कुलगाम हमला: नहीं बचेगा लश्कर कमांडर लतीफ भट, CCTV में कैद हर मूवमेंट
Last Updated:
Kulgam Attack: कुलगाम के ख्रेवन चद्दर का रहने वाला लतीफ अहमद भट सुरक्षा एजेंसियों की नजर में मौजूद इकलौता सक्रिय आतंकवादी है. पुलिस को शक था कि हमले के पीछे उसी का हाथ है. सीसीटीवी फुटेज से उसकी पुष्टि भी हो गई है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या भट, पीर पंजाल की पहाड़ियों (जो दक्षिण कश्मीर को जम्मू क्षेत्र से जोड़ती हैं) में सक्रिय लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के गुट में शामिल हो गया है, या फिर उसने स्थानीय लोगों को अपने साथ जोड़ लिया है.
Kulgam Attack: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के नाके पर हुए हमले से पहले आतंकियों ने कई स्थानों की रेकी की थी. सुरक्षा एजेंसियों को इस संबंध में सीसीटीवी फुटेज हाथ लगे हैं, जिनमें लश्कर-ए-तैयबा (LeT) का कमांडर लतीफ भट और उसका सहयोगी उमर निसार डार अलग-अलग स्थानों पर घूमते और संदिग्ध गतिविधियों को अंजाम देते दिखाई दे रहा है. जांच में सामने आया है कि दोनों ने 10 नवंबर को कई इलाकों में घूमकर सुरक्षा बलों को निशाना बनाने की साजिश रची थी. इसके अगले दिन 11 नवंबर को उन्होंने अखरन इलाके में CRPF के नाके पर हमला किया था.
सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, 10 नवंबर को उमर निसार डार और लश्कर/द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) का कमांडर लतीफ भट ने मीर बाजार, अखरन, हबलिश और कुलगाम के किलम सहित कई स्थानों का दौरा किया था. इस दौरान उन्होंने सुरक्षा बलों की तैनाती और संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई थी. जांचकर्ताओं का मानना है कि इन स्थानों की रेकी का मकसद सुरक्षा बलों पर हमले के लिए उपयुक्त जगहों की पहचान करना था. इसके अगले दिन यानी 11 नवंबर को दोनों ने अखरन में CRPF के नाके को निशाना बनाया और हमले के बाद मौके से फरार हो गए. यह वही स्थान बताया जा रहा है, जहां CRPF के जवानों पर हमला किया गया था.
सीसीटीवी फुटेज से खुला आतंकियों की गतिविधियों का राज
जांच के दौरान सुरक्षा एजेंसियों ने 10 और 11 नवंबर की सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया. इसमें उमर निसार डार और लतीफ भट कई स्थानों पर लगे कैमरों में कैद मिले. फुटेज में दोनों की रेकी के दौरान आवाजाही के साथ-साथ हमले के बाद मौके से भागने की गतिविधियां भी दर्ज हुई हैं. इन फुटेज को जांच में अहम साक्ष्य माना जा रहा है. जांच में यह भी सामने आया कि उमर निसार डार के लापता होने के बाद उसके परिवार ने कुलगाम पुलिस थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. हालांकि, मामले की जांच आगे बढ़ने पर सुरक्षा एजेंसियों को पता चला कि उमर पिछले पांच से छह महीनों से लश्कर कमांडर लतीफ भट को अपने यहां पनाह और अन्य तरह की सहायता मुहैया करा रहा था. जांच एजेंसियों के अनुसार, अखरन में CRPF नाके पर हमले के तुरंत बाद उमर निसार डार TRF में शामिल हो गया था. इससे उसके आतंकी गतिविधियों में शामिल होने और लश्कर कमांडर के साथ उसके संबंधों की पुष्टि हुई.
उमर निसार डार मारा गया
हमले के बाद फरार हुए उमर निसार डार और लतीफ भट को लारू इलाके में सुरक्षा बलों ने रोक लिया. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें उमर निसार डार मारा गया. वहीं, लश्कर कमांडर लतीफ भट सुरक्षा बलों को चकमा देकर निकलने में सफल रहा. सुरक्षा एजेंसियों ने लतीफ भट की तलाश में अभियान तेज कर दिया है. इलाके में उसकी संभावित मौजूदगी को देखते हुए तलाशी अभियान जारी है. जांच एजेंसियां सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हमले की पूरी साजिश, दोनों आतंकियों के संपर्कों और उन्हें मिल रही मदद की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हैं.
खबरें पढ़ने का बेहतरीन अनुभव
QR स्कैन करें, डाउनलोड करें News18 ऐप या वेबसाइट पर जारी रखने के लिए यहां क्लिक करें

login