Last Updated:
Nvidia के पूर्व CEO जेन्सन हुआंग के इस्तीफे के बाद कंपनी में उनकी बेटी मैडिसन हुआंग की भूमिका चर्चा में है. न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, मैडिसन का कंपनी में काफी प्रभाव था और वह वरिष्ठ अधिकारियों के साथ भी सख्ती से पेश आती थीं. दिल्ली में होने वाले एक कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर उनकी कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी जय पुरी से तीखी बहस हुई थी. कर्मचारियों की शिकायतों के बाद उन्हें मैनेजमेंट कोचिंग भी दी गई थी. अब जेनसन की वापसी की कोशिशों और नए नेतृत्व के बीच सवाल है कि Nvidia में मैडिसन का दबदबा आगे कितना कायम रहेगा?
Nvidia के पूर्व CEO जेनसन हुआंग के इस्तीफे के बाद कंपनी में उनकी बेटी मैडिसन हुआंग की भूमिका चर्चा में है.
दुनिया की दिग्गज चिप कंपनी Nvidia में जेन्सन हुआंग के इस्तीफे के बाद कई निवेशक उन्हें वापस लाने की तैयारी में लगे हुए हैं तो वहीं कंपनी के बोर्ड मेंबर्स इसमें सहमत नहीं नजर आ रहे हैं. अब इसी बीच जेनसन हुआंग की बेटी मैडिसन हुआंग को लेकर भी अब हर तरफ चर्चा हो रही है. कई मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी में मैडिसन का प्रभाव इतना ज्यादा था कि वह सीनियर अधिकारियों के साथ भी सख्ती से पेश आती थीं. दिल्ली में आयोजित होने वाले एक कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर उनकी कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी जय पुरी से तीखी बहस भी हुई थी. अब इस घटना ने Nvidia के अंदर मैडिसन के दबदबे और काम करने के तरीके को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं.
दिल्ली के कार्यक्रम से जुड़ा है पूरा मामला
जेनसेन हुआंग अपने करीबी सहयोगियों के साथ एक बार फिर कंपनी की कमान संभालने की संभावना पर विचार कर रहे हैं.
अमेरिकी अखबार द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, फरवरी 2026 में नई दिल्ली में आयोजित होने वाले एक सम्मेलन में Nvidia के CEO जेनसन हुआंग को स्पीकर के तौर पर शामिल होना था. हालांकि, कार्यक्रम से कुछ समय पहले जेन्सन हुआंग ने इसमें शामिल होने से मना कर दिया. उन्होंने अपनी जगह कंपनी के लंबे समय से जुड़े सीनियर अधिकारी जय पुरी को भेजने का फैसला किया.
लेकिन कार्यक्रम की तैयारियां पूरी नहीं होने से मैडिसन हुआंग नाराज हो गईं. रिपोर्ट के मुताबिक, कार्यक्रम से पहले हुई एक ऑनलाइन मीटिंग में उन्होंने कंपनी के दूसरे कर्मचारियों के साथ जय पुरी को भी तैयारी में कमी के लिए जमकर फटकार लगाई. न्यू यॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, मैडिसन के लगातार नाराज होने पर जय पुरी ने उन्हें बीच में रोक दिया. उन्होंने कहा कि अगर मैडिसन उन पर चिल्लाना बंद करें तो वह उनके सवालों का जवाब दे सकते हैं. इस घटना के करीब छह महीने बाद जय पुरी ने Nvidia में अपनी भूमिका छोड़ दी. अब कंपनी में मैडिसन के व्यवहार और उनके प्रभाव को लेकर चर्चाएं तेज होती हुई नजर आ रही है.
Nvidia में था काफी दबदबा
इन सभी हाई-प्रोफाइल मामलों से एक बात साफ है कि पर्सनल लाइफ में एक छोटी सी लापरवाही या अनैतिक कदम केवल पारिवारिक विघटन तक सीमित नहीं रहता. (Photo : Reuters)
रिपोर्ट के मुताबिक, 35 साल की मैडिसन हुआंग कंपनी में सीनियर डायरेक्टर ऑफ प्रोडक्ट मार्केटिंग के पद पर थीं. हालांकि, उनका प्रभाव सिर्फ इस पद तक सीमित नहीं था. वह अपने पिता जेनसन हुआंग की चीफ ऑफ स्टाफ जैसी भूमिका निभा रही थीं. कंपनी के मौजूदा और पूर्व कर्मचारियों के मुताबिक, मैडिसन का कंपनी के कई अहम फैसलों में दखल था. वह वरिष्ठ अधिकारियों के साथ होने वाली बैठकों में शामिल होती थीं. इतना ही नहीं, कंपनी के बोर्ड के सामने प्रेजेंटेशन देने और जेन्सन हुआंग की सार्वजनिक छवि को बेहतर बनाने में भी उनकी अहम भूमिका थी. कई कर्मचारियों का आरोप था कि मैडिसन अपने पद और प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए दूसरे अधिकारियों के साथ सख्ती से पेश आती थीं. कुछ वरिष्ठ अधिकारी भी उनके व्यवहार से परेशान थे.
कर्मचारियों की शिकायत पर करानी पड़ी कोचिंग
न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट में ये भी दावा किया गया है कि मैडिसन के काम करने के तरीके को लेकर कंपनी के भीतर कई शिकायतें सामने आई थीं. कर्मचारियों ने उनके व्यवहार को लेकर HR से भी शिकायत की थी. इसके बाद कंपनी के HR विभाग ने उनके लिए कई महीनों तक हर हफ्ते मैनेजमेंट स्टाइल से जुड़ी कोचिंग की व्यवस्था की. रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले तीन वर्षों में एक दर्जन से ज्यादा अहम अधिकारियों ने मैडिसन के साथ काम करने में परेशानी के कारण कंपनी छोड़ दी थी. हालांकि, मैडिसन की भूमिका को लेकर कंपनी में अलग-अलग राय रही है. कुछ लोगों के मुताबिक, वह अपने पिता के भरोसेमंद लोगों में शामिल थी और कंपनी के कई अहम काम संभालती रही है.
पिता के जाने के बाद मैडिसन के भविष्य पर सवाल
जेन्सन हुआंग के इस्तीफे के बाद अब Nvidia की अंतरिम CEO कोलेट क्रेस के सामने एक बड़ी चुनौती है. उन्हें यह तय करना होगा कि कंपनी में मैडिसन हुआंग की भूमिका और अधिकार आगे कितने रहेंगे. इसके अलावा, जेन्सन हुआंग के बेटे स्पेंसर हुआंग और दामाद निको कैप्रेज भी कंपनी में अहम पदों पर काम कर रहे हैं. ऐसे में परिवार के सदस्यों की भूमिका को लेकर भी फैसले लेने होंगे.
रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी के कुछ वरिष्ठ अधिकारियों को चिंता है कि मैडिसन की निष्ठा कंपनी के बजाय अपने पिता के प्रति ज्यादा हो सकती है. यह चिंता उस समय और बढ़ गई जब जेनसन के करीबी लोगों ने उन्हें दोबारा CEO बनाने की कोशिशें शुरू कर दीं. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी उनकी वापसी पर आपत्ति नहीं होने की बात कही है. अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि जेन्सन हुआंग के जाने के बाद Nvidia में उनके परिवार का प्रभाव कितना बना रहेगा और नई अंतरिम CEO कोलेट क्रेस से उनका किस तरह का रुख देखने को मिलेगा.