अब बच्चों की नहीं खरीदनी पड़ेगी महंगी इंसुलिन, नैनीताल के दो अस्पतालों में मुफ्त इलाज की सुविधा

अब बच्चों की नहीं खरीदनी पड़ेगी महंगी इंसुलिन, नैनीताल के दो अस्पतालों में मुफ्त इलाज की सुविधा


नैनीताल: बच्चों और युवाओं में बढ़ते टाइप-1 डायबिटीज के मामलों को देखते हुए नैनीताल स्वास्थ्य विभाग ने एक खास पहल शुरू की है. राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत संचालित ‘गुब्बारा क्लीनिक’ टाइप-1 डायबिटीज से जूझ रहे बच्चों और युवाओं के लिए मददगार साबित हो रही है. इस पहल के माध्यम से मरीजों को न केवल नियमित चिकित्सकीय परामर्श और उपचार मिल रहा है, बल्कि इंसुलिन, ग्लूकोमीटर और ग्लूकोज टेस्ट स्ट्रिप जैसी जरूरी सुविधाएं भी पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं. खास बात यह है कि जिले में अब तक 74 मरीजों की पहचान कर उन्हें उपचार से जोड़ा जा चुका है.

नैनीताल जनपद में नवंबर 2025 में शुरू हुई इस पहल के अंतर्गत दो विशेष क्लीनिक संचालित की जा रही हैं. इनमें जिला चिकित्सालय बीडी पांडे नैनीताल और बेस चिकित्सालय हल्द्वानी शामिल हैं. दोनों अस्पतालों में प्रत्येक मंगलवार को टाइप-1 डायबिटीज से पीड़ित मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श और उपचार की सुविधा दी जाती है. इन क्लीनिकों का उद्देश्य बच्चों और युवाओं में बीमारी की समय पर पहचान करना और उन्हें लगातार उपचार उपलब्ध कराना है, ताकि बीमारी के कारण उनके स्वास्थ्य और सामान्य जीवन पर पड़ने वाले प्रभाव को कम किया जा सके.

74 मरीजों को मिल रहा नियमित उपचार

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने बताया कि टाइप-1 डायबिटीज की समस्या कम उम्र के बच्चों से लेकर युवाओं तक में देखने को मिल रही है. सामान्य तौर पर 4 से 6 वर्ष, 10 से 14 वर्ष और 14 से 25 वर्ष की उम्र के लोगों में इसके मामले सामने आ सकते हैं. इस बीमारी में शरीर में इंसुलिन का उत्पादन प्रभावित हो जाता है, जिसके कारण मरीज को नियमित रूप से इंसुलिन लेने की आवश्यकता पड़ती है. उन्होंने बताया कि जिले के आठ ब्लॉकों में अब तक 74 मरीजों की पहचान की गई है. इनमें 1 से 10 वर्ष की उम्र के 10 बच्चे, 10 से 20 वर्ष के 22 मरीज और 20 से 50 वर्ष की उम्र के 42 मरीज शामिल हैं. सभी मरीजों को स्वास्थ्य विभाग की ओर से उपचार और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं.

इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज

डॉ. रश्मि पंत के अनुसार, टाइप-1 डायबिटीज के शुरुआती लक्षणों को अक्सर लोग सामान्य कमजोरी या दूसरी स्वास्थ्य समस्याएं समझकर नजरअंदाज कर देते हैं. बार-बार पेशाब आना, अत्यधिक प्यास लगना, कमजोरी, थकान, चक्कर आना, चिड़चिड़ापन, घबराहट और पढ़ाई में मन न लगना इसके संभावित लक्षण हो सकते हैं. कुछ बच्चों में भूख और खाने की आदतों में भी बदलाव देखने को मिल सकता है. ऐसे लक्षण दिखाई देने पर अभिभावकों को देरी किए बिना बच्चे की चिकित्सकीय जांच करानी चाहिए. समय पर बीमारी की पहचान होने से उपचार शुरू करने और जटिलताओं से बचाव में मदद मिल सकती है.

स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में भी हो रही स्क्रीनिंग

स्वास्थ्य विभाग की टीमें बच्चों में बीमारी की पहचान के लिए स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों तक पहुंच रही हैं. यहां स्क्रीनिंग के माध्यम से संभावित मरीजों को चिह्नित कर आगे की जांच और उपचार के लिए अस्पताल भेजा जाता है. इस पहल का लाभ शहरी क्षेत्रों के साथ ग्रामीण इलाकों में रहने वाले बच्चों और युवाओं को भी मिल रहा है. जिले में केवल टाइप-1 डायबिटीज ही नहीं, बल्कि मधुमेह की सामान्य रोकथाम और समय पर पहचान के लिए भी अभियान चलाया जा रहा है. अप्रैल 2026 से अब तक जनपद में 1,66,833 लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है, जबकि 11,774 मरीज उपचाराधीन हैं.

30 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों की नियमित जांच

आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में 30 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों की नियमित जांच की जा रही है. वहीं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने लोगों से अपील की है कि वे मधुमेह के लक्षणों को नजरअंदाज न करें और समय-समय पर अपनी जांच कराएं. टाइप-1 डायबिटीज से पीड़ित बच्चों और युवाओं के अभिभावक प्रत्येक मंगलवार को जिला चिकित्सालय बीडी पांडे नैनीताल या बेस चिकित्सालय हल्द्वानी में पहुंचकर चिकित्सकीय परामर्श ले सकते हैं. दोनों केंद्रों पर इंसुलिन, ग्लूकोमीटर और ग्लूकोज टेस्ट स्ट्रिप निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं.



Source link