Last Updated:
भोजपुरी सिनेमा की मशहूर एक्ट्रेस अक्षरा सिंह ने छठ पूजा करने को लेकर हो रही ट्रोलिंग पर अपनी चुप्पी तोड़ी है. हाल ही में छठ महापर्व के दौरान अक्षरा के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे. इन वीडियो में वह पानी में खड़ी होकर सूर्य को अर्घ्य देती और मांग में नारंगी सिंदूर लगाए नजर आई थीं. इसके बाद कई सोशल मीडिया यूजर्स ने उनके कुंवारे होने पर सवाल उठाए और इसे पब्लिसिटी स्टंट बताया था.
अक्षरा सिंह ने छठ की झलकियां सोशल मीडिया पर शेयर कीं. फोटो साभार-@singhakshara/Instagram
नई दिल्ली. भोजपुरी एक्ट्रेस अक्षरा सिंह इन दिनों छठ पूजा को लेकर चर्चा में हैं. उन्होंने पूरे भक्ति भाव से छठी मैया की पूजा की और सूर्य देव को अर्घ्य दिया. इस दौरान उनकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुए. लेकिन, उनकी आस्था की तारीफ करने के बजाय कुछ लोगों ने सवाल उठाने शुरू कर दिए. किसी ने उनके अविवाहित होने पर तंज कसा तो किसी ने इसे पब्लिसिटी स्टंट बता दिया. अब अक्षरा ने ऐसे लोगों को करारा जवाब दिया है. उन्होंने सवाल उठाया कि जब कुंवारे लड़के छठ पूजा कर सकते हैं, तो लड़कियों पर सवाल क्यों उठाए जाते हैं?
ट्रोलिंग से परेशान अक्षरा सिंह ने सोमवार शाम यानी 16 नवंबर को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक लंबा नोट लिखा. उन्होंने समाज के डबल स्टैंडर्ड सोच पर सवाल खड़े किए हैं.
डबल स्टैंडर्ड सोच पर उठाया सवाल
अक्षरा सिंह सवाल उठाते हुए लिखा, ‘मैंने छठी मैया को अर्घ्य दिया और कुछ लोगों ने मेरे ब्याह की चिंता का अर्घ्य दे दिया. एक सवाल मेरा भी है… अगर कुंवारा लड़का छठ कर सकता है तो कुंवारी लड़की क्यों नहीं? कोई तर्क है तो बताइए, मैं जरूर सुनूंगी.’
छठ पूजा करने पर ट्रोल अक्षरा सिंह हुईं तो दिया करारा जवाब.
आस्था पर किसी के सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं
अक्षरा ने आगे कहा कि उन्हें यह देखकर दुख होता है कि छठ जैसे पवित्र महापर्व को भी लोग किसी की आस्था पर सवाल उठाने का जरिया बना लेते हैं. उन्होंने ट्रोल्स को करारा जवाब देते हुए साफ किया कि उनकी आस्था उनके और छठी मैया के बीच का मामला है. इसके लिए उन्हें किसी की मंजूरी या सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं है.
वर्कफ्रंट पर अक्षरा सिंह
वर्कफ्रंट की बात करें तो अक्षरा सिंह हाल ही में बॉलीवुड फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ के गाने ‘घिस घिस घिस’ में अक्षय कुमार के साथ स्पेशल अपीयरेंस में नजर आई थीं. इस मल्टी-स्टारर फिल्म में अक्षय कुमार के अलावा सुनील शेट्टी, जैकी श्रॉफ, परेश रावल, अरशद वारसी, रवीना टंडन, जैकलीन फर्नांडीज और दिशा पाटनी जैसे कई बड़े कलाकार शामिल हैं.