा जाता है. यह भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया का एक अनौपचारिक रणनीतिक मंच है. चारों देश इस पर क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों, खासकर हिंद-प्रशांत क्षेत्र की सुरक्षा, समुद्री सहयोग, व्यापार और तकनीक से जुड़े मामलों पर बातचीत करते हैं.क्वाड का मुख्य विचार एक स्वतंत्र, खुला, समावेशी और सुरक्षित हिंद-प्रशांत क्षेत्र बनाए रखने का है. इसके तहत चारों देश समुद्री सुरक्षा, प्राकृतिक आपदाओं के समय राहत और बचाव, जलवायु परिवर्तन, स्वास्थ्य, नई तकनीक और सप्लाई चेन को मजबूत करने जैसे मुद्दों पर सहयोग करते हैं.क्वाड का उद्देश्य क्षेत्र में शांति, स्थिरता, सहयोग और नियम आधारित व्यवस्था को मजबूत करना है.
QUAD कब और कैसे बना? इसकी शुरुआत 2004 की सुनामी से हुई
क्वाड की कहानी को समझने के लिए दिसंबर 2004 में आई हिंद महासागर की विनाशकारी सुनामी तक जाना होगा. इस प्राकृतिक आपदा के बाद भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया ने राहत और बचाव कार्यों में एक-दूसरे के साथ मिलकर काम किया. चारों देशों ने अंतरराष्ट्रीय राहत प्रयासों को बेहतर तरीके से आगे बढ़ाने के लिए एक कोर ग्रुप बनाया. यही सहयोग आगे चलकर क्वाड की शुरुआती कड़ी बना.इसके बाद मई 2007 में चारों देशों के अधिकारियों की पहली बैठक हुई. उस समय जापान के तत्कालीन प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने इस तरह के रणनीतिक सहयोग को आगे बढ़ाने की पहल की थी. शुरुआत में यह समूह ज्यादा समय तक सक्रिय नहीं रह सका. 2008 में ऑस्ट्रेलिया इससे पीछे हट गया और क्वाड की गतिविधियां लगभग ठहर गईं.करीब एक दशक बाद नवंबर 2017 में भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया ने इस मंच को फिर से सक्रिय किया. इसके बाद चारों देशों के बीच नियमित बैठकें होने लगीं. शुरुआत में अधिकारियों के स्तर पर बातचीत हुई और फिर विदेश मंत्रियों तथा राष्ट्राध्यक्षों के स्तर पर भी बैठकें होने लगीं.
QUAD की बैठकें कब-कब हुईं?
क्वाड का शुरुआती सहयोग 2004 की सुनामी के बाद शुरू हुआ. मई 2007 में अधिकारियों की पहली बैठक हुई, लेकिन 2008 में ऑस्ट्रेलिया के पीछे हटने के बाद यह प्रक्रिया कमजोर पड़ गई. नवंबर 2017 में चारों देशों ने इसे फिर से सक्रिय किया और नियमित बातचीत शुरू हुई.सितंबर 2019 में संयुक्त राष्ट्र महासभा के दौरान न्यूयॉर्क में क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की पहली बैठक हुई. अक्टूबर 2020 में टोक्यो में दूसरी विदेश मंत्री स्तरीय बैठक हुई. फरवरी 2021 में विदेश मंत्रियों ने फोन पर बातचीत की.मार्च 2021 में पहली बार चारों देशों के नेता वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए एक साथ जुड़े. यह क्वाड के लिए एक अहम पड़ाव था क्योंकि इससे बातचीत अधिकारियों और विदेश मंत्रियों के स्तर से आगे बढ़कर शीर्ष नेतृत्व तक पहुंच गई. सितंबर 2021 में चारों देशों के नेताओं की पहली आमने-सामने की बैठक हुई. इसके बाद फरवरी 2022 में विदेश मंत्रियों की चौथी बैठक और मार्च 2022 में नेताओं की वर्चुअल बैठक हुई. मई 2022 में टोक्यो में क्वाड नेताओं का शिखर सम्मेलन आयोजित किया गया.
QUAD ने कोरोना के समय वैक्सीन को लेकर क्या पहल की थी?
क्वाड की भूमिका केवल सुरक्षा और रणनीति तक सीमित नहीं रही है. मार्च 2021 में हुई पहली क्वाड नेताओं की बैठक में कोरोना महामारी से निपटने और वैक्सीन की उपलब्धता बढ़ाने पर भी चर्चा हुई थी. चारों देशों ने वैक्सीन की समान और व्यापक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए सहयोग की योजना पर सहमति जताई थी.इस पहल में चारों देशों के वित्तीय संसाधनों, वैक्सीन निर्माण क्षमता और लॉजिस्टिक नेटवर्क का इस्तेमाल करने की बात थी. जापान, अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया की ओर से वित्तीय सहयोग और भारत की वैक्सीन निर्माण क्षमता को इस योजना का अहम हिस्सा माना गया. भारत की वैक्सीन मैत्री पहल की भी सराहना की गई थी. वैक्सीन मैत्री के तहत भारत ने कई पड़ोसी और दूसरे देशों को कोरोना वैक्सीन उपलब्ध कराई थी.उस बैठक में साइबर सुरक्षा और क्षेत्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दे भी उठे थे. अमेरिका में माइक्रोसॉफ्ट एक्सचेंज और सोलरविंड्स से जुड़े साइबर हमलों के अलावा भारत, जापान और ऑस्ट्रेलिया में साइबर सुरक्षा की चुनौतियों पर चर्चा हुई थी.
मनीला में आज QUAD की बैठक क्यों है खास?
17 नवंबर 2026 को फिलीपींस की राजधानी मनीला में क्वाड देशों के नेताओं की बैठक प्रस्तावित है. इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज शामिल होंगे. यह डोनाल्ड ट्रंप के जनवरी 2025 में दूसरी बार अमेरिकी राष्ट्रपति बनने के बाद क्वाड नेताओं की पहली बैठक होगी. चारों देशों के नेताओं की पिछली बैठक सितंबर 2024 में अमेरिका के डेलावेयर में हुई थी.अमेरिकी प्रशासन की ओर से भी संकेत दिया गया है कि ट्रंप मनीला में क्वाड नेताओं के साथ शांति, समृद्धि और हिंद-प्रशांत क्षेत्र की सुरक्षा से जुड़े साझा हितों पर चर्चा करेंगे.
ASEAN समिट क्या है और इसका आयोजन क्यों होता है?
ASEAN का पूरा नाम Association of Southeast Asian Nations है. हिंदी में इसे दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों का संगठन कहा जाता है. इसकी स्थापना 8 अगस्त 1967 को थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में हुई थी. शुरुआत में इसमें पांच देश- इंडोनेशिया, मलेशिया, फिलीपींस, सिंगापुर और थाईलैंड शामिल थे.समय के साथ इस संगठन का विस्तार हुआ. ब्रुनेई 1984 में, वियतनाम 1995 में, लाओस और म्यांमार 1997 में तथा कंबोडिया 1999 में इसका हिस्सा बने. 26 अक्टूबर 2025 को तिमोर-लेस्ते के शामिल होने के बाद ASEAN के सदस्य देशों की संख्या 11 हो गई.ASEAN का मुख्य उद्देश्य दक्षिण-पूर्व एशिया में आर्थिक विकास, सामाजिक प्रगति, सांस्कृतिक सहयोग और क्षेत्रीय शांति को बढ़ावा देना है. इसके सदस्य देश व्यापार और निवेश बढ़ाने, क्षेत्रीय सुरक्षा मजबूत करने, गरीबी कम करने, आपसी संपर्क बढ़ाने और साझा चुनौतियों से निपटने के लिए मिलकर काम करते हैं. ASEAN Summit इस संगठन की सबसे महत्वपूर्ण बैठक होती है. इसमें सदस्य देशों के राष्ट्राध्यक्ष या सरकार के प्रमुख हिस्सा लेते हैं.
2026 में ASEAN Summit की अध्यक्षता फिलीपींस के पास
साल 2026 में ASEAN की अध्यक्षता फिलीपींस के पास है. वहां के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर इस साल संगठन की बैठकों की मेजबानी कर रहे हैं. फिलीपींस ने 2026 के लिए थीम रखी है- Navigating Our Future, Together यानी मिलकर अपने भविष्य की दिशा तय करना. इस साल 48वां ASEAN समिट 6 से 8 मई 2026 तक फिलीपींस के सेबू में आयोजित हुआ था. इसके बाद 49वां ASEAN समिट और उससे जुड़ी बैठकें 15 से 17 नवंबर तक मेट्रो मनीला में हो रही हैं. इन बैठकों का मुख्य उद्देश्य सदस्य देशों के बीच सहयोग की समीक्षा करना और आने वाले समय के लिए साझा प्राथमिकताएं तय करना है. भारत और ASEAN के बीच व्यापार समझौते यानी ASEAN-India Trade in Goods Agreement (AITIGA) की समीक्षा और उसे बेहतर बनाने का विषय भी अहम है.