बिहार में मकान बनाने के नए नियम, कमरे और किचन का साइज फिक्स, 10 मीटर ऊंचे घर के लिए नक्शा पास कराने से छूट

बिहार में मकान बनाने के नए नियम, कमरे और किचन का साइज फिक्स, 10 मीटर ऊंचे घर के लिए नक्शा पास कराने से छूट


Last Updated:

Bihar house construction new rules: बिहार के शहरी क्षेत्रों में घर बनाने के नियम बदल गए हैं और अब अपना आशियाना बनाना या पुराने घर में बदलाव करना पहले से काफी आसान हो गया है. राज्य सरकार ने भवन निर्माण उपविधि 2026 को मंजूरी देते हुए इसकी आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है. इन नए नियमों के तहत जहां एक तरफ आम लोगों को नक्शा पास कराने के झंझट से बड़ी राहत दी गई है, वहीं दूसरी तरफ घर के कमरों, रसोई और बाथरूम के लिए न्यूनतम मानक भी अनिवार्य कर दिए गए हैं. आइए जानते हैं कि नए नियमों में क्या-क्या बदलाव किए गए हैं, पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िए.

Zoom

बिहार में घर बनाने के नए नियम लागू, 8 फीट से छोटा कमरा नहीं बना सकेंगे, (एआई जेनरेटेड)

पटना. बिहार में अब घर या भवन बनाने के लिए पुराने नियमों का पालन नहीं करना होगा. राज्य सरकार के भवन निर्माण उपविधि (Bihar Building Bylaws 2026) को अधिसूचित करने के साथ ही शहरी क्षेत्रों में मकान बनाने और पुराने भवनों में बदलाव के नियम बदल गए हैं. पुरानी 2014 की उपविधि अब खत्म होने के बाद नई व्यवस्था में जहां छोटे मकान बनाने वालों को नक्शा स्वीकृति की प्रक्रिया से राहत दी गई है, वहीं कमरा, रसोई, बाथरूम और शौचालय के न्यूनतम आकार भी तय कर दिए गए हैं. अब शहरों में नया निर्माण या पुराने मकान में बदलाव इसी नए बायलाज के हिसाब से होगा. राज्य सरकार का कहना है कि इसका उद्देश्य प्रक्रिया को तेज, पारदर्शी और लोगों के लिए आसान बनाना है.

10 मीटर तक ऊंचे मकानों के लिए नक्शा स्वीकृति खत्म

नई नियमावली में छोटे और मध्यम आकार के घर बनाने वालों को बड़ी सौगात मिली है. अब 10 मीटर या उससे कम ऊंचाई वाले भवनों के निर्माण के लिए नगर निकाय या विकास प्राधिकरण से नक्शा पास कराने की जरूरत नहीं होगी. इससे ऊंचे भवनों के लिए वास्तुविद से नक्शा तैयार करवाकर विभाग के ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड करना होगा. आवेदन करने के 30 दिनों के भीतर नक्शे को मंजूरी मिल जाएगी. यदि तय समय में विभाग कोई फैसला नहीं लेता है, तो नक्शा स्वतः स्वीकृत मान लिया जाएगा.

कमरे, किचन और बाथरूम का न्यूनतम आकार तय

सरकार ने घरों में हवा, रोशनी और बेहतर रहन-सहन सुनिश्चित करने के लिए कमरों का साइज तय कर दिया है. अब रहने योग्य किसी भी कमरे की चौड़ाई कम से कम 8 फीट (2.4 मीटर) और ऊंचाई 9 फीट (2.75 मीटर) होनी जरूरी है. इसका कुल क्षेत्रफल कम से कम 97 वर्गफीट होना चाहिए. इसी तरह रसोई घर की चौड़ाई करीब 5.9 फीट और क्षेत्रफल 4.5 वर्ग मीटर तय किया गया है. स्टोर रूम के लिए लगभग 32.3 वर्गफीट जगह रखनी होगी. स्नानघर के लिए 19.38 वर्गफीट और शौचालय के लिए 12.92 वर्गफीट का मानक तय हुआ है. यदि टॉयलेट और बाथरूम एक साथ बनाए जाते हैं, तो कम से कम 30.14 वर्गफीट क्षेत्रफल अनिवार्य होगा. इसके अलावा दरवाजे की चौड़ाई कम से कम 3 फीट, चबूतरे की ऊंचाई 0.45 से 0.9 मीटर और छत की मुंडेर की ऊंचाई 1.2 से 1.5 मीटर के बीच रखनी होगी.

         विषय            पहले का नियम            नया नियम
नक्शा स्वीकृति अनिवार्य कम ऊंचाई वाले भवनों में छूट
रास्ता कम से कम 20 फीट कम से कम 12 फीट
सेटबैक कम से कम 4 फीट छूट दी गई, सुविधा अनुसार
FAR 2 3
फायर एनओसी अनिवार्य नक्शा स्वीकृति में ही समाहित

रास्ता, सेटबैक और फायर एनओसी में भी मिली छूट

नए बाय-लॉज में कई पुरानी और जटिल शर्तों को सरल बनाया गया है. पहले भवन निर्माण के लिए कम से कम 20 फीट चौड़े रास्ते की अनिवार्यता थी, जिसे अब घटाकर 12 फीट कर दिया गया है. लोगों को अपनी सुविधानुसार सेटबैक छोड़ने की छूट मिली है और फ्लोर एरिया रेशियो (FAR) को 2 से बढ़ाकर 3 कर दिया गया है. इसके साथ ही आवासीय और व्यावसायिक भवनों को अलग से फायर एनओसी लेने से भी मुक्ति मिल गई है. हालांकि नक्शा बनाते समय वास्तुविद (आर्किटेक्ट) को अग्निशमन यंत्र, अलार्म, स्प्रिंकलर और पानी के भंडारण जैसे सुरक्षा मानकों का पूरा ध्यान रखना होगा. नियमों के उल्लंघन या जांच में गड़बड़ी पाए जाने पर भवन को सील करने का प्रावधान भी रखा गया है. आवेदक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से निर्धारित शुल्क जमा कर घर बैठे सभी प्रक्रियाएं पूरी कर सकते हैं.



Source link