बनासकांठा में दो गुटों में हिंसक टकराव, लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला
Last Updated:
Gujarat News: गुजरात के बनासकांठा जिले में एक मामूली से बात को लेकर दो गुट आमने-सामने आ गए. दोनों तरफ से एक-दूसरे पर लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से अटैक किया गया. पत्थरबाजी से मौके पर अफरातरफरी मच गई.
गुजरात के बनासकांठा में दो समुदायों के बीच झड़प हो गई.
Gujarat News: बनासकांठा जिले की वडगाम तहसील के तेनीवाड़ा गांव में दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प और पथराव की घटना सामने आई है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक बाइक चालक द्वारा ट्रैक्टर को ओवरटेक करने के दौरान ट्रैक्टर की ट्रॉली बाइक के सामने आ जाने से विवाद शुरू हुआ, जिसने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया. हिंसक टकराव से मौके पर अफरातफरी का माहौल हो गया.
इस दौरान दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से मारपीट हुई तथा छतों से भी जमकर पत्थर फेंके गए, जिसके वीडियो भी सामने आए हैं. वीडियो में दोनों समुदायों के वरिष्ठ लोग समझाते और शांति बनाए रखने की अपील करते नजर आए, लेकिन इसके बावजूद कुछ उपद्रवी तत्व लगातार पथराव करते रहे और हथियारों, लाठी-डंडों व कुल्हाड़ी के साथ एक-दूसरे पर टूट पड़े, यहां तक कि छतों से भी जमकर पत्थर फेंके गए.
10 लोग घायल
इस हिंसक संघर्ष में कुल 10 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें 108 एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया. घायलो में से 8 घायलों को पालनपुर सिविल अस्पताल और 2 को सिद्धपुर में भर्ती कराया गया है. घटना की सूचना मिलते ही छापी पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है.
गांधीनगर में भी हो चुकी है हिंसा
इससे पहले पिछले साल गुजरात की राजधानी गांधीनगर के देहगाम तालुका में स्थित बहियाल गांव से एक बड़ी खबर सामने आई थी. दो समुदायों के बीच सोशल मीडिया पर एक स्टेटस को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया था. इस घटना ने पूरे गांव में तनाव और भय का माहौल पैदा कर दिया. उस दौरान भी उपद्रवियों ने जमकर पथराव, आगजनी और तोड़फोड़ की थी. इससे गांव में दहशत फैल गई थी.
सोशल मीडिया पोस्ट पर हुआ था विवाद
गांधीनगर में विवाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट को लेकर शुरू हुआ, जिसने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया था. गांव में चल रहे गरबा आयोजन के दौरान पथराव शुरू होने से पंडाल में भगदड़ मच गई थी. भीड़ ने 8 से ज्यादा वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया और एक दुकान में तोड़फोड़ के साथ आगजनी की थी. हालात को काबू करने पहुंची पुलिस पर भी हमला किया गया, जिसमें पुलिस के 2 वाहन क्षतिग्रस्त हो गए.