Last Updated:
Pushkar Mela Rajasthan Unique Cows: पुष्कर मेले में इस बार ऊंट-घोड़ों के साथ छोटी नस्ल की गायें भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं. मेले में 14 इंच की पुंगनूर, मिनी माउस और विच्चूर नस्ल की गायें देखने के लिए भीड़ जुट रही है. जयपुर के पशुपालक अभिनव तिवारी इन गायों को लेकर पुष्कर पहुंचे हैं. इनमें पुंगनूर गाय की ऊंचाई महज 14 इंच है और यह रोजाना करीब 3 लीटर दूध देती है. वहीं, मिनी माउस नस्ल की गाय 15 से 20 इंच और विच्चूर नस्ल की गाय 25 से 28 इंच तक लंबी होती है. अभिनव के मुताबिक, इन गायों को मेले में बेचने के बजाय लोगों को इनके बारे में जागरूक करने के उद्देश्य से लाया गया है. उनके पास 50 से अधिक गायें हैं. कोई व्यक्ति इन्हें पालने में रुचि दिखाता है तो उसके लिए बुकिंग लेकर फार्म से गाय उपलब्ध कराई जाती है.
अजमेर. अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेले में इस बार ऊंटों और घोड़ों के साथ दुनिया की सबसे छोटी नस्ल की गायें भी पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं. मेले में पुंगनूर, मिनी माउस और विच्चूर नस्ल की गायें पहुंची हैं, जिन्हें देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है. सामान्य गायों के मुकाबले बेहद छोटे आकार वाली इन गायों की खासियत सिर्फ उनकी लंबाई नहीं, बल्कि दूध देने की क्षमता भी है.
इनमें सबसे छोटी पुंगनूर नस्ल की गाय की ऊंचाई महज 14 इंच बताई गई है, जो रोजाना करीब 3 लीटर दूध देती है. वहीं मिनी माउस नस्ल की गाय 15 से 20 इंच तक ऊंची होती है और प्रतिदिन 3 से 5 लीटर दूध देती है. विच्चूर नस्ल की गाय की ऊंचाई 25 से 28 इंच तक होती है और यह रोजाना करीब 5 लीटर दूध देती है.
मेले में पहुंची 14 इंच की पुंगनूर और 20 इंच तक की मिनी माउस
बेचने नहीं लोगों को जागरूक करने लाए गायें
पशुपालक अभिनव तिवारी ने बताया कि वे इन गायों को पुष्कर मेले में बेचने के उद्देश्य से नहीं, बल्कि लोगों को इनकी नस्लों और विशेषताओं के बारे में जागरूक करने के लिए लेकर आए हैं. उनके पास 50 से अधिक गायें हैं. अगर किसी पर्यटक या पशुपालक को इनमें से कोई गाय पसंद आती है तो उसकी बुकिंग ली जाती है. इसके बाद उनके फार्म से गाय उपलब्ध कराई जाती है.
घरों में भी कर सकते हैं पालन
अभिनव तिवारी ने बताया कि इन गायों का छोटा आकार इन्हें घरों में पालने के लिहाज से भी आकर्षक बनाता है. सामान्य गायों की तुलना में इनके लिए कम जगह की जरूरत होती है. यही वजह है कि पशुपालन में रुचि रखने वाले लोग भी इनके बारे में जानकारी ले रहे हैं. पुष्कर मेले में इन छोटी गायों की मौजूदगी ने पशुपालन की विविध नस्लों को देखने और समझने का एक नया अवसर दिया है.