Last Updated:
Ujjain News: बॉलीवुड अभिनेत्री रवीना टंडन सोमवार रात बेटी राशा और बेटे के साथ बाबा महाकाल के दरबार पहुंचीं. शयन आरती में शामिल होकर उन्होंने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की. दर्शन के बाद अभिनेत्री ने मंदिर की व्यवस्थाओं और भक्तिमय माहौल की सराहना करते हुए कहा कि यहां आकर अद्भुत ऊर्जा मिलती है.
उज्जैन. बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन में फिल्मी सितारों के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है. देशभर में अपनी अलग पहचान रखने वाली बॉलीवुड अभिनेत्री रवीना टंडन सोमवार रात अपने परिवार के साथ भगवान महाकाल के दर्शन करने पहुंचीं. इस दौरान उनके साथ बेटी और अभिनेत्री राशा टंडन के अलावा बेटा भी मौजूद था. शयन आरती में शामिल होकर अभिनेत्री ने बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया. दर्शन के बाद उन्होंने मंदिर की व्यवस्थाओं और यहां के आध्यात्मिक वातावरण की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि महाकाल के दरबार में आने से एक अलग ही ऊर्जा मिलती है.
रवीना टंडन अपनी बेटी राशा और बेटे के साथ महाकाल मंदिर पहुंचीं. मंदिर परिसर में प्रवेश करने के बाद उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और भगवान के सामने शीश नवाया. खास बात यह रही कि इस बार उनके साथ परिवार के दोनों बच्चे मौजूद थे. मंदिर प्रबंध समिति की ओर से सहायक प्रशासनिक अधिकारी आशीष फलवड़िया ने अभिनेत्री और उनके परिवार का स्वागत किया. इस दौरान रवीना और राशा का सम्मान भी किया गया.
बेटे को पहली बार लेकर पहुंचीं, बोलीं- बाबा ने बुलाया है
दर्शन के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए रवीना टंडन ने अपनी खुशी जाहिर की. उन्होंने कहा कि उनके लिए यह बेहद भाग्यशाली दिन है क्योंकि इस बार वह अपने बेटे और बेटी दोनों को साथ लेकर बाबा महाकाल के दरबार में आई हैं. उनकी बेटी पहले भी यहां आ चुकी है और परिवार 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कर चुका है लेकिन इस बार बेटे का साथ आना उनके लिए खास अनुभव है. उन्होंने कहा कि परिवार के अन्य रिश्तेदार और दोस्त भी साथ आए हैं. बाबा ने बुलाया है, तो उनके दरबार में आने से कैसे रुक सकते थे.
आरती और डमरू की गूंज ने बनाया भक्तिमय माहौल
रवीना टंडन ने कहा कि वह बेंगलुरु से मुंबई होते हुए सीधे उज्जैन पहुंचीं और संयोग ऐसा रहा कि शयन आरती के समय ही बाबा के दरबार में हाजिरी लगाने का अवसर मिल गया. उन्होंने आगे कहा कि महाकाल मंदिर में आरती के दौरान डमरू और बड़े ढोल की आवाज से जो वातावरण बनता है, वह अद्भुत है. आरती के समय श्रद्धालुओं के चेहरों पर दिखाई देने वाली खुशी और आनंद को शब्दों में बयां करना मुश्किल है.
मंदिर की व्यवस्थाओं को लेकर की सराहना
अभिनेत्री ने महाकाल मंदिर की व्यवस्थाओं की प्रशंसा करते हुए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और मंदिर प्रबंध समिति का आभार जताया. उन्होंने कहा कि यहां जिस तरह से श्रद्धालुओं को दर्शन और आरती का अवसर मिलता है, वह सराहनीय है. मंदिर में हर बार व्यवस्थाएं अच्छी रहती हैं. महाकाल के दरबार में आने से मन को सुकून और शरीर में नई ऊर्जा का अनुभव होता है. उन्होंने आगे भी बार-बार उज्जैन आने और बाबा महाकाल के दर्शन करने की इच्छा जताई.