‘छोटे सरकार’ के इलाके में किनके लिए लगे ‘बड़े सरकार’ के नारे? अनंत सिंह की बेटी पर भावनात्मक जवाब

‘छोटे सरकार’ के इलाके में किनके लिए लगे ‘बड़े सरकार’ के नारे? अनंत सिंह की बेटी पर भावनात्मक जवाब


Last Updated:

Anant Singh daughter marriage: मोकामा के छोटे सरकार अनंत सिंह और जेडीयू एमएलसी नीरज कुमार के बीच सियासी अदावत किसी से छिपी नहीं है. एमएलसी चुनाव में अनंत सिंह ने नीरज कुमार का खुलकर विरोध किया था. अब अनंत सिंह की बेटी की शादी को लेकर नीरज कुमार ने ऐसा जवाब दिया है, जिसकी चर्चा हो रही है. वहीं, पंडारक सूर्य मंदिर में नीरज कुमार को चांदी का मुकुट पहनाया गया और बड़े सरकार जिंदाबाद के नारे लगे. पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िए.

Zoom

मोकामा विधायक अनंत सिंह (फाइल फोटो)

पटना. अनंत सिंह की बेटी की शादी में बुलाने और न बुलाने को लेकर छिड़ी चर्चा के बीच जेडीयू एमएलसी नीरज कुमार ने अपने बयान से जवाब दिया है. उन्होंने कहा कि वह सबकी बेटी को आशीर्वाद देते हैं. अनंत सिंह भले ही उनकी बेटी के बारे में गलत बोलें, लेकिन वह उनकी बेटी को भी आशीर्वाद ही देंगे. वहीं, इसी दौरान कुछ ऐसा वाकया हुआ जिसने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींचा. दरअसल, सोमवार को बाढ़ अनुमंडल के पंडारक स्थित पुण्यार्क सूर्य मंदिर में नीरज कुमार का चांदी का मुकुट पहनाकर स्वागत किया गया. इस दौरान समर्थकों ने बड़े सरकार जिंदाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए. यहां एक खास बता दें कि मोकामा और आसपास के इलाके में अनंत सिंह को छोटे सरकार कहा जाता है.

अनंत सिंह की बेटी पर क्या बोले नीरज कुमार?

बता दें कि मोकामा विधायक अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को होनी है. इस शादी को लेकर अनंत सिंह ने सार्वजनिक रूप से कहा था कि वह जेडीयू एमएलसी नीरज कुमार को निमंत्रण नहीं देंगे. इसके बाद जब नीरज कुमार से इस बारे में प्रतिक्रिया पूछी गई तो उन्होंने कहा कि सबकी बेटी को नीरज आशीर्वाद ही देते हैं. उन्होंने कहा कि बेटियां लक्ष्मी का रूप होती हैं और बेटी को भला कौन आशीर्वाद नहीं देता है, वह सबकी बेटी को दिल से ही आशीर्वाद देते हैं. अनंत सिंह भले ही उनकी बेटी के बारे में गलत बोलें, लेकिन वह उनकी बेटी को भी आशीर्वाद ही देंगे.

पंडारक में चांदी का मुकुट, लगे बड़े सरकार के नारे

सोमवार को नीरज कुमार बाढ़ अनुमंडल के पंडारक स्थित पुण्यार्क सूर्य मंदिर पहुंचे थे. यहां उन्होंने पूजा-अर्चना की. जब वे मंदिर से बाहर निकले तो वहां उपस्थित लोगों ने उनका स्वागत और अभिनंदन किया. इस दौरान उन्हें चांदी का मुकुट पहनाया गया. इसी दौरान समर्थकों ने ‘बड़े सरकार’ जिंदाबाद और ‘बड़े सरकार’ की जय के नारे भी लगाए. मालूम हो कि मोकामा क्षेत्र में अनंत सिंह की पहचान छोटे सरकार के रूप में रही है. ऐसे में इसी इलाके में नीरज कुमार के लिए बड़े सरकार के नारे लगना चर्चा का विषय बन गया है. नीरज कुमार और अनंत सिंह से बीच राजनीतिक तल्खी के बीच ‘बड़े सरकार’ के नारे को महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

एमएलसी नीरज कुमार ने पंडारक स्थित सूर्य मंदिर में पूजा अर्चना की. वे जब बाहर निकले तो समर्थकों ने ‘बड़े सरकार’ जिंदाबाद का नारा लगाया.

एमएलसी चुनाव में अनंत सिंह ने किया था विरोध

बता दें कि नीरज कुमार और अनंत सिंह के बीच राजनीतिक टकराव की वजह हालिया विधान परिषद चुनाव भी रहा है. पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में जेडीयू ने नीरज कुमार को उम्मीदवार बनाया था. वहीं, अनंत सिंह ने जन सुराज के प्रत्याशी अनुज कुमार सिंह का समर्थन किया था. उन्होंने खुले तौर पर नीरज कुमार का विरोध किया था, लेकिन इसके बाद भी नीरज कुमार चुनाव जीतने में सफल रहे. इस घटनाक्रम के बाद जेडीयू ने अनंत सिंह को पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है.

छोटे सरकार के इलाके में बड़े सरकार की चर्चा

इन सबके बीच अनंत सिंह के प्रभाव वाला इलाका पंडारक में चांदी का मुकुट पहनाकर स्वागत और बड़े सरकार के नारों ने स्थानीय राजनीति में नई चर्चा शुरू कर दी है. एक तरफ अनंत सिंह अपनी बेटी की शादी की तैयारियों में जुटे हैं, वहीं दूसरी तरफ नीरज कुमार का उनके इलाके में इस तरह अभिनंदन हुआ है. अब शादी को लेकर नीरज के बयान और बड़े सरकार के संबोधन, दोनों की चर्चा हो रही है. राजनीतिक जानकार इसे मोकामा-बाढ़ क्षेत्र में वर्चस्व और सियासी समीकरणों को साधने की कवायद मान रहे हैं.



Source link